जयपुर

Dev Diwali 2023: शिव योग व सर्वार्थसिद्धि योग में आ रही देव दिवाली, कृतिका नक्षत्र का विशेष संयोग, दीपदान लाएगा सुख-समृद्धि

Kartik Purnima 2023: कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को शिव योग, सर्वार्थसिद्धि और कुमार योग के बीच देव दिवाली मनाई जाएगी। इसके साथ ही कृतिका नक्षत्र व वृषभ का चन्द्रमा का विशेष संयोग रहेगा। इस दिन गोविंददेवजी मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में रास पूर्णिमा की विशेष झांकी सजाई जाएगी।

जयपुरNov 26, 2023 / 11:33 am

Girraj Sharma

Dev Diwali 2023: शिव योग व सर्वार्थसिद्धि योग में आ रही देव दिवाली, कृतिका नक्षत्र का विशेष संयोग, दीपदान लाएगा सुख-समृद्धि

जयपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को शिव योग, सर्वार्थसिद्धि और कुमार योग के बीच देव दिवाली मनाई जाएगी। इसके साथ ही कृतिका नक्षत्र व वृषभ का चन्द्रमा का विशेष संयोग रहेगा। इस दिन गोविंददेवजी मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में रास पूर्णिमा की विशेष झांकी सजाई जाएगी। वहीं श्रद्धालु दीपदान करेंगे। गलता तीर्थ में दीपदान और स्नान के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी।

ज्योतिषाचार्य पं. दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर कार्तिक स्नान पूरे होंगे, वहीं भीष्म पंचक व्रत की भी समाप्ति होगी। इस दिन शिव योग, सर्वार्थसिद्धि और कुमार योग रहेगा। शिवयोग रविवार रात 1.36 बजे शुरू होगा, जो सोमवार को रात 11.38 बजे तक रहेगा। वहीं सोमवार को दोपहर 1.35 बजे से सर्वार्थसिद्धि योग शुरू होगा, जबकि दोपहर 2.46 बजे कुमार योग शुरू होगा। इस दिन कृतिका नक्षत्र व वृषभ का चन्द्रमा भी रहेगा। वृषभ का चन्द्रमा उच्च का चन्द्रमा है और कृतिका नक्षत्र में दीपदान व दान—पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। ऐसे में देव दिवाली पर विशेष संयोग बन रहे है।

रास उत्सव की विशेष झांकी के दर्शन
शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में पूर्णिमा के दिन शाम 7.15 बजे से 7.30 बजे तक रास उत्सव की विशेष झांकी सजाई जाएगी। इस दिन ठाकुरजी को सफेद पोशाक धारण करवाकर विशेष अलंकरण धारण करवाए जाएंगे। फूलों से शृंगार किया जाएगा। रास उत्सव की झांकी में खीर का भोग व खीरसा भोग अर्पण किया जाएगा। ठाकुरजी के सामने रास खाट सजाई जाएगी, जिसमें चौसर, शतरंज की झांकी सजाई जाएगी। वहीं दूध, पान इत्र आदि ठाकुरजी की सेवा में अर्पित की जाएगी।

गर्भगृह से बाहर आएंगे ठाकुरजी
चौड़ा रास्ता स्थित मंदिर श्री राधा दामोदरजी में रास की विशेष झांकी सजाई जाएगी। मंदिर महंत मलय गोस्वामी ने बताया कि इस दिन ठाकुर श्री राधा दामोदर जी को निजी गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा, बाहर रास झांकी के दर्शन कराए जाएंगे। इस दिन दीपदान भी होगा।

गलता तीर्थ में दीपदान
गलता तीर्थ में अलसुबह से ही स्नान के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। गलता कुंड में दीपदान के लिए भक्तों में होड़ सी मचेगी। कार्तिक स्नान करने वाले श्रद्धालु गलता स्नान के लिए मंदिर पहुंचेंगे। वहीं गलता तीर्थ में दीपदान करके यहां स्थित मंदिरों में दर्शन और दान—पुण्य करेंगे।

घर—घर होगा दीपदान
देव दिवाली पर मंदिरों के साथ घर—घर भी दीपदान होगा। ज्योतिषाचार्यों की मानें तो देव दिवाली पर दीपदान का विशेष महत्व है। लोग घरों में पांच—पांच दीपक जलाएंगे। इस दिन शहर के मंदिरों में विशेष झांकियां सजेगी। वहीं लोग देव दर्शन को जाएंगे।
यह भी पढ़ें

बैकुंठनाथजी के उमड़ी भीड़, दीपदान व दान-पुण्य की मची होड़, शहरभर से पहुंचे भक्त, हो गया मेले सा माहौल

गलता तीर्थ में जाम
देव दिवाली और बैकुंठ चतुर्दशी पर गलता स्नान का विशेष महत्व होने से यहां मेला सा माहौल है। बैकुंठ चतुर्दशी पर गलता स्नान को बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। इससे गलता मार्ग में लंबा जाम लग गया। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।

Hindi News / Jaipur / Dev Diwali 2023: शिव योग व सर्वार्थसिद्धि योग में आ रही देव दिवाली, कृतिका नक्षत्र का विशेष संयोग, दीपदान लाएगा सुख-समृद्धि

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.