जयपुर

यात्राओं पर वार, भाजपा नेता से ट्विटर पर भिड़े सीएम के ओएसडी, वीडियो ट्वीट करके साधा निशाना

-भाजपा की आक्रोश यात्रा पर जहां कांग्रेस के नेता सवाल खड़े कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर बीजेपी उठा रही है सवाल, भारत जोड़ो यात्रा के लग्जरी कंटेनर पर भाजपा ने उठाए सवाल

जयपुरDec 12, 2022 / 11:44 am

firoz shaifi

जयपुर। प्रदेश में इन दिनों कांग्रेस और भाजपा की ओर से अलग-अलग यात्राएं निकाली जा रही हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से जहां भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में चल रही है तो वहीं गहलोत सरकार के खिलाफ भाजपा की जनाक्रोश यात्रा सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही है। अब यात्राओं को लेकर भाजपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर निशाना साधना से भी नहीं चूक रहे हैं।

ऐसा ही एक ताजा मामला मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा और भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज का सामने आया, जहां पर दोनों नेता यात्राओं को लेकर ट्विटर पर एक दूसरे से भिड़ गए, एक दूसरे की यात्राओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। दरअसल रविवार रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें दिख रहा है कि कई लोग जनाक्रोश यात्रा का रथ खराब होने पर उसे धक्का मारकर स्टार्ट कर रहे हैं। यह वीडियो सिरोही के रेवदर विधानसभा क्षेत्र कब बताया जा रहा है जिस पर ट्वीट करते हुए लोकेश शर्मा ने लिखा कि “जबरदस्ती का जनाक्रोश, चल यार धक्का मार”।


इस पर भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने लोकेश शर्मा को जवाब देते हुए लिखा ‘रथ खराब हो सकता है यह विचित्र बात नहीं है, विचित्र बात यह है कि आप की सरकार धक्के से चल रही है’। लक्ष्मीकांत भारद्वाज के बाद भाजपा के अन्य नेताओं ने भी लोकेश शर्मा को जवाब दिया. इसके बाद लोकेश शर्मा ने भी फिर से पलटवार करते हुए लिखा कि सरकार तो सरपट दौड़ रही है ताजा अनुभव सरदार शहर में हो गए होगा, लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने लिखा कर बस यही बात आप पायलट साहब को नहीं समझा पा रहे हो, वैसे सरदार शहर में जितने वोट आपको आए हैं उससे दुगने आप के खिलाफ पड़े हैं”।

इस पर लोकेश शर्मा ने लिखा कि बीजेपी को 2019 में 37 फ़ीसदी वोट मिला था और 60 फ़ीसदी वोट खिलाफ पड़ा था। इस पर भाजपा नेता लोग लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने ट्वीट करते हुए लिखा कि लोकसभा चुनाव में राजस्थान में भाजपा को 58. 47 फ़ीसदी वोट मिला था वैसे उस चुनाव में जोधपुर के परिणाम का मैं जिक्र नहीं करूंगा।

नड्डा की रैली में कुर्सियां खाली रहने पर भी उठाए थे सवाल
वहीं राजधानी जयपुर में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा की लॉन्चिंग के दौरान आदर्श नगर के दशहरे मैदान पर हुई जेपी नड्डा की रैली में भी कुर्सियां खाली रहने के मामले को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा और कैबिनेट मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने सवाल उठाते हुए बीजेपी पर निशाना साधा था, जिसमें दोनों नेताओं ने कहा था कि जनसभा के आधे से ज्यादा कुर्सियां खाली रह गई जन तो आया नहीं है। जन आक्रोश के नाम पर की गई सभा में ‘जन’ तो है ही नहीं फिर भाषण किसे सुना रहे हैं? अशोक गहलोत सरकार की गुड गवर्नेंस के कामों से सिर्फ बीजेपी का ही ‘आक्रोश’ दिखाई दे रहा है।

भारत जोड़ो यात्रा के लग्जरी कंटेनर पर भाजपा ने उठाए सवाल
इससे पहले भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज सहित कई अन्य भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे लग्जरी कंटेनर पर भी सवाल खड़े किए थे। भाजपा नेताओं ने कंटेनर का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि अगर पैदल चलकर भारत जोड़ा जा रहा है तो यह सैकड़ों कंटेनर क्यों साथ चल रहे हैं। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा में करीब 50 से ज्यादा कंटेनर साथ चल रहे हैं जिसमें राहुल गांधी, पार्टी के अन्य नेता और भारत यात्रियों के रहने और सोने की व्य़वस्था होती है।

वीडियो देखेंः- Rajasthan में Bharat Jodo Yatra का तीसरा दिन | Rahul Gandhi | | Ashok Gehlot | Sachin Pilot | Kota

Hindi News / Jaipur / यात्राओं पर वार, भाजपा नेता से ट्विटर पर भिड़े सीएम के ओएसडी, वीडियो ट्वीट करके साधा निशाना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.