जयपुर

बीजेपी का सचिवालय घेराव, गहलोत सरकार को घेरने की बनाई ये रणनीति

BJP Rajasthan Protest: चुनावी साल में बीजेपी आज भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सचिवालय का घेराव कर रही है। पैदल मार्च के रूप में कार्यकर्ता गहलोत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रवाना होंगे।

जयपुरJun 13, 2023 / 09:13 am

Girraj Sharma

जयपुर। चुनावी साल में बीजेपी आज भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सचिवालय का घेराव करेंगी। इससे पहले सुबह करीब 11 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पर सभा होगी, इसमें प्रदेश प्रभारी से लेकर कार्यकर्ता तक जुटेंगे। वहीं प्रदेश पदाधिकारी गहलोत सरकार पर निशाना साधेंगे। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए सचिवालय के लिए कूच करेंगे। कार्यकर्ताओं को सुबह 10 बजे ही बीजेपी मुख्यालय बुलाया गया।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ की अगुवाई में सचिवालय का घेराव किया जा रहा है। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पुनिया बाहर होने से सचिवालय घेराव में शामिल नहीं हो पाएंगे। इस प्रदर्शन के बाद बीजेपी आगे की रणनीति तय करेगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि भाजपा की ओर से गहलोत सरकार की लचर कानून व्यवस्था, जंगलराज, बढते अपराध और संस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ सचिवालय घेराव किया जाएगा। सुबह दस बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय पर सभी भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगें। उसके बाद कार्यकर्ता गहलोत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सचिवालय घेराव के लिए कूच करेंगे। पैदल मार्च के रूप में कार्यकर्ता सरदार पटेल मार्ग, चौमूं हाउस सर्किल, पृथ्वीराज रोड होते हुए स्टेच्यू सर्किल पहुंचेंगे। शर्मा ने बताया कि सचिवालय घेराव कार्यक्रम में जयपुर के हजारों कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलन्द करेंगे।

चुनावी साल में बीजेपी मुखर
चुनावी साल में बीजेपी नेता प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर मुखर है। केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने के बीच ही कांग्रेस की गहलोत सरकार को घेरने को लेकर भी जुटे गए। आज सचिवालय घेराव में बीजेपी नेताओं ने पार्टी के कार्यकताओं को बड़ी संख्या में लोगों को लाने के निर्देश दिए। पार्टी के पदाधिकारियों के साथ एमएलए, मेयर, पार्षद, पार्षद प्रत्याशियों के साथ मोर्चा के पदाधिकारियों को 100—100 लोगों को लाने का टारगेट दिया गया।

प्रदेशाध्यक्ष समेत पदाधिकारी भी होंगे शामिल
सचिवालय घेराव में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा सहित पार्टी के बड़े नेता भी शामिल हो रहे है। इनके साथ मेयर, डिप्टी मेयर और बीजेपी के पार्षदों के साथ बूथ, मंडल और विधानसभा स्तर के सभी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे है।

Hindi News / Jaipur / बीजेपी का सचिवालय घेराव, गहलोत सरकार को घेरने की बनाई ये रणनीति

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.