जयपुर

Assembly Election 2023: परिसीमन के बाद बदली गणित, Jaipur आदर्श नगर आधा विकसित तो आधे को विकास की दरकार

Assembly Election 2023: आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र राजधानी की चारदीवारी के साथ बाहरी क्षेत्र को समेटे हुए है। 2008 में हुए परिसीमन के बाद यह सीट अस्तित्व में आई थी। पूरा विधानसभा क्षेत्र आज तक विकसित नहीं हो पाया है।

जयपुरOct 30, 2023 / 11:54 am

Girraj Sharma

Assembly Election 2023: परिसीमन के बाद बदली गणित, Jaipur आदर्श नगर आधा विकसित तो आधे को विकास की दरकार

जयपुर। आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र राजधानी की चारदीवारी के साथ बाहरी क्षेत्र को समेटे हुए है। 2008 में हुए परिसीमन के बाद यह सीट अस्तित्व में आई थी। अब तक के चुनावी नतीजों पर नगर डाले तो इस अल्पसंख्यक बाहुल्य सीट पर ज्यादातर जनसंघ और भाजपा का कब्जा रहा है, लेकिन पूरा विधानसभा क्षेत्र आज तक विकसित नहीं हो पाया है। शहर के सबसे नजदीक होने के बाद भी लोग गांवों सा जीवन जी रहे है। विधानसभा क्षेत्र के करीब आधे हिस्से में सीवर लाइन नहीं डली है, कुछ जगहों पर सड़कों की जगह पगडंडिया भी है। लोगों को बीसलपुर का पानी भी नहीं मिल पा रहा है।

विधानसभा क्षेत्र में उत्तर भारत की प्रमुख पीठ गलता धाम के साथ खोले के हनुमानजी मंदिर, तीर्थ क्षेत्र चूलगिरी, अंबा माता मंदिर आमागढ़ सहित कई प्रमुख मंदिर इस क्षेत्र में आस्था के केन्द्र है, जहां देश—दुनिया से नियमित भक्त आते है। वहीं आगरा रोड टनल और घाट की गूणी भी देश—दुनिया में जाना पहचाना नाम है, जो इस विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं। विधानसभा क्षेत्र में हैरिटेज नगर निगम के 25 वार्ड आते है, वहीं विजयपुरा, सुमेल और बगराना ग्राम पंचायत भी शामिल है। वहीं क्षेत्र में जवाहर नगर कच्ची बस्ती सहित आमागढ़ कच्ची बस्ती और वसुंधरा कॉलोनी कच्ची बस्ती जामडोली भी आती है।

परिसीमन के बाद बदली गणित
साल 2008 के परिसीमन से पहले आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा जौहरी बाजार विधानसभा क्षेत्र में आता था। जौहरी बाजार विधानसभा से कालीचरण सराफ वर्ष 1985, 1990, 1993 और 2003 में चार बार विधायक रहे। इस बीच कांग्रेस के तकीउद्दीन अहमद 1980 और 1998 में विधायक बने। जबकि साल 1972 में यहां से सीपीआई के गफ्फार अली खान जीते, वहीं साल 1977 में जनता पार्टी के गुल मोहम्मद यहां से विधायक रहे। लेकिन 2008 में परिसीमन के बाद यहां की गणित बदल गई। आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में परकोटे के साथ शहर का बाहरी हिस्सा और आगरा रोड का बड़ा हिस्सा जुड़ गया। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी यहां 2008 और 2013 में विधायक रहे। 2018 में कांग्रेस प्रत्याशी रफीक खान ने यहां कब्जा जमाया। अब भाजपा को इस क्षेत्र से जीत की तलाश है।

जनता ने गिनाएं क्षेत्र के 5 बड़े मुद्दे, क्या नेताजी देंगे ध्यान
1. विधानसभा क्षेत्र के आधे हिस्से में न सीवरेज लाइन न ड्रेनेज सिस्टम, सड़कों की जगह आज भी पगडंडियों से लोग गुजर रहे। क्षेत्र में सीवर लाइन डले और ड्रेनेज सिस्टम मजबूत हो, साथ ही सड़कें बने तो लोगों केा मिले सुविधा
2. जवाहर नगर बायपास को चौड़ा करने का हर बार बनता प्लान, लेकिन धरातल पर किसी भी सरकार ने नहीं दिखाई रुचि, अब दिनभर रहता जाम
3. विकसित क्षेत्र में 40 साल पुरानी सीवर लाइन आए दिन हो रही जाम, सीवर लाइन का नया जाल विकसित किया जाए
4. सड़क पर घूमते आवारा जानवर, अवैध डेयरियों का बढ़ती संख्या, दिनभर लोग हो रहे परेशान, बाहर शिफ्ट हो अवैध डेयरियां
5. सुरक्षा को लेकर सरकार उठाए कदम, रिहायसी कॉलोनियों व क्षेत्रों लगे सीसीटीवी कैमरे, महिला सुरक्षा पर भी किया जाए फोकस

एक नजर: आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र
आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 63 हजार, 796 मतदाता है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 38 हजार, 997 है, जबकि 1 लाख 24 हजार, 799 महिला मतदाता है। पिछले पांच साल में यहां 21 हजार 638 मतदाता बढ़े हैं। यहां सभी समुदाय के लोग निवास करते है।

आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा
आदर्श नगर, जवाहर नगर, गलता गेट, गोवर्धन पुरी, घाटगेट बाजार, संजय बाजार, ट्रांसपोर्ट नगर, जामड़ोली, आगरा रोढ का उत्तरी भाग, खानियां, आमागढ़, ईदगाह, एमडी रोड सहित कई क्षेत्र शामिल है।

सुरक्षा को लेकर उठाए ठोस कदम
जवाहर नगर निवासी दीपा अग्रवाल कहती है कि आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में जवाहर नगर, जनता कॉलोनी जैसे पोश इलाके भी आते है, लेकिन सड़कों पर आवारा जानवर घूम रहे हैं। अवैध पशु डेयरियां शहर से बाहर शिफ्ट होनी चाहिए। सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। रिहायशी क्षेत्रों में भी कैमरे लगाकर उकनी मॉनिटरिंग की जाए।

ड्रेनेज सिस्टम हो मजबूत
तिलक नगर निवासी दीपक लेडवानी कहते हैं कि आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में 40 साल पुरानी सीवर लाइन है, जो आए दिन जाम हो जाती है। सीवर लाइन बदली जाए। जहां सीवर लाइन नहीं है, वहां सीवरेज डाली जाए। क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम मजबूत होना चाहिए। सफाई की पुख्ता व्यवस्था हो। सरकार को लोगों की मूलभूत सुविधाओं पर फोकस करना चाहिए।

कॉलोनियों के नियमन की दरकार
आगरा रोड निवासी दिनेश दुबे कहते हैं कि आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र का अधिकतर हिस्सा शहर के नजदीक होने के बाद भी अनएप्रुड है, कॉलोनियों का नियमन होना चाहिए। इससे क्षेत्र का विकास हो सके, अभी अधिकतर क्षेत्र में सीवर लाइन ही नहीं है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।

 

यह भी पढ़ें

सफाई कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी बनी गलफांस, Jaipur नगर निगम को ही नहीं मिल रहे कर्मचारी

क्षेत्र का विकास हो
जामड़ोली निवासी बद्रीनारायण मीना ने बताया कि क्षेत्र को बसे कई साल हो गए, लेकिन कॉलोनियों में अभी तक सड़कें ही नहीं है। नालियों का निर्माण हो तो पानी निकासी हो सके। बीसलपुर का पानी सभी कॉलोनियों में मिले। रोड लाइट नहीं होने से कॉलोनियों में अंधेरा रहता है।

Hindi News / Jaipur / Assembly Election 2023: परिसीमन के बाद बदली गणित, Jaipur आदर्श नगर आधा विकसित तो आधे को विकास की दरकार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.