जयपुर

हरियाणा के बाद, अब राजस्थान में मचेगी चुनावी धूम, सात सीटों पर उपचुनाव, राजनीतिक हलचल तेज

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने झूठ और लूट की दुकान खोल रखी है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस राज में जमीन, आकाश और पाताल में घोटाले हुए।

जयपुरOct 04, 2024 / 10:57 am

rajesh dixit

जयपुर. हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार गुरुवार को थमने के साथ ही अब राजस्थान में विधानसभा की सात सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होगी। पिछले कई दिनों से प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा नेता हरियाणा में चुनावी दौरे पर होने से राजनीतिक हलचल थमी हुई थी, लेकिन प्रचार थमने के बाद नेता लौट आए हैं।
प्रदेश कांग्रेस के नेता हरियाणा में चुनावी रणनीति और प्रचार में व्यस्त रहे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को वरिष्ठ पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी हुई है। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अलावा सांसद-विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनावी रैलियों और सभाओं में व्यस्त थे। उधर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा भाजपा नेता सतीश पूनिया, राजेन्द्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी सहित कई नेता लगातार दौरे कर रहे थे। पूनिया हरियाणा प्रदेश भाजपा के प्रभारी भी हैं।
यह भी पढ़े : बल्ले-बल्ले : फिर आई खुशखबरी, 5 अक्टूबर को राजस्थान रोडवेज में फ्री यात्रा की मिली सौगात

भाजपा ने पिछले दस वर्ष में सिर्फ सब्जबाग दिखाए: टीकाराम जूली

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरुवार को हरियाणा में प्रचार के अंतिम दिन सभाएं की। वे महेंद्रगढ़ में राहुल गांधी की विजय संकल्प यात्रा में शामिल हुए। जूली ने कहा कि यह चुनाव प्रदेश में सकारात्मक बदलाव के साथ आम जनता की उन्नति के नए मार्ग प्रशस्त करेगा। अब जनता प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने को आतुर है। उधर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रोहतक में जनसभा की।
कांग्रेस राज में जमीन, आकाश और पाताल में हुए घोटाले: मुख्यमंत्री

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी जनता से किए घोषणा पत्र के वादों को पूरा नहीं किया। कांग्रेस की फितरत रही है कि वह हमेशा चुनावों में जनता को सपने दिखाती है। सीएम गुरुवार को हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने झूठ और लूट की दुकान खोल रखी है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस राज में जमीन, आकाश और पाताल में घोटाले हुए। हरियाणा की जनता को यह सब आज भी याद है।
यह भी पढ़े : Free Travel…बल्ले-बल्ले : 22, 23 व 24 अक्टूबर को राजस्थान सरकार देगी रोडवेज बसों में फ्री सफर की सौगात !

Hindi News / Jaipur / हरियाणा के बाद, अब राजस्थान में मचेगी चुनावी धूम, सात सीटों पर उपचुनाव, राजनीतिक हलचल तेज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.