जबलपुर

Rainfall Alert : मानसूनी बादलों की बेरुखी, न गरज रहे न बरस रहे – देखें वीडियो

Rainfall Alert : मानसूनी बादलों की बेरुखी, न गरज रहे न बरस रहे – देखें वीडियो

जबलपुरJul 04, 2024 / 02:46 pm

Lalit kostha

Rainfall Alert

जबलपुर. जिले में मानसून मजबूती से सक्रिय है। लेकिन अब तक वैसी झमाझम वर्षा नहीं हुई है, जैसी आसपास के जिलों में हो रही है। बुधवार को भी मौसम विभाग के पूर्वानुमान को झुठलाते हुए दिन भर बादल छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय 3 मौसम प्रणालियों और दक्षिण पश्चिम मानसून के प्रभाव के चलते 15 जुलाई तक बारिश की परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी।
बुधवार को एक और नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने के संकेत मिले हैं। इसके चलते आगामी तीन-चार दिनों में जबलपुर सहित संभाग के जिलों में वर्षा होने की उम्मीद है। 4 जुलाई को जबलपुर जिले में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
3 मौसम प्रणालियों से आ रही नमी

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में 3 मौसम प्रणालियां सक्रिय है। गुजरात के उत्तरी हिस्से पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। असम पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर असम पर बने चक्रवात तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके असर से वातावरण में नमी आ रही है।
सुबह-शाम बूंदाबांदी

बुधवार को सारा दिन वर्षा नहीं हुई। कहीं कहीं बूंदाबांदी हुई। सूर्यदेव सारा दिन बादलों में छिपे रहे। बीते 24 घण्टे में 0.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबलपुर में अब तक सीजन में 8.03 इंच से अधिक वर्षा हुई है। अधिकतम तापमान बुधवार को 31.2 डिग्री सेल्सियस था। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। इसके चलते हवा में ठंडक रही। रात का न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से दो डिग्री कम रहा। गुरुवार को भी तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।

संबंधित विषय:

Hindi News / Jabalpur / Rainfall Alert : मानसूनी बादलों की बेरुखी, न गरज रहे न बरस रहे – देखें वीडियो

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.