scriptइस सप्ताह मेष समेत इन पांच राशियों का मिलाजुला समय, इन उपायों से किस्मत नॉक करेगी गेट | Weekly Horoscope 3rd to 9th July mixed time for five zodiac signs luck | Patrika News
राशिफल

इस सप्ताह मेष समेत इन पांच राशियों का मिलाजुला समय, इन उपायों से किस्मत नॉक करेगी गेट

3 जुलाई से 9 जुलाई के बीच ऐसी रहेगी राशि चक्र की सभी राशियों के लोगों की किस्मत, कुछ उपाय से अनुकूल हो सकता है प्रतिकूल समय।

Jul 01, 2023 / 05:58 pm

Pravin Pandey

horoscope_weekly_latest.jpg

saptahik rashifal aries to pisces

मेष राशि
जुलाई का पहला सप्ताह जल्द ही शुरू होने वाला है। यह सप्ताह मेष राशि के जातकों के लिए चुनौतीपूर्ण है। इन जातकों को 3 जुलाई से नौ जुलाई के बीच निजी जीवन, करियर और कारोबार को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लेने पड़ सकते हैं। हालांकि सूझ-बूझ और शुभचिंतकों की सलाह से चुनौतियों से पार पाया जा सकता है। इस अवधि में मेष राशि के स्टूडेंट्स का मन पढ़ाई लिखाई से उचट सकता है। इसी के साथ घर के वरिष्ठ सदस्य की सेहत मेष राशि वालों को चिंतित करेगी। व्यवसाय से जुड़े मेष राशि के जातकों को इस अवधि में कारोबारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ये और बात है कि सप्ताह के आखिर में समय बदलेगा और कारोबार पटरी पर लौटने लगेगा। सोचे हुए काम भी पूरे होते नजर आएंगे।
कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों की मदद से काम समय से पूरा होगा। भाग्य का साथ भी मिलने लगेगा। मेहनत का फल मिलेगा, कार्यक्षेत्र में नई संभावना बनेगी। योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर सफलता मिलेगी। आर्थिक दृष्टि से समय लाभदायक होगा। फंसा पैसा अप्रत्याशित रूप से मिल जाएगा। जीवनसाथी का साथ मिलेगा। सुखी दांपत्य जीवन का आनंद लेंगे। प्रेम संबंध मजबूत होंगे, लव पार्टनर से नजदीकी बढ़ेगी। सिंगल लोगों की लाइफ में किसी स्पेशल की एंट्री हो सकती है। सेहत की दृष्टि से खान-पान का ख्याल रखना होगा।
उपाय: रोजाना देवी दुर्गा को लाल रंग का पुष्प चढ़ाएं और दुर्गा चालीसा का पाठ करें।

वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों की किस्मत दरवाजे पर दस्तक देने वाली है। इस सप्ताह वृषभ राशि के जातक अपने समय और धन का प्रबंधन कुशलता से कर लेते हैं तो किस्मत घर के भीतर आ जाएगी। इससे वृषभ राशि के जातकों को अप्रत्याशित सफलताएं मिलेंगी। 3 जुलाई से 9 जुलाई के बीच के समय में यदि वृषभ राशि वाले अपने प्रयास और बुद्धि से समस्याओं का समाधान खोज लेते हैं तो सफलता कदम चूमेगी। आर्थिक क्षेत्र में सप्ताह की शुरुआत में अधिक सोच-समझकर निर्णय लेना होगा, जल्दबाजी से बचना होगा। वाहन सावधानी से चलाना होगा। इसके बाद चीजें ठीक होने लगेंगी।
यदि आपकी परिवार के किसी सदस्य से अनबन है तो सप्ताह के मध्य में बातचीत होने लगेगी। 3 जुलाई से नौ जुलाई के बीच भाई-बहनों के साथ मिलकर काम करने की कोशिश करेंगे। करियर-कारोबार को लेकर लेकर नई योजना बना सकते हैं। बेरोजगारों को मनचाही नौकरी मिल सकती है। व्यवसाय को लेकर यात्रा संभव है, यह यात्रा सुखद भी रहेगी। इसका भविष्य में लाभ मिलेगा। सप्ताह के आखिर में भूमि-भवन की खरीद का सपना पूरा हो सकता है। पैतृक संपत्ति पाने की बाधा दूर हो सकती है, प्रेम संबंध मजबूत होंगे। लव लाइफ और दांपत्य जीवन खुशनुमा रहेगा।
उपाय: रोज भगवान शिव को जल चढ़ाएं और रुद्राक्ष की माला से ॐ नमः शिवाय मंत्र का जाप करें। इससे सब अनुकूल होगा।

मिथुन राशि
सेहत को छोड़ दें तो यह सप्ताह मिथुन राशि के जातकों के लिए गुडी-गुडी है। जुलाई के पहले सप्ताह में मिथुन राशि के जातकों के लिए करियर-कारोबार में तरक्की के नए अवसर आएंगे। शुरुआत में इस सिलसिले में यात्रा संभव है। इसको लेकर प्रभावशाली लोगों से संबंध भी बनेंगे, जो भविष्य में भी लाभदायक होंगे। घर में माता-पिता और भाई-बहनों का सहयेाग मिलेगा। घरेलू महिलाओं का अधिकांश समय धार्मिक कार्यों में बीतेगा। मिथुन राशि की कामकाजी महिलाओं का कार्यक्षेत्र और घर-परिवार में मान-सम्मान बढ़ेगा। समाज सेवा में लगे लोगों को सम्मान मिल सकता है। सप्ताह के आखिर में किसी तीर्थ यात्रा पर जाने की संभावना है।
जो छात्र-छात्रा उच्च शिक्षा के लिए प्रयास कर रहे हैं, उनके राह की बाधा दूर हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है, करियर-कारोबार में उन्नति वाला अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है। कोर्ट-कचहरी में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। लव पार्टनर से प्यार मिलेगा। दांपत्य जीवन सुखमय रहेगा। स्वजनों का समर्थन मिलेगा। सेहत संबंधी दिक्कतों को नजरंदाज न करें।
उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री गणेश की पूजा करें, उन्हें दूर्वा चढ़ाएं और गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
ये भी पढ़ेंः जीवन की राहः जो भी कुछ हासिल करने के लिए तैयार है, उसके लिए कुछ भी पाना मुश्किल नहीं


कर्क राशि
3 से नौ जुलाई का समय कर्क राशि के जातकों के लिए शुभता और सौभाग्य लिए है। इस सप्ताह कर्क राशि के लोगों के सोचे काम समय से पूरे होंगे। सप्ताह की शुरुआत में ही शुभ सूचना मिल सकती है। इस सप्ताह भूमि, भवन खरीदने-बेचने की योजना सफल हो सकती है। सौदे में अच्छे लाभ के भी योग हैं। पैतृक संपत्ति भी प्राप्त हो सकती है। पूरे सप्ताह माता-पिता की ओर से विशेष स्नेह और सहयोग मिलेगा। व्यवसाय में आपको लाभ मिलेगा।
कारोबार में बड़ा सौदा हाथ लग सकता है, जिसका भविष्य में अच्छा लाभ मिलेगा। विदेश से जुड़े कारोबार के लिए समय अनुकूल है। नौकरीपेशा लोगों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे। बचत में वृद्धि होगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में घर-परिवार में धार्मिक कार्य हो सकता है। तीर्थ यात्रा भी संभव है, भौतिक सुख-साधन में वृद्धि होगी। प्रेम-प्रसंग के लिए सितारे हरी झंडी दिखा रहे हैं। लव पार्टनर के साथ मतभेद दूर होंगे और नजदीकियां बढ़ेंगी। शादीशुदा लोगों को संतान सुख और सौभाग्य की प्राप्ति हो सकती है।
उपाय: शिवलिंग पर दूध और जल चढ़ाएं, शिव चालीसा का पाठ करें।
सिंह राशि
सिंह राशि के लोगों के लिए भी कर्क राशि वालों की तरह ही यह सप्ताह शुभता लिए हुए है। शुरुआत में ही आपको करियर-कारोबार संबंधित बड़ा अवसर हाथ लग सकता है। भाग्य और कर्म मिलकर मन मांगी मुरीद पूरी करने का योग बना रहे हैं। मित्र और शुभचिंतकों की मदद से सपने साकार होंगे। किसी योजना या कारोबार में फंसा धन वापस मिलेगा। कार्य-व्यवसाय में उन्नति का संकेत है। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के लिए तीन जुलाई से नौ जुलाई का समय बेहद शुभ है। इन्हें इस सप्ताह बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
समाज में लोकप्रियता बढ़ेगी। सप्ताह के मध्य में धार्मिक कार्यों में ज्यादा मन लगेगा। पूजा-पाठ, यज्ञ-अनुष्ठान या धार्मिक यात्रा कर सकते हैं। इस दौरान भौतिक सुख-साधन में वृद्धि होगी। बहुप्रतीक्षित चीज घर में आने से माहौल खुशनुमा रहेगा। लव पार्टनर से सरप्राइज गिफ्ट मिलेगा और लवलाइफ सुखमय होगी। दांपत्य जीवन भी खुशहाल रहेगा। जीवनसाथी के जरिए सुख-सहयोग प्राप्त होगा। सेहत सामान्य रहेगी।
उपाय: रोज भगवान श्री विष्णु और तुलसी की पूजा करें। इस दौरान ॐ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप आपकी सफलता को अधिकतम करेगी।

कन्या राशि
कन्या राशि के जातक यदि जुलाई के इस सप्ताह में अपने समय और ऊर्जा का प्रबंधन करने में सफल हो जाते हैं तो इनकी बल्ले-बल्ले हो जाएगी। इन्हें हर क्षेत्र में मनचाही सफलता मिलेगी और ऐसा करने में असफल रहने पर कामयाबी का इंतजार बढ़ेगा। सप्ताह की शुरुआत में आलस्य से बचें अन्यथा बने-बनाए काम बिगड़ सकते हैं। झूठी गवाही देने या फिर नियम-कानून का उल्लंघन करने से बचें वर्ना परेशान होंगे। सेहत की दृष्टि से यह समय आपके लिए ठीक नहीं है। दिनचर्या और अपना खान-पान का ध्यान रखें। सप्ताह के आखिर में राहत मिल सकती है।
कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। घर-परिवार से शुभ समाचार मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स को सफलता मिलेगी। धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा। प्रेम संबध में मजबूती आएगी। कठिन समय में लव पार्टनर साथ रहेगा। जीवनसाथी के साथ प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा।
उपाय: भगवान शिव को बेलपत्र अथवा शमी का पत्ता चढ़ाएं और ॐ नम: शिवाय मंत्र का रुद्राक्ष की माला से जाप करें।

तुला राशि
तुला राशि के जातकों को इस सप्ताह कई अवसर मिल सकते हैं, इनका लाभ उठाने के लिए सजग रहना चाहिए। पूरे हफ्ते आपका गुडलक काम करेगा। करियर-कारोबार की बाधा दूर होगी। कार्यक्षेत्र में योजना अनुरूप काम करने से सफलता मिलेगी। जीवन में नया करने की कोशिश करेंगे तो इसमें इष्ट-मित्रों की मदद मिलेगी। व्यवसाय के लिए भी यह सप्ताह अनुकूल है। आय में निरंतरता रहेगी, और नौकरीपेशा लोगों की आय के नए स्रोत बनेंगे।
इस समय नौकरी में बदलाव के बारे में सोच रहे हैं तो यह समय बढ़िया है। सप्ताह के आखिर में व्यवसाय के लिए लंबी दूरी की यात्रा हो सकती है। भूमि-भवन की खरीद फरोख्त कर सकते हैं। युवाओं का अधिकांश समय मौज-मस्ती में बीतेगा। तुला राशि वालों की लवलाइफ के लिए समय अच्छा है, दोनों में अच्छी बॉन्डिंग रहेगी। दांपत्य जीवन खुशनुमा रहेगा।
उपाय: रोजाना श्री यंत्र की पूजा करें और श्रीसूक्त का पाठ करें।

वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए तीन जुलाई से 9 जुलाई का समय मिलाजुला है। सप्ताह की शुरुआत में कामों में कुछ बाधा आ सकती है। अपना काम किसी के भरोसे न छोड़ें और न ही अपनी योजना पूरी होने से पहले किसी को बताएं। कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय हो सकते हैं। घर-परिवार के सदस्य की सेहत चिंतित कर सकती है। मौसमी बीमारी को लेकर सतर्क रहें। सप्ताह के बीच के समय में अचानक बड़ा खर्च आने से बजट गड़बड़ा सकता है।
इस समय करियर या कारोबार से जुड़ा फैसला जल्दबाजी या भावना में बहकर न लें। इस राशि के कारोबारियों के सामने कुछ मुश्किल आ सकती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे स्टूडेंट्स को कठिन परिश्रम करना होगा। सप्ताह के अंत में किसी से बहस हो सकती है। प्रेम संबंध में सावधान रहें, लव पार्टनर को समझने का प्रयास करें। जीवनसाथी परछाईं की तरह आपके साथ खड़ा रहेगा।
उपाय: रोज हनुमानजी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें।
ये भी पढ़ेंः सावन में किन-किन वस्तुओं से होता है रुद्राभिषेक, नहीं जानते होंगे दिव्य लाभ


धनु राशि
धनु राशि के जातकों को इस सप्ताह समय और संबंध का विशेष ख्याल रखना होगा। 3 से नौ जुलाई के बीच आलस्य छोड़कर मेहनत करते हैं तो अपेक्षा से अधिक सफलता मिल सकती है वर्ना अवसर खो देंगे। सप्ताह की शुरुआत में थोड़ी अधिक भाग-दौड़ हो सकती है। हालांकि इस दौरान किया परिश्रम और प्रयास सफल होगा। इससे आपका आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ेगा। कारोबार के सिलसिले में की गई यात्रा सुखद और लाभप्रद होगी। धन की आमद के लिहाज से यह समय अनुकूल है। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों की मदद से धन लाभ होगा। विदेश में पढ़ाई या व्यापार के लिए प्रयासरत हैं तो इसके रास्ते की अड़चन दूर होगीं।
प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो अपने बल पर आगे बढ़ेंगे। छोटी-मोटी दिक्कतों को इग्नोर कर दें तो सेहत सामान्य रहेगी। बेवजह तनाव लेने से बचें। इस सप्ताह घरेलू महिलाओं का अधिकांश समय धार्मिक कार्यों में बीतेगा। सप्ताह के अंत में किसी प्रिय व्यक्ति के घर आगमन से खुशियों का माहौल बना रहेगा। लव लाइफ के लिए यह हफ्ता अनुकूल है। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: रोज सूर्यदेव को जल चढ़ाएं और आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।

मकर राशि
3 से नौ जुलाई के बीच मकर राशि वालों को सोच-समझकर काम करना चाहिए। जिनसे धोखा मिलने की आशंका है, उनसे दूर ही रहें। काम में लापरवाही न करें अन्यथा बॉस नाराज हो सकते हैं। काम पूरा में अधिक मेहनत करनी होगी। उच्च शिक्षा की राह में रोड़े आ सकते हैं। आर्थिक मामलों में योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर ही लाभ संभव है। यदि आप पार्टनरशिप में व्यवसाय करते हैं तो चीजों को स्पष्ट करते हुए आगे बढ़ें।
सप्ताह के आखिर में भूमि-भवन से जुड़े विवाद चिंता पैदा करेंगे। मौसमी या पुरानी बीमारी कष्ट दे सकती है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक लाभ कम ही मिलने की संभावना है। आय के मुकाबले खर्च अधिक होने से बजट गड़बड़ा सकता है। प्रेम संबंध मजबूत रखने के लिए पार्टनर के प्रति ईमानदार रहें।
उपाय: रोज भगवान शिव को दूध और जल चढ़ाएं। शिव महिमा स्तोत्र का पाठ करें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों को इस सप्ताह करियर और कारोबार में अच्छे अवसर मिल सकते हैं। इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों का समर्थन मिल सकता है। सप्ताह की शुरुआत में व्यवसाय आदि के लिए लंबी या छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा सुखद होगी। व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है। बाजार में साख बढ़ेगी। आप रोजगार की तलाश में हैं तो शुभ समय दस्तक दे सकता है। सप्ताह के बीच में धार्मिक और सामाजिक कार्यों में व्यस्तता रहेगी। किसी कार्य विशेष के लिए सम्मानित हो सकते हैं।
सप्ताह के आखिर में संतानपक्ष से जुड़ी शुभ सूचना मिल सकती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए शुभ समय है। प्रभावशाली व्यक्ति बड़ी समस्या हल करा सकता है। आला अधिकारियों के साथ अच्छे संबंध बनेंगे। कामकाजी महिलाओं को पद प्रतिष्ठा मिलेगी। घर-परिवार में भी मान-सम्मान बढ़ेगा। यहसमय कुंभ राशि वालों की लव लाइफ के अनुकूल है। किसी को प्रपोज करना चाहते हैं तो बात बन सकती है, पहले से चले आ रहे प्रेम संबंध गहरे होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: रोज भगवान शिव की पूजा करें, रुद्राष्टक का पाठ करें और शनिवार के दिन शनि संबंधी चीजों का दान करें।

मीन राशि
मीन राशि के जातकों को 3 जुलाई से नौ जुलाई के बीच अनचाहे खर्च का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह की शुरुआत में भूमि-भवन से जुड़े विवाद के चलते कोर्ट-कचहरी का चक्कर लगाना पड़ सकता है। इस अवधि में आपकी सेहत चिंता का बढ़ा सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। सप्ताह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र या फिर कारोबार में अपेक्षित सफलता न मिलने से मन खिन्न रह सकता है।
जीवन में कुछ बाधाएं आएंगी, हालांकि धीरे-धीरे ये दूर हो जाएंगी। जीवन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में लव पार्टनर या फिर जीवनसाथी मददगार साबित होगा। कठिनाई के समय आपका ससुराल पक्ष भी साथ खड़ा नजर आएगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो ढिलाई न बरतें क्योंकि कठिन परिश्रम से ही मनचाही सफलता मिलेगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी के साथ तीर्थ यात्रा पर जा सकते हैं।
उपाय: रोज भगवान श्री राम और हनुमानजी की पूजा करें। इसके साथ ही श्री रामरक्षा स्त्रोत का पाठ करें।

Hindi News / Astrology and Spirituality / Horoscope / इस सप्ताह मेष समेत इन पांच राशियों का मिलाजुला समय, इन उपायों से किस्मत नॉक करेगी गेट

ट्रेंडिंग वीडियो