scriptइन 5 राशियों का आने वाला है गुडलक, जानें अगले 30 दिन का भविष्य | October Rashifal 2024 monthly horoscope Good luck coming for kark singh makar kumbh meen know future of next 30 days | Patrika News
राशिफल

इन 5 राशियों का आने वाला है गुडलक, जानें अगले 30 दिन का भविष्य

October Rashifal: अक्टूबर 2024 में आने वाले 30 दिन कर्क, सिंह, मकर, कुंभ और मीन राशियों के लिए गुडलक लिए हुए है। पाल बालाजी ज्योतिष संस्थान जयपुर-जोधपुर के भविष्यवक्ता और कुंडली विश्लेषक डॉ. अनीष व्यास से जानें मेष से मीन तक की राशि के लिए कैसे रहेंगे अगले 30 दिन। इसके लिए पढ़ें अक्टूबर राशिफल 2024 (October Rashifal 2024)

जयपुरOct 01, 2024 / 03:38 pm

Pravin Pandey

October Rashifal 2024

October Rashifal 2024: अक्टूबर मासिक राशिफल 2024

अक्टूबर मेष राशिफल


मेष राशि के लोगों के लिए अक्टूबर का पहला भाग उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। नौकरीपेशा लोगों पर कामकाज का दबाव रहेगा, विरोधी आपके काम में अड़ंगा डालेंगे। मेष राशि के लोगों को इस समय छोटी-मोटी बातों के विवाद में फंसने से बचना चाहिए। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स का मन पढ़ाई में नहीं लगेगा। व्यापारियों को इस दौरान बाजार में मंदी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि यह मंदी अस्थाई रहेगी।
माह के दूसरे सप्ताह में आत्मविश्वास की कमी रह सकती है। इस दौरान आपकी सेहत भी नरम रह सकती है। इसलिए दिनचर्या और खानपान का विशेष ख्याल रखना होगा। रिश्ते-नाते के लिहाज से भी माह के मध्य भाग थोड़ा मुश्किल रहेगा, भाई-बहन या परिजनों से खटपट हो सकती है। बातचीत से मसले को सुलझाने में ही भलाई है। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको इस पूरे माह जोखिम भरे निवेश से तौबा करनी चाहिए अन्यथा आपको फायदे की जगह बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है। धन का लेन-देन बेहद सावधानी से करें।
माह के अंत में अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते हैं, जिसके चलते आपका बजट गड़बड़ा सकता है और उधार भी लेना पड़ सकता है। माह के अंत में किसी धार्मिक या मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। किसी प्रिय व्यक्ति के घर में आने से खुशियों का महौल बना रहेगा। प्रेम संबंध की दृष्टि से अक्तूबर महीने का उत्तरार्ध पूर्वार्ध के मुकाबले ज्यादा शुभ साबित होगा। जीवनसाथी के साथ सुखद पल बिताने का मौका मिलेगा। संतान पक्ष से जुड़ी चिंता दूर हो सकती है और सेहत सामान्य रहेगी।
उपाय: आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।

October Rashifal 2024
अक्टूबर राशिफल 2024

अक्टूबर वृषभ राशिफल

वृषभ राशिफल अक्टूबर के अनुसार वृषभ राशि के लोगों के लिए अक्टूबर का महीना मिलाजुला रहने वाला है। इस माह में आपको कभी अपने काम बनते हुए तो कभी अटकते नजर आएंगे। कुछ ऐसी ही स्थिति आपको रिश्ते-नातों में भी देखने को मिलेगी। अक्टूबर में अपने कामकाज में शार्टकट से बचें वर्ना परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

अक्टूबर के पहले भाग में कामकाज के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा थकान भरी रहेगी, लेकिन नये संबंध और लाभप्रद योजनाओं से जुड़ाव बढ़ाने वाली होगी। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में सेहत बिगड़ सकती है। शारीरिक और मानसिक समस्याएं घेर सकती हैं। वाहन सावधानी से चलाएं वर्ना चोट-चपेट लग सकती है। इस दौरान परिवार विशेष रूप से संतान से जुड़ी कुछ समस्याएं चिंता का विषय बन सकती हैं। व्यापारियों को अपनी साख बनाए रखने के लिए प्रतिस्पर्धियों से कड़ा मुकाबला करना पड़ेगा।
अक्टूबर के मध्य में वृषभ राशि वालों को भाग्य का साथ मिलेगा। शुभचिंतकों के सहयोग से समस्याओं का समाधान खोजने में सफल होंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह समय बेहद शुभ फल देने वाला रहेगा। आपके सीनियर आपके कामकाज से प्रसन्न होकर बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं। अक्टूबर के उत्तरार्ध में अचानक से परिजन या मित्रगण के साथ तीर्थ यात्रा पर जा सकते हैं। यात्रा सुखद साबित होगी। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह समय आपके लिए काफी अनुकूल रहेगी और लव पार्टनर के साथ आपसी विश्वास बढ़ेगा।
उपायः महामृत्युंजय मंत्र का जप करें।

October Rashifal 2024 monthly horoscope Good luck coming for kark singh makr kumbh meen know future of next 30 days
अक्टूबर राशिफल वृषभ राशि

मिथुन राशिफल अक्टूबर

मिथुन राशि के लोगों के लिए अक्टूबर में एक कदम पीछे करने पर दो कदम आगे जाने की संभावना नजर आए तो उन्हें ऐसा करने में बिल्कुल संकोच नहीं करना चाहिए। कार्यक्षेत्र हो या फिर निजी जीवन, आपको इस माह अपने अहंकार को पीछे छोड़कर अपने लाभ पर ध्यान देना चाहिए। नौकरीपेशा लोग यदि कार्यक्षेत्र पर अपने सीनियर और जूनियर से बेहतर तालमेल बनाकर चलते हैं तो उन्हें अच्छे रिजल्ट मिलेंगे। मिथुन राशि के व्यापारी अपनी वाणी, बुद्धि और विवेक की बदौलत मनचाहा लाभ कमाएंगे।

साल का दसवां महीना मिथुन राशि वाले ऐसे लोगों के लिए जो मार्केटिंग, कमीशन, सट्टा-लाटरी आदि से जुड़े काम करते हैं उनके लिए शुभ है। टारगेट ओरिएंटेड काम करने वालों का प्रोजेक्ट समय से पहले पूरा हो सकता है, जिसके चलते उन्हें विशेष रूप से सम्मान मिलेगा। राजनीति से जुड़े लोगों को भी पूर्वार्ध में कोई बड़ा पद या जिम्मेदारी मिल सकती है। अक्टूबर के मध्य में अपने गुस्से और तुनकमिजाज व्यवहार पर काबू रखें। यदि आप लोगों के साथ तालमेल बिठाकर काम करते हैं तो आपको जीवन के हर क्षेत्र में मनचाही सफलता मिलेगी। यह बात करियर के साथ निजी संबंधों पर भी लागू होती है।
अक्टूबर के उत्तरार्ध में आपका अधिक समय स्वजनों के साथ हंसी-खुशी बीतेगा। इस दौरान आप अपनी लवलाइफ को बेहतर तरह से जिएंगे। आपमें रोमांस और साथी के प्रति लगाव होगा। आप अपने वैवाहिक जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। माह के अंत में बेरोजगार लोगों को रोजी-रोजगार मिल सकता है। इस दौरान आपका भूमि-भवन के क्रय-विक्रय का सपना पूरा हो सकता है। खास बात यह कि ऐसे सौदे में आपको मनचाहा लाभ मिलेगा।
उपाय: रुद्राष्टकं का पाठ करें।
October Rashifal 2024
अक्टूबर राशिफल 2024

कर्क मासिक राशिफल अक्टूबर

कर्क मासिक राशिफल के अनुसार अक्टूबर का महीना शुभता और सौभाग्य को लिए है। पहले सप्ताह में कर्क राशि वालों को परिश्रम का पूरा फल मिलेगा। घर और बाहर दोनों जगह लोगों का सहयोग मिलेगा, जिसकी बदौलत सोचे हुए काम को समय पर कर पाने में कामयाब होंगे। नौकरीपेशा लोगों की अतिरिक्त आय के स्रोत बनेंगे।
अक्टूबर का महीना जीवन में तमाम तरह के सकारात्मक बदलाव का आधार बनेगा। बीते महीने जो समस्याएं आपके जीवन में चली आ रहीं थीं, उनमें कमी होती नजर आएंगी। शुभचिंतकों और विशिष्ट व्यक्तियों के सहयोग से आप उनका समाधान निकालने में सफल होंगे। जिस समय आपको भाग्य का पूरा सहयोग मिल रहा हो उस समय आप अपने जरूरी कार्यों को टालने की भूल बिल्कुल न करें। यदि आप इस दौरान किसी कार्य विशेष में सफलता पाने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा लगाते हैं तो सकारत्मक परिणाम मिलेगा।
अक्टूबर 2024 के मध्य का समय रिश्ते-नाते की दृष्टि से अनुकूल रहने वाला है। इस दौरान प्रियजन या करीबी मित्रों से मिला प्यार आपके रिश्ते को मजबूत करेगा। यदि आप किसी के सामने अपने प्रेम का प्रस्ताव रखने की सोच रहे थे तो इस समय आपकी बात बन सकती है। इस दौरान आप अपने लव पार्टनर के साथ हंसी-खुशी पल बिताएंगे तो विवाहित लोगों को अपने जीवनसाथी के साथ सुखद समय बिताने का मौका मिलेगा।
यदि आप पार्टनरशिप में बिजनेस करते हैं तो आपके लिए अक्तूबर महीने का आखिरी भाग अत्यधिक शुभ रहने वाला है। इस दौरान कारोबार को आगे बढ़ाने की योजना साकार रूप लेती हुई नजर आएगी। सेहत की दृष्टि से भी यह समय आपके लिए शुभ रहने वाला है। इस दौरान यदि आप किसी प्रोजेक्ट पर पूरे मनोयोग से जुड़ते हैं तो आपको उसमें अप्रत्याशित सफलता मिल सकती है।
उपाय: विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

Cancer October Rashifal 2024
कर्क राशिफल अक्टूबर 2024

अक्टूबर सिंह राशिफल

अक्टूबर सिंह राशिफल के अनुसार यह महीना सिंह राशि वालों के लिए शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। माह की शुरुआत में सिंह राशि के लोगों को करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा सुखद, लाभप्रद और मनचाही सफलता दिलाने वाली साबित होगी। माह के दूसरे सप्ताह में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों से मुक्ति मिल सकती है। यदि आप बीते कुछ दिनों से किसी बीमारी के कारण शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे तो आपको इस माह के पूर्वार्ध में राहत मिलेगी और स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।
नौकरीपेशा लोगों के लिए भी यह समय शुभ है। ऑफिस में लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेंगे। सीनियर और जूनियर आपकी तारीफ करेंगे। लक्ष्य पूरा होने से आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। अक्टूबर के मध्य में आपका अधिकांश समय धार्मिक-आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों में बीतेगा। इस दौरान आपको किसी संस्था में बड़ा पद मिल सकता है। आपके द्वारा किए गए कार्य के लिए आपको सम्मानित भी किया जा सकता है।
अक्टूबर के मध्य का समय व्यापारियों के लिए गुडलक लिए हुए है। इस दौरान आप पाएंगे कि आर्थिक दृष्टि से समय में सुधार आने लगा है। इस दौरान आपको कारोबार में तेजी से उन्नति होगी। भाग्य का सहयोग मिलने से अब आपका धनागम भी सुचारू रूप से चलता रहेगा। आप अपनी सूझबूझ से बाजार में फंसा धन भी निकालने में सफल हो जाएंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से अक्टूबर सामान्य रहने वाला है। परिवार में भाई-बहनों के साथ सामंजस्य रहेगा और माता-पिता का पूरा आशीर्वाद मिलेगा। प्रेम संबंध मजबूत और वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा।
उपाय: सुंदरकांड का पाठ करें।
October singh Rashifal 2024
अक्टूबर सिंह राशिफल 2024

कन्या मासिक राशिफल अक्टूबर

कन्या राशि के लोगों के लिए यह अक्टूबर का महीना मिलाजुला रहेगा। शुरुआत में कार्यक्षेत्र में विरोधी समस्या पैदा करेंगे। सीनियर और जूनियर सहयोग नहीं करेंगे। हालांकि आप अपने विवेक और सूझबूझ से चुनौतियों से पार पा लेंगे। व्यवसाय से जुड़े लोग कारोबार में आई अस्थायी मंदी को लेकर चिंतित रह सकते हैं।
आपका धन बाजार में फंसा हुआ हो और आप मंदी से जूझ रहे हों तो साझेदारों और सप्लायरों से अच्छे रिश्ते रखें। यदि आपने पूर्व में कोई स्टॉक जमा कर रखा है तो उसे बाजार में सप्लाई करने की चिंता रहेगी। हालांकि आपको जल्दबाजी में उसे घाटे में निकालने का निर्णय लेना उचित नहीं रहेगा क्योंकि अक्टूबर मध्य तक स्थितियां आपके पक्ष में आती हुई नजर आएंगी और एक बार फिर आप बाजार में अपनी पकड़ बना सकंगे।
अक्टूबर के मध्य का समय परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए भी बेहद शुभ रहने वाला है। इस दौरान उन्हें कोई बड़ी सफलता मिल सकती है। यह समय आपके लिए आर्थिक दृष्टि से अच्छा है। नौकरीपेशा लोगों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे। किसी योजना में अटके धन की अचानक प्राप्ति भी हो सकती है। रिश्ते-नाते लिहाज से भी समय अनुकूल है। घर-परिवार के सदस्यों का स्नेह मिलेगा। बड़ों के आशीर्वाद से पारिवारिक संबंध को और अधिक मजबूत बनाने में सफल होंगे।
कार्यक्षेत्र में उच्चाधिकारी वर्ग आपके कार्यों से प्रसन्न रहेगा। अधीनस्थ आपकी तारीफ करेंगे। समाज सेवा से जुड़े लोगों को विशेष सम्मान मिलेगा। अक्टूबर के अंत में अचानक से तीर्थयात्रा का संयोग बन सकता है। प्रेम संबंध की दृष्टि से पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध का समय ज्यादा शुभ रहेगा। इस दौरान वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
ये भी पढ़ेंः Rahu Rashi Parivartan: 18 माह बाद राहु की बदलेगी चाल, 5 राशियों का शुरू हो जाएगा गोल्डन टाइम

October Kanya Rashifal 2024
अक्टूबर राशिफल 2024 कन्या राशि

तुला मासिक राशिफल अक्टूबर (Tula Masik Rashifal October)

October Horoscope 2024: तुला राशि वालों को अक्तूबर महीने में पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से बचना होगा। इस माह आपको कामकाज या फिर घर-परिवार से जुड़ा कोई भी फैसला सोच-समझकर करना होगा अन्यथा बड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
कन्या राशि के लोगों को अक्टूबर के पूर्वार्ध में सीनियर और जूनियर का कम ही सहयोग मिलेगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में कुछ ऐसी स्थितियां बन सकती हैं, जिससे नौकरी बदलने की सोचें। हालांकि आपको इस संबंध में निर्णय बहुत सोच-समझकर लेना चाहिए। भावनाओं में बहकर या असमंजस में बड़ा फैसला न लें।

अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा थकान भरी और उम्मीद से कम फल देने वाली रहेगी। कन्या राशि के लोगों को पैतृक संपत्ति की प्राप्ति में बाधा का सामना करना पड़ेगा। परिवार के सदस्यों के साथ सामंजस्य में कमी रहेगी, माह के मध्य का समय नौकरीपेशा लोगों के लिए मध्यम फलकारी है। इस दौरान आपको सचेत होकर कार्य करना चाहिए और किसी दूसरे पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। कन्या राशि के लोगों को किसी मामले में झूठी गवाही देने से बचना चाहिए वर्ना बेवजह परेशानी हो सकती है।
रिश्ते-नाते को अच्छा रखने के लिए कन्या राशि के लोगों को अक्टूबर में अपने इगो को छोड़कर लोगों से सामंजस्य बिठाना चाहिए। संबंधों को बेहतर बनाने के लिए वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखें। माह के आखिर का समय व्यापारियों के लिए लाभप्रद है। इस दौरान आप बिजनेस से जुड़ा कोई बड़ा सौदा कर सकते हैं। हालांकि कोई भी निर्णय जल्दबाजी में लेने से बचें। कन्या राशि से जुड़े बेरोजगार लोगों को अक्टूबर के अंत तक रोजगार मिल सकता है। अविवाहित लोगों का विवाह तय हो सकता है। इस दौरान आप सुखद वैवाहिक जीवन का आनंद लेंगे।
उपाय: दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
October tula Rashifal 2024
तुला राशिफल अक्टूबर 2024

अक्टूबर 2024 वृश्चिक राशिफल (Vrishchik Masik Rashifal October)

अक्टूबर 2024 वृश्चिक राशिफल के अनुसार 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर का यह सप्ताह उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। इस दौरान वृश्चिक राशि के लोगों को किसी काम को अधूरा छोड़कर, नया काम शुरू करने से बचना चाहिए वर्ना दोनों में असफल होंगे और परेशानी झेलनी पड़ेगी।
पारिवारिक सुख की दृष्टि से यह समय मध्यम फलकारी है। माह की शुरुआत में ही आपकी अपने भाई-बहनों या माता-पिता से किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है। इस दौरान व्यवसाय में भी आपको चुनौतियों से जूझना पड़ सकता है। हालांकि सुखद पहलू यह है कि आप अपनी बुद्धि और विवेक से समस्याओं का हल निकालने में सफल हो जाएंगे।

वृश्चिक राशि वाले अक्टूबर में खुले हाथ खर्च करने से बचें वर्ना माह के अंत तक पैसों की तंगी हो सकती है और उधार लेने की नौबत आ सकती है। जीवन के कठिन समय में आपका लव पार्टनर या लाइफ पार्टनर मददगार होगा, वह आपका सहारा बनेगा। ऑफिस में अधीनस्थ और सीनियर दोनों से सहयोग मिलेगा। इससे आप अपने लक्ष्य को पूरा करने में सफल होंगे। लेकिन माह के मध्य में अचानक से कामकाज में बदलाव आ सकता है। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों का तबादला हो सकता है या फिर जिम्मेदारियों में बदलाव आ सकता है।
वृश्चिक राशि के व्यापारियों को इस समय बाजार में फंसे धन को निकालने में दिक्कत आएगी। इस दौरान बेवजह की भागदौड़ से शारीरिक थकान होगी। अक्टूबर के उत्तरार्ध का समय थोड़ा राहत भरा रह सकता है। यह समय आर्थिक दृष्टि से शुभ रहेगा। व्यवसाय में मनचाहा लाभ मिलेगा, नौकरीपेशा लोगों की आय बढ़ेगी। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: नारायण कवच का पाठ करें।
ये भी पढ़ेंः इस उम्र के बाद राहु देता है अच्छे रिजल्ट, क्या जानते हैं राहु के बारे में यह तथ्य

October Vrishchik Rashifal 2024
वृश्चिक राशिफल अक्टूबर 2024

धनु मासिक राशिफल (Dhanu Masik Rashifal October)

धनु राशि के लोगों के लिए अक्टूबर का महीना उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। पारिवारिक दृष्टिकोण से माह की शुरुआत मध्यम फलकारी है। इस दौरान घर-परिवार के किसी सदस्य से विवाद हो सकता है। माता-पिता का सहयोग और समर्थन न मिलने से मन खिन्न रहेगा।
कामकाजी महिलाओं को घर और कार्यक्षेत्र में तालमेल बिठाने में मुश्किले आएगी। वाहन सावधानी से चलाएं वर्ना दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। सेहत के लिहाज से भी अक्टूबर का प्रारंभिक भाग ठीक नहीं है। कोई पुराना रोग और घर के किसी सदस्य की बीमारी आपकी चिंता बढ़ाएगी। यह समय रिश्ते-नाते की दृष्टि से भी शुभ नहीं है।
अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में किसी की आलोचना या किसी के मामले में दखल देने से बचें वर्ना बेवजह परेशानी झेलनी होगी। व्यवसाय की दृष्टि से अक्टूबर का पूर्वार्ध ज्यादा शुभ और लाभदायक रहेगा तो मध्य में मार्केट में अपनी साख को बनाए रखने के लिए प्रतिस्पर्धी से कड़ा मुकाबला करना पड़ेगा। अक्टूबर का उत्तरार्ध थोड़ा राहत भरा रहेगा। इस दौरान आपको स्वजनों और शुभचिंतकों का सहयोग मिलेगा और बिगड़े काम बनने लगेंगे।

यदि आप विदेश से जुड़ा व्यवसाय करते हैं तो आपको विशेष लाभ मिलेगा। इस दौरान व्यवसाय के सिलसिले में की गई यात्राएं लाभप्रद साबित होंगी। प्रेम संबंध में मजबूती आएगी। लव पार्टनर के साथ हंसी-खुशी पल बिताने के अवसर मिलेंगे। माह के उत्तरार्ध में अचानक से बड़े खर्च आ सकते हैं, जिससे बजट थोड़ा गड़बड़ा सकता है। इस दौरान मौसमी बीमारी को लेकर सतर्क रहें और खान-पान का ख्याल रखें अन्यथा पेट संबंधी समस्या हो सकती है।
उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर जल चढ़ाएं। पक्षियों को दाना डालें।
October Dhanu Rashifal 2024
अक्टूबर धनु राशिफल 2024

अक्टूबर मकर राशिफल (Makar Masik Rashifal October)

अक्टूबर मकर राशिफल के अनुसार अकर राशि वालों के लिए साल का दसवां महीना शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। यह महीना मकर राशि की कामकाजी महिलाओं, छात्रों और कमीशन पर काम करने वालों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है। यदि आप भूमि या भवन के क्रय-विक्रय की योजना बना रहे थे तो आपकी कोशिश माह के पूर्वार्ध में सफल हो सकती है। खास बात यह कि भूमि-भवन के सौदे में आपको खासा लाभ होगा। कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ेगा। सीनियर और जूनियर दोनों का खूब सहयोग मिलेगा।
अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में काम के सिलसिले में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। यात्रा नए संपर्कों और लाभ को बढ़ाने वाली होगी। इस दौरान छात्रों को परीक्षा-प्रतियोगिता में विशेष कामयाबी मिल सकती है। घर-परिवार से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेते समय परिजनों का साथ मिलेगा। लोगा आपके कदम और फैसले की तारीफ करेंगे।
अक्टूबर के मध्य में आपके भीतर आलस्य और अभिमान की अधिकता रह सकती है। यदि आप इस पर काबू पाने में कामयाब नहीं रहते हैं तो आपके बने-बनाए काम बिगड़ सकते हैं या फिर उसमें अड़चन आ सकती है। इस दौरान अपने काम दूसरों के भरोसे छोड़ने की बजाय स्वयं करने का प्रयास करें। परिवार के बुजुर्ग सदस्य की सेहत का पूरा ख्याल रखना चाहिए।

अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से आपको एक बार फिर सौभाग्य का साथ मिलेगा और आपको चीजों में सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा। इस दौरान व्यवसाय में लाभ होगा और आपकी मार्केंट में साख बढ़ेगी। प्रेम संबंध के लिए यह समय बहुत ज्यादा अनुकूल है। यदि आप किसी के सामने अपने प्रेम का प्रस्ताव रखने की सोच रहे हैं तो बात बन सकती है। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन गणपति को दूर्वा चढ़ाकर उनकी चालीसा का पाठ करें।

ये भी पढ़ेंः Grah Gochar October: अक्टूबर में 5 ग्रह बदलेंगे चाल, 3 राशियों पर पड़ेगा सबसे अधिक असर

October Makar Rashifal 2024
October 2024: मकर राशिफल 2024 अक्टूबर

कुंभ मासिक राशिफल (Kumbh Masik Rashifal October)

कुंभ राशि के लोगों के लिए अक्टूबर गुडलक लिए हुए है। इस महीने की शुरुआत में आपको किसी कार्य विशेष में बड़ी सफलता मिलेगी। आप स्वयं के आत्मविश्वास और पराक्रम के बल पर सोचे हुए कार्य को समय पर कर पाएंगे। इस दौरान आपको अपने इष्ट-मित्रों और विशिष्ट व्यक्तियों से विशेष सहयोग मिलेगा। यदि आपकी अपने घर-परिवार में किसी के साथ अनबन चल रही थी तो इस माह किसी वरिष्ठ व्यक्ति या प्रियजन की मध्यस्थता से गलतफहमी दूर होने के बाद रिश्ता पटरी पर आ जाएगा।
कुंभ राशि के दूसरे सप्ताह में आपके सितारे और भी ज्यादा बुलंद होंगे। इस दौरान आपका कारोबार टॉप पर रहेगा। व्यवसाय के सिलसिले में की गई यात्राएं सुखद और उम्मीद से ज्यादा लाभ वाली होंगी। नौकरीपेशा वर्ग के लिए यह समय परिवर्तनकारी है। इस दौरान आपका तबादला हो सकता है या फिर जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। यदि लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं तो महीने के मध्य तक मनोकामना पूरी हो जाएगी। विभिन्न स्रोतों से आय होगी। अचानक कहीं से धन प्राप्ति के योग बनेंगे। सत्ता सरकार से नजदीकियां बढ़ेंगीं।

अक्टूबर के उत्तरार्ध में आपको आपको करियर-कारोबार में लाभ होगा, भले गति धीमी रहे। इस दौरान आप सुख-सुविधा में जरूरत से ज्यादा धन खर्च कर सकते हैं। इस समय आप किसी नई योजना में निवेश भी कर सकते हैं। परीक्षा या प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को सुखद समाचार मिलेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। लव लाइफ बढि़या रहेगी, प्रेम संबंध विवाह में भी तब्दील हो सकते हैं। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। छोटी मोटी दिक्कतों को छोड़ दें तो सेहत सामान्य रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन रोटी गाय को खिलाएं और गायत्री मंत्र का जप करें।

October Kumbh Rashifal 2024
October Rashifal 2024 : अक्टूबर कुंभ राशिफल 2024

अक्टूबर राशिफल मीन राशि (Meen Masik Rashifal October)

अक्टूबर राशिफल मीन राशि के अनुसार मीन राशि के जातकों के लिए घर-परिवार से जुड़े छोटे-मोटे मसलों को यदि इग्नोर कर दिया जाए तो अक्टूबर महीने का पूर्वार्ध शुभता और सौभाग्य को लिए हुए है। इस समय रोजी-रोजगार से जुड़ी चिंता दूर हो सकती है।
यदि आप नौकरी में बदलाव का प्लान बना रहे थे तो कोई अच्छा ऑफर आ सकता है। हालांकि आपको कोई भी कदम सोच-समझकर उठाना होगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में अपने सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखना भी उचित रहेगा। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में धन का लेनदेन सावधानी से करना चाहिए। आपको जोखिम भरे निवेश से बचना होगा। साथ ही साथ कागज संबंधी काम पूरे करके रखने होंगे वर्ना परेशानी हो सकती है।
माह के दूसरे सप्ताह में भूमि-भवन से जुड़े विवाद का भी सामना करना पड़ सकता है। हालांकि किसी व्यक्ति विशेष की मदद या आपसी सुलह-समझौते से समस्या दूर हो जाएगी। अक्टूबर के मध्य में आपको विभिन्न स्रोतों से आय होगी लेकिन आय के मुकाबले खर्च की अधिकता भी रहेगी। घर-परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की चिंता सताएगी।
रिश्ते-नाते और सेहत की दृष्टि से यह समय आपके लिए थोड़ा कम अनुकूल है। खानपान और संबंधों का ध्यान रखें। नौकरीपेशा लोगों के लिए अक्टूबर के उत्तरार्ध का समय प्रतिकूल है। इस दौरान कामकाज के प्रति लापरवाही करने की भूल बिल्कुल न करें और बातचीत और व्यवहार के दौरान विनम्र रहें। पारिवारिक मसलों को सुलझाने के लिए संवाद करें। किसी भी तरह के झगड़े से स्वयं को दूर रखें।
उपाय: बजरंग बाण का पाठ करें।
October Meen Rashifal 2024
October Rashifal 2024: अक्टूबर मीन राशिफल 2024
Horoscope: राशिफल से संबंधित अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

डिस्क्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारियां पूर्णतया सत्य हैं या सटीक हैं, इसका www.patrika.com दावा नहीं करता है। इन्हें अपनाने या इसको लेकर किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले इस क्षेत्र के किसी विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

Hindi News / Astrology and Spirituality / Horoscope / इन 5 राशियों का आने वाला है गुडलक, जानें अगले 30 दिन का भविष्य

ट्रेंडिंग वीडियो