scriptआपके नाम का पहला अक्षर खोल देता है आपके सारे राज, यहां पढ़ें A से L तक कैसे हैं आप | Name First Letter Meaning, First Letter of your name tells everything | Patrika News
राशिफल

आपके नाम का पहला अक्षर खोल देता है आपके सारे राज, यहां पढ़ें A से L तक कैसे हैं आप

अंग्रेजी भाषा के ये अक्षर आपके कॅरियर और शिक्षा से जुड़ी हर चीज बता देते हैं। आपकी लव लाइफ, आपकी पसंद, न पसंद तक आपके नाम का पहला अक्षर बता देता है। इस लेख में आप जानेंगे अंग्रेजी के ए अक्षर से लेकर एल अक्षर तक के नाम के लोगों की खासियत…

Feb 21, 2023 / 05:25 pm

Sanjana Kumar

name_letters.jpg

ज्योतिष शास्त्र में जैसे मूलांक, भाग्यांक से आपके व्यक्तित्व का पता चलता है, ठीक वैसे ही आपके नाम का पहला अक्षर भी आपके व्यक्तित्व का हर राज खोल सकता है। अंग्रेजी भाषा के ये अक्षर आपके कॅरियर और शिक्षा से जुड़ी हर चीज बता देते हैं। आपकी लव लाइफ, आपकी पसंद, न पसंद तक आपके नाम का पहला अक्षर बता देता है। इस लेख में आप जानेंगे अंग्रेजी के ए अक्षर से लेकर एल अक्षर तक के नाम के लोगों की खासियत…

 

A
जिन लोगों का नाम का पहला अंग्रेजी अक्षर ए है या जिनका नाम अंग्रेजी के ए अक्षर से शुरू होता है, वे काफी मेहनती और धैर्यवान होते हैं। इन्हें ज्यादातर आकर्षक दिखने वाले लोग पसंद आते हैं वहीं यह खुद भी आकर्षक दिखना या बने रहना ही पसंद करते हैं। इनमें किसी भी परिस्थिति के अनुसार खुद को ढालने की गजब की क्षमता होती है। वहीं इनकी पसंद भीड़ से जरा हटकर होती है। इनकी शिक्षा या कॅरियर की बात की जाए, तो यह लक्ष्य तक पहुंचने से पहले हार नहीं मानते। जिस भी काम को हाथ में लेते हैं उसे हर हाल में पूरा करने का प्रयास करते हैं। रोमांस के मामले में ये लोग पीछे ही रहते हैं। अपनी भावनाओं को जताना इनके लिए थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन अपने प्यार और रिश्तों को ये लोग पूरा महत्व देते हैं। घुमा-फिराकर बातें करना इन्हें बिल्कुल पसंद नहीं। भले ही सच कड़वा हो, लेकिन यह उसे स्वीकार करते हैं। बात चाहे पर्सनल हो या प्रोफेशनल ये लोग खुले तौर पर अपने विचार रखने में ज्यादा यकीन करते हैं। ये लोग काफी हिम्मती माने जाते हैं। किसी भी परिस्थिति में यह हर हाल में बचकर निकलने की कोशिश करते हैं। कभी-कभी ये लोग आलसी भी होते हैं। वहीं इनकी एक कमी यह भी है कि इन्हें बात-बात पर गुस्सा भी आसानी से आ जाता है।

 

B
इस अक्षर के नाम वाले लोग स्माइली और खुशमिजाज होते हैं। ये लोग जिंदगी में नए-नए रास्ते तलाशने में यकीन रखते हैं। किसी एक रास्ते को चुनकर उस पर आगे बढऩा, इनके बस की बात नहीं है। ये लोग थोड़े संकोची स्वभाव के होते हैं और थोड़े संवेदनशील भी। इसीलिए ये लोग दोस्तों के साथ आसानी से घुल-मिल नहीं पाते। ये लोग अपने अंदर कई राज समेटे रखते हैं, राजदार ऐसे कि कई बार तो इनके करीबी भी नहीं जान पाते कि इनकी गुप्त बातें क्या हैं। इनके दोस्त कम ही होते हैं, लेकिन ये लोग जिससे भी दोस्ती रखते हैं, दिल से रखते हैं। रोमांस के मामले में ये लोग खुले विचारों वाले होते हैं। इजहार-ए-मोहब्बत आसानी से कर देते हैं। हालांकि ये लोग प्यार में अक्सर धोखा खाते हैं। खुद पर इनका नियंत्रण पाना आसान होता है। खूबसूरत और आकर्षक चीजें इन्हें बेहद पसंद आती हैं।

C
जिन लोगों के नाम की शुरुआत अंग्रेजी के सी अक्षर सेहोती है, वे हर क्षेत्र में सफलता पाते हैं। शक्ल और सूरत से ये लोग काफी खूबसूरत और आकर्षक होते हैं। इन लोगों के बारे में ऐसा कहा जाए कि ये लोग हमेशा किस्मत साथ लेकर चलते हैं, तो गलत नहीं होगा। खुशकिस्मत इतने कि इन्हें आगे बढऩे से कोई नहीं रोक सकता। ये लोग खुद को हमेशा व्यवस्थित और बेहतर बनाए रखना पसंद करते हैं। इसीलिए यह खुद को आकर्षक बनाए रखने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते। दूसरों के दुख-दर्द में साथ देना और मदद करना इनकी विशेषता होती है। खुशी में न सही लेकिन गम में यह कभी किसी का साथ नहीं छोड़ते और अंत तक साथ निभाते हैं। स्वभाव से ये लोग काफी इमोशनल और कभी-कभी चंचल होते हैं। रोमांस और प्यार के मामले में यह बहुत खुले होते हैं। यदि इन्हें अपने हिसाब से कोई न मिले तो भी ये मस्त होकर अकेले भी खुशी से जीवन गुजार सकते हैं। जिन्हें पसंद करते हैं, उनके बेहद करीब होते हैं, और प्यार के मामले में काफी समर्पित होते हैं।

 

D
डी नाम वाले लोगों का भाग्य बिल्कुल डी से बनने वाले इस्माइल की तरह ही होता है, यानी हंसता-खिलखिलाता हुआ। सफलता के मामले में ये लोग काफी खुशकिस्मत माने जाते हैं। इन्हें हर काम में सफलता मिलती है। कभी-कभी जरूर इनका भाग्य साथ नहीं देता, लेकिन इन्हें विचलित नहीं होना चाहिए, क्योंकि इन्हें आगे चलकर ढेर सारी खुशियां मिलती हैं। ये लोगों की बातों पर ध्यान देना पसंद नहीं करते, बल्कि इन्हें अपने मन के काम करना ही पसंद होता है। यह एक बार कुछ करने की ठान लेते हैं, तो उस काम को पूरा करके ही मानते हैं। ये लोग स्मार्ट होते हैं। खुशकिस्मती यह कि बगैर किसी प्रयास के भी इनके व्यक्तित्व में गजब का आकर्षण देखा जाता है। किसी की मदद करने के मामले में यह हमेशा आगे रहते हैं, फिर चाहे वह दोस्त हो या दुश्मन, हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं। प्यार के मामले में डी नाम वाले लोग काफी जिद्दी और दृढ़ होते हैं। जिन्हें यह पसंद करते हैं, उन्हें पाने के लिए यह अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ते। रिश्ता निभाने के मामले में भी यह लोग बड़े दिलवाले होते हैं। पूरी तरह समर्पित भी।

E
जिन लोगों के नाम अंग्रेजी के ई अक्षर से शुरू होते हैं, हंसी-मजाक करना उनकी आदतों में शुमार होता है। ये लोग कुछ मुंहफट भी होते हैं। इन्हें टोकने वाले लोग इन्हें बिल्कुल पसंद नहीं होते। ऐसे लोगों से ये तुरंत किनारा करना कर लेते हैं। बेतरतीब तरह से रहना इन्हें अच्छा नहीं लगता, सब कुछ व्यवस्थित और सलीके से रखना ही इन्हें पसंद होता है। प्यार के मामले में यह थोड़े कम संजीदा होते हैं, लेकिन इनका मिजाज दिलफेंक आशिक की तरह होता है। वैसे तो इनकी जिंदगी में रिश्तों के मामले में उतार-चढ़ाव आते ही रहते हैं, लेकिन एक बार अगर यह दिल में किसी को बसा लें, तो फिर उसके प्रति पूरी तरह से समर्पित होते हैं।

 

F
जिन लोगों का नाम अंग्रेजी के एफ अक्षर से शुरू होता है वे लोग जिम्मेदारी के मामले में बिल्कुल फिट होते हैं। ये लोग जीवन में हर चीज का संतुलन बनाकर चलते हैं और पैसे खर्च करने के मामले में काफी सोच-विचार कर ही चलते हैं। वैसे तो ये लोग आत्मविश्वास से लबरेज रहते हैं, लेकिन स्वभाव से बहुत संवेदनशील और भावुक होते हैं। ये ज्यादातर अकेले रहना पसंद करते हैं, लेकिन प्यार के मामले में एक कदम आगे ही रहते हैं। ये लोग जीवन में प्यार को ज्यादा महत्व देते हैं, और रोमांस के मामले में भी किसी से कम नहीं होते। यहां कहना गलत नहीं होगा कि जितना यह प्यार को अहमियत देते हैं, उतना ही रोमांस भी इनमें बेपनाह होता है।

G
जिन लोगों का नाम अंग्रेजी के जी अक्षर से शुरू होता है उनका अंदाज भी जी जैसा ही होता है। यानी हमारे सिर आंखों पर। ये लोग किसी की मदद करने के लिए हमेशा तैयार होते हैं और खुद को हर परिस्थिति में ढाल लेते हैं। दिल के बहुत साफ होते हैं। इसीलिए चीजों को तोड़-मरोड़कर या गोल-मोल कर पेश करना इनकी आदत में नहीं होता। यह हमेशा अपनी गलतियों से सबक लेकर आगे बढ़ते हैं। हमेशा सतर्क रहते हैं। बेवजह किसी पर खर्च नहीं करते। प्यार के मामले में काफी ईमानदार होते हैं। प्यार में यह हमेशा समझदारी और धैर्य रखने में यकीन करते हैं। इनका व्यक्तित्व आकर्षक होता है, लेकिन यह लोग हर किसी से घुलने-मिलने में रुचि नहीं रखते। जिन लोगों को यह अपना मानते हैं, उनकी अहमियत हमेशा बनाए रखते हैं।

 

H
यदि किसी का नाम अंग्रेजी के एच अक्षर से शुरू होता है तो ये लोग राजसी स्वभाव के होते हैं। ये लोग मस्तमौला, बेफिक्रजिंदगी जीना पसंद करते हैं। इनके लिए पैसा बहुत महत्वपूर्ण होता है। हालांकि ये लोग दिल के सच्चे होते हैं, हंसमुख स्वभाव के साथ माहौल को हल्का बनाए रखते हैं। लेकिन कभी-कभी ये बहुत संकोची और शर्मीले भी होते हैं। इस अक्षर के नाम के लोगों को अपनी छवि और मान-सम्मान की हमेशा चिंता होती है। ये लोग किसी की भी मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इनकी खासियत यह है कि ये निर्णय लेने में कभी देर नहीं करते। वैसे तो ये लोग काफी दिलदार टाइप के होते हैं, लेकिन चतुराई भी इनमें कूट-कूटकर भरी होती है। प्यार के मामले में ये लोग कुछ भी कर सकते हैं। लेकिन प्यार का इजहार करने में पीछे रह जाते हैं।

I
अंग्रेजी के आई अक्षर से जिनका नाम शुरू होता है वे स्वभाव से काफी संवेदनशील होते हैं और अक्सर लोगों के आकर्षण का केंद्र होते हैं। ये लोग अपनी बात से पलटने में माहिर होते हैं। इनकी कमी यह होती है कि इन्हें यह कम ही पता होता है कि ये सही का साथ दे रहे हैं या गलत का। लेकिन ये लोग किसी को भी अपनी तरफ आकर्षित कर सकते हैं। हर काम को ये लोग काफी सोच समझकर करना चाहते हैं। दिखने में ये लोग काफी आकर्षक और सेक्सी होते हैं, वहीं प्यार पाने की चाहत इनके अंदर बसी होती है।

 

J
जिन लोगों के नाम की शुरुआत अंग्रेजी के अक्षर जे से होती है, वे स्वभाव से चंचल होते हैं। दिखने में तो यह खूबसूरत होते ही हैं, साथ ही अच्छे गुणों का होना इनके व्यक्तित्व की विशेषता होती है। माना जाता है कि एक बार जो ये ठान लें फिर ये किसी की नहीं सुनते। हां पढ़ाई-लिखाई के मामले में यह थोड़ा पीछे ही रहते हैं, लेकिन जिम्मेदारियों को निभाने के मामले में यह सबसे आगे होते हैं। इन्हें लोगों का भरपूर प्यार मिलता है। इनके चाहने वालों की लिस्ट काफी लंबी होती है। लेकिन जिनके जीवन में ये हमसफर बनकर जाते हैं, समझिए वे दुनिया के खुशनसीब लोगों में से एक हैं, क्योंकि खूबसूरती के साथ इनमें जीवन के हर मोड़ पर साथ निभाने का एक खास गुण भी होता है।

K
अंग्रेजी के अक्षर के से जिसका नाम शुरू होता है उन्हें परफेक्शनिस्ट कहा जाए तो गलत नहीं होगा। दरअसल इन्हें हर काम परफेक्शन के साथ करना ही पसंद होता है। आपने पार्टनर के रूप में स्मार्ट और समझदार साथी को पसंद करते हैं, जब तक मन मुताबिक साथी नहीं मिलता, यह समझौता बिल्कुल नहीं करते। इन्हें भीड़ से अलग और दूसरों से जरा हटकर रहना पसंद होता है। पैसा कमाने को लेकर इनका नजरिया बिल्कुल साफ होता है। यह पहले अपने बारे में सोचना ज्यादा पसंद करते हैं। कभी सख्त और कभी नर्म स्वभाव को लेकर चलते हैं, लेकिन दोनों ही मामलों में बेहद दृढ़ होते हैं। प्यार के मामले में बेहद रोमांटिक होते हैं। जब किसी से प्यार करते हैं, तो खुलकर इजहार करना भी पसंद करते हैं।

एल
अंग्रेजी के एल अक्षर से जिन लोगों का नाम शुरू होता है वे काफी चार्मिंग और आकर्षक होते हैं। ख्वाबों की दुनिया में जीना और छोटी-छोटी चीजों में खुश रहना इनकी सबसे बड़ी खासियत होती है। इन्हें जीवन में बहुत कुछ पाने की ख्वाहिश नहीं होती। इस तरह के लोग सभी के साथ प्यार से रहने वाले होते हैं। परिवार की अहमियत इनके लिए सबसे ज्यादा होती है। कभी-कभी इनके सामने आर्थिक परेशानियां आती हैं, लेकिन इन्हें उनसे निपटना आता है। प्यार के मामले में ये लोग काफी संजीदा होते हैं। ये रोमांटिक भी बहुत होते हैं। प्रेम को लेकर यह आदर्शवादी होते हैं और ख्वाबों की दुनिया को अपने साथी से दूर ही रखना पसंद करते हैं।

https://youtu.be/HdL0fCq1I7M

Hindi News/ Astrology and Spirituality / Horoscope / आपके नाम का पहला अक्षर खोल देता है आपके सारे राज, यहां पढ़ें A से L तक कैसे हैं आप

ट्रेंडिंग वीडियो