bell-icon-header
राशिफल

august rashifal 2023: मेष पर भारी रहेगा मंगल, परिवार में अशांति पर व्यापार में लाभ, जानिए बाकी राशियों का हाल

august rashifal 2023: हर नए महीने के साथ परिवार हो या नौकरी, दोनों का सवाल जेहन में जरूर उठता है। आशंकाएं भी रहती हैं कि पारिवारिक जीवन कैसा बीतेगा या नौकरी की परिस्थितियां प्रतिकूल तो नहीं हो जाएंगी। चार दिन बाद शुरू हो रहे अगस्त महीने में इन सवालों के जवाब जानने के लिए पढ़ें अगस्त राशिफल 2023…, ताकि समय के बेरुखी से निपटने के लिए कुछ उपाय कर सकें तो यहां पढ़ें अगस्त महीने का पूर्वानुमान यानी मासिक राशिफल..

Jul 27, 2023 / 06:19 pm

Pravin Pandey

अगस्त राशिफल 2023

मेष राशि अगस्त 2023
अगस्त महीने में मेष राशि वालों के परिवार पर मंगल भारी हैं। इससे सदस्यों में कई बातों पर मन-मुटाव, नोकझोंक हो सकती है। आपकी संगति पिता को नाराज करेगी। आप व्यापार से जुड़े हैं तो इस माह आर्थिक रूप से बड़ा लाभ मिलने की संभावना हैं। यदि आपका पैसा फंसा हुआ है तो वापस मिल जाएगा। इसमें घर के किसी सदस्य का साथ भी मिलेगा, व्यापार में उन्नति होगी।

वहीं सरकारी नौकरी कर रहे अधिकारियों की वरिष्ठ अधिकारियों से नहीं बनेगी। मन समाज सेवा में लगेगा। प्राइवेट क्षेत्र में जॉब कर रहे लोगों का मन नौकरी की जगह दूसरे कामों में लग सकता है। वे कुछ नया शुरू करने की सोच सकते हैं। छात्रों को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा लेकिन यह भविष्य में उनके काम आएगी। उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थी अपना ध्यान रचनात्मक कार्यों में लगाएंगे। वहीं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स का मन भटक सकता है। जिनका विवाह हो चुका हैं उनका अपने साथी के प्रति विश्वास मजबूत होगा लेकिन किसी बात को लेकर अनबन होने की भी आशंका हैं। वही जिन लोगों का विवाह नही हुआ हैं वे इस माह सच्चे जीवनसाथी के तलाश में रहेंगे लेकिन निराशा ही हाथ लगेगी। रक्तचाप और मधुमेह के रोगियों को अगस्त में अपना विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
वृषभ राशि
अगस्त महीने में वृषभ राशि के परिवार पर शनि का प्रभाव ज्यादा रहेगा। यदि आपने किसी से पैसे उधार लिए हैं तो इस माह वह वापसी के लिए दबाव बनाएगा। इस समय परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद भी हो सकता हैं। घर के सदस्यों में भाईचारे में कमी भी आएगी। घर में कोई धार्मिक आयोजन हो सकता है, जिससे आखिर में सब सामान्य हो सकता हैं। वहीं आर्थिक दृष्टि से अगस्त वृष राशि के लोगों के लिए शुभ रहेगा। व्यापारियों को कई बड़े सौदे मिल सकते हैं लेकिन हामी भरने से पहले अच्छे से जांच कर लें। शत्रु आपको हानि पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

सरकारी नौकरी कर रहे लोगों को सहकर्मियों का साथ मिलेगा। निजी क्षेत्र में काम करने वाले लोग अपने काम में मन लगाएंगे, जिसके उन्हें भविष्य में परिणाम मिलेगा। उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे स्टूडेंट नए विषयों को चुनेंगे और रिसर्च से जुड़ सकते हैं। वहीं सरकारी परीक्षा की तैयारी कर रहे लोग अपनी पढ़ाई से असंतुष्ट होकर टेंशन में आ सकते हैं। विवाहित लोगों का जीवनसाथी के प्रति विश्वास मजबूत होगा ससुराल से खुशखबरी मिल सकती हैं। रिश्ते की बात चल रही है तो इस माह रिश्ता पक्का हो सकता है। अगस्त महीने में वृषभ राशि के लोगों को जुखाम, खांसी या बुखार आदि हो सकता है।
ये भी पढ़ेंः Hariyali Teej Kab Hai: सुखी वैवाहिक जीवन के लिए महिलाएं हरियाली तीज पर जरूर करें यह काम, यह है इस दिन की खास प्रथा

मिथुन राशिफल अगस्त 2023
अगस्त राशिफल 2023 के अनुसार इस महीने मिथुन राशि के लोगों को अपने परिवार के सदस्यों का ध्यान रखने की जरूरत है। क्योंकि इस अगस्त में परिवार के किसी सदस्य की सेहत अचानक खराब हो सकती है। यदि परिवार का कोई सदस्य घर से दूर रहता है तो वह घर लौट सकता है। माह के अंत में परिवार में कोई धार्मिक आयोजन हो सकता है। हालांकि किसी रिश्तेदार से मतभेद हो सकता है।

इधर, मिथुन राशि के व्यापारियों को व्यापार में घाटा हो सकता है। वहीं आपका काम बनते-बनते बिगड़ सकता है। इस महीने फंसा पैसा वापस आने की उम्मीद नहीं है। समझौते से पहले जांच परख जरूर करें। सरकारी अधिकारियों के लिए अगस्त महीना आपाधापी भरा हो सकता है। अगस्त राशिफल के अनुसार काम के बोझ के कारण तनाव भी होगा। इस राशि के विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर योजना बनाएंगे। वहीं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स को सफलता मिल सकती है।
काम करने का अवसर भी मिल सकता है। वहीं प्रेम जीवन के प्रति नीरस भाव रहेगा, साथी के प्रति रुचि कम रहेगी। लेकिन पार्टनर फिर भी आपका साथ देगा। यदि आप साथी से दूर हैं तो उन्हें आपकी चिंता रहेगी। जिनका विवाह नही हुआ हैं वे इस माह किसी के प्रति आकर्षित हो सकते हैं। लेकिन दिल की बात कहने में जल्दबाजी न करें। पहले से कोई समस्या है तो अगस्त में राहत मिलेगी। बीपी और शुगर के रोगी बाहर के भोजन, स्नैक्स से बचें और घर पर पौष्टिक आहार का सेवन करें।
कर्क मासिक राशिफल अगस्त 2023
कर्क मासिक राशिफल अगस्त 2023 के अनुसार अगस्त महीने में आपका माता से मतभेद हो सकता है, जिससे घर में तनाव का माहौल रहेगा। इस दौरान माता का स्वास्थ्य भी खराब रह सकता है, जिससे मन विचलित होगा। रोज हनुमान चालीसा का पाठ करने से परिवार पर आया संकट दूर होगा। अगस्त राशिफल के अनुसार अगस्त महीने के तीसरे सप्ताह में घर के किसी सदस्य की नौकरी लग सकती है। इससे घर की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। हालांकि कमाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करनी होगी। लेकिन भाई-बहन का साथ मिल सकता है। इस दौरान मानसिक तनाव हो सकता है।

अगस्त राशिफल के अनुसार सरकारी अधिकारियों को अगस्त महीने में नए क्षेत्र चुनने होंगे, जिससे उनके अनुभव में वृद्धि होगी। प्राइवेट जॉब कर रहे लोगों का मन नई चीजों के प्रति आकर्षित होगा, जिससे मन काम में नहीं लगेगा, चिड़चिड़े भी हो सकते हैं। कर्क राशि के स्टूडेंट्स के लिए अगस्त अच्छा है। कुछ क्षेत्रों में असफलता भी मिल सकती है। लेकिन आत्म-विश्वास मजबूत होगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे लोगों को अगस्त में सफलता मिल सकती है। अगस्त महीने में कर्क राशि वाले थोड़ा निराश नजर आएंगे। साथी से लगाव कम हो सकता है। हालांकि विवाहित लोगों को जीवनसाथी का साथ मिलेगा। कर्क राशि के वे लोग जिनका विवाह नहीं हुआ है, वे अगस्त में उदास रह सकते हैं। वहीं अगस्त में सांस संबंधी समस्या वाले कर्क राशि के जातकों को अलर्ट रहने की जरूरत है।

मासिक सिंह राशिफल अगस्त 2023
मासिक सिंह राशिफल के अनुसार अगस्त में आपका अपने परिवारवालों के प्रति व्यवहार कटु हो सकता है। आपकी उग्रता रिश्ते में दरार डाल सकती है। इससे भाईचारे में कमी आएगी। कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पहले बड़ों की बात ध्यान से सुनें। अगस्त के अंत में परिवार के सदस्यों को लेकर भावुक भी हो सकते हैं। जहां तक बात व्यापार और नौकरी की है तो मासिक सिंह राशिफल के अनुसार अगस्त सिंह राशि वालों के लिए व्यापार में मिलाजुला परिणाम लेकर आएगा। किसी समय आप घाटे में रहेंगे तो कभी लाभ भी हो सकता है। कोई महत्वपूर्ण समझौता हाथ से निकल भी सकता है।

अगस्त में सिंह राशि के सरकारी अधिकारियों को कुछ नया करने का खयाल आएगा. लेकिन आप उलझन में रहेंगे, जिससे मन अशांत रह सकता है। निजी क्षेत्र के अधिकारी तनाव में रह सकते हैं। इनकी सहकर्मियों से अनबन भी हो सकती है। शिक्षा और करियर की दृष्टि से भी अगस्त 2023 सिंह राशि वालों के लिए मिलाजुला परिणाम लेकर ही आएगा। परिश्रम के अनुरूप सफलता नहीं मिलेगी। हालांकि अगस्त के आखिर में सफलता मिल सकती है। शत्रुओं से चुनौती भी मिल सकती है। हालांकि प्रतियोगी परीक्षा के स्टूडेंट्स के लिए अगस्त में अच्छे संकेत हैं। सिंगल लोग अगस्त में रिलेशन में आ सकते हैं। विवाहित लोगों की रुचि प्रेम में कम रहेगी। विवाह की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को नया प्रस्ताव मिल सकता है। मासिक सिंह राशिफल अगस्त 2023 के अनुसार स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।
ये भी पढ़ेंः PlanetaryChange: काल चक्र में बना दुर्लभ लक्ष्मी नारायण योग, 14 दिन तक आठ राशियों की हर मुराद करेगा पूरी

कन्या अगस्त राशिफल 2023
कन्या अगस्त राशिफल 2023 के अनुसार अगस्त में आपको अपने परिवारवालों पर व्यर्थ शंका हो सकती है, जिससे रिश्तों में दरार आ सकती है। बच्चों के प्रति स्नेह बढ़ेगा। अगस्त में कन्या राशि के व्यापारियों को कई ऐसे अवसर मिलेंगे जो उनके लिए लाभदायक रहेंगे। ऐसे में सही समय पर लिया निर्णय धन लाभ करा सकता है। राजनीति में काम कर रहे लोगों के लिए अच्छा समय है। वहीं जो लोग नौकरीपेशा हैं उनसे बॉस प्रसन्न रहेंगे। इससे पदोन्नति हो सकती है। इसके अलावा लेखन, मीडिया की पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अगस्त महीना बेहद शुभ है। स्कूली विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी पर इसका फल भी मिलेगा।

इसके अलावा कन्या राशि के लोग जो प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें परिवारवालों का सहयोग मिलेगा। जबकि लव लाइफ की बात करें तो ऐसे लोग जिनका विवाह हो चुका है उन्हें साथी का सहयोग मिलेगा। अगस्त राशिफल इशारा कर रहा है कि कन्या राशि के लोगों के प्रेम जीवन के लिए अगस्त महीना सर्वश्रेष्ठ है। आप अपने साथी के साथ कुछ यादगार अनुभव रहेंगे। कन्या राशि अगस्त राशिफल 2023 कहता है कि जिन लोगों को मधुमेह और बीपी की समस्या है, वे अगस्त में अपना विशेष ध्यान रखें। मानसिक रूप से आपको कोई चिंता रहेगी।
तुला राशि अगस्त राशिफल
तुला राशि अगस्त राशिफल 2023 के अनुसार अगस्त के इस महीने में तुला राशि के लोगों को परिवार के सदस्यों के बीच सामंजस्य स्थापित करने की कोशिश करनी चाहिए। घर में कोई कार्यक्रम हो सकता है, जिसमें सभी शामिल होंगे। आपके भाई या बहन के दूसरे शहर में यात्रा करने के भी योग है। सगे-संबंधियों से भाईचारा बढ़ेगा। अगस्त महीने में अच्छे परिणाण के लिए तुला राशि के व्यापारियों को सामर्थ्य सही दिशा में लगाने की जरूरत होगी। इस समय ज्यादातर समय व्यर्थ के कामों में लगाने से घाटा हो सकता है। इसलिये बुद्धिमता से काम लें और बड़ों से विचार-विमर्श करें।

तुला राशि के नौकरीपेशा लोगों का सहकर्मियों से किसी बात को लेकर मन-मुटाव हो सकता है। ऐसे में ऑफिस की राजनीति से दूर रहें। आप कॉलेज स्टूडेंट हैं तो किसी क्षेत्र में ऑनलाइन काम करने का अवसर मिल सकता है। लेकिन आपकी रुचि कम रहेगी और आप खुद के सुधार में व्यस्त रहेंगे। प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए अगस्त महीनी नई चुनौती लेकर आएगा। विवाहित लोगों का जीवनसाथी के साथ कुछ यादगार अनुभव रहेगा। आपको ससुराल पक्ष से सहयोग मिलेगा जिससे मन प्रसन्न रहेगा। प्रेम संबंध चल रहा है तो पार्टनर आपके स्वास्थ्य को लेकर आशंकित रह सकता हैं। अगस्त महीना विवाह की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के लिए रोमांचित करने वाले अनुभव का गवाह बनेगा। इसके अलावा माह के दूसरे सप्ताह में सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां घेर सकती हैं। इसके अलावा तीसरे सप्ताह में मन में बुरे-बुरे ख्याल आ सकते है, जिस कारण टेंशन हो सकती है।
अगस्त राशिफल वृश्चिक 2023
वृश्चिक मासिक राशिफल अगस्त 2023 के अनुसार इस महीने में आपके परिवार में नई खुशियां आएंगी। इस समय आप कुछ नया करने की सोचेंगे और परिवारवालों का साथ मिलेगा। घर की जमीन बेचकर कुछ नया करने का भी खयाल आ सकता है। अगस्त राशिफल के अनुसार वृश्चिक राशिवालों को अगस्त महीने में ननिहाल पक्ष से खुशखबरी मिल सकती हैं। व्यापार की बात करें तो अगस्त में वृश्चिक राशि के लोगों को व्यापार के साथ-साथ नए क्षेत्रों में निवेश करने की प्रेरणा मिलेगी। ऐसे लोग जिन्होंने भूमि या शेयर में निवेश किया है, उन्हें इस माह लाभ मिलने के संकेत हैं। राजनीति से जुड़े लोगों को भी अच्छे अवसर मिलेंगे। हालांकि वे अपने अहंकार से बचने का प्रयास करें।

वृश्चिक राशि के सरकारी नौकरी करने वाले लोगों को अगस्त में राजनीतिक क्षेत्र के लोगों से चुनौती मिल सकती है। वहीं निजी क्षेत्र में काम कर रहे लोगों के लिए अगस्त का महीना बेहद शुभ है। अगस्त में आपको कार्यक्षेत्र में आनंद और लोगों का सहयोग मिलेगा। वहीं इस महीने वृश्चिक राशि के स्टूडेंट्स का पढ़ाई में मन नहीं लगेगा। स्कूल में पढ़ रहे छात्र छात्रा रचनात्मक कार्य करेंगे जो आगे चलकर उनके काम आएगा। जबकि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में लगे स्टूडेंट्स को नए अवसर प्राप्त होंगे और उन्हें सफलता मिल सकती है। वहीं अगस्त में वृश्चिक राशि वालों का प्रेम जीवन चुनौतीपूर्ण है। अगस्त में आपके प्रेम की परीक्षा होगी। आपके विवाह को पांच साल से ज्यादा बीत चुके हैं तो साथी उपहार दे सकता है। वहीं विवाह की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को अभी इंतजार करना होगा। हालांकि जीवन में कुछ नए लोगों का आगमन होगा। अगस्त महीने में आपको शारीरिक खेल या भारी सामान उठाते वक्त चोट लग सकती है। मन में उथल-पुथल मची रहेगी।
ये भी पढ़ेंः Rashi parivartan in August 2023: अगस्त 2023 में 3 ग्रह बदलेंगे अपने घर तो 2 ग्रह बदलेंगे अपनी चाल

धनु राशिफल अगस्त 2023
धनु राशिफल अगस्त 2023 के अनुसार पारिवारिक लिहाज से अगस्त महीना धनु राशि वालों के लिए अच्छा है। यदि परिवार के किसी सदस्य से आपका मतभेद है या पुराना विवाद चल रहा हैं तो अगस्त में सुलझ जाएगा। इससे परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। यदि चाचा या चाची किसी दूसरे शहर में रहते हैं तो वे घर आ सकते हैं। परिवार में कोई आयोजन भी हो सकता है। अगस्त की शुरुआत में आप व्यापार को बढ़ाएंगे जिसका लाभ भविष्य में मिलेगा। अगस्त में व्यापारिक खर्चे बढ़ जाएंगे, जिससे आपको तनाव भी हो सकता है। धन संबंधी निर्णय लेने से पहले बड़ों से सलाह जरूर लें।

नौकरीपेशा लोगों का काम के प्रति व्यवहार सकारात्मक रहेगा। सहकर्मी भी आपसे प्रसन्न होंगे, आपके काम की प्रशंसा होगी। सरकारी अधिकारियों के लिए यात्रा के योग बन रहे हैं। अगस्त में धनु राशि के लोग मेहनत बहुत करेंगे लेकिन इच्छानुसार परिणाम नहीं मिल पाएगा। इससे मन उदास रहेगा। धनु राशिफल अगस्त 2023 के अनुसार यदि आप किसी सरकारी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो इस माह शुभ संकेत मिल सकते हैं। इससे आपका मन रोमांचित रहेगा, जिसके सकारात्मक परिणाम भविष्य में मिलेंगे।

वहीं गृहस्थ जीवन में साथी का पूरा सहयोग मिलेगा। आप अपने पार्टनर के लिए कुछ स्पेशल करने का प्रयास करेंगे जिससे दोनों के बीच संबंधों में और मजबूती आएगी। विवाह की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को भविष्य को लेकर चिंता रहेगी। जीवन में किसी के आने की आशा बनी रहेगी लेकिन पूरी न होने से मन उदास हो सकता है। सेहत अच्छी रहेगी। अगस्त के मध्य में सिर दर्द की शिकायत हो सकती है।
मकर राशिफल अगस्त 2023
मकर राशिफल अगस्त 2023 के अनुसार अगस्त 2023 में मकर राशि वालों के परिवार में रिश्ते मजबूत होंगे। माता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। घर में सब कुछ सामान्य और सुख-शांति रहेगी। हालांकि व्यापार से जुड़े लोगों के खर्च बढ़ जाएंगे जो टेंशन देंगे। व्यय पर नियंत्रण रखें तो अच्छा। व्यापार में मित्रों से तालमेल बनाएं। मकर राशि वालों को सरकारी नौकरी में समस्या का सामना करना पड़ सकता हैं। हालांकि सहकर्मियों का साथ मिलेगा। निजी क्षेत्र में काम कर रहे लोग नए क्षेत्र की खोज में रहेंगे। ऐसे में अपने काम की शुरुआत करने की सोच सकते हैं।

मकर अगस्त राशिफल के अनुसार मकर राशि के छात्रों को अगस्त में मिलेजुले परिणाम मिलेंगे और उनका मन पढ़ाई में कम लगेगा। हालांकि अगस्त में आप कुछ ऐसे काम करेंगे जो आगे चलकर लाभदायक हो सकते हैं। बहुत से लोग आपको भ्रमित करने की सोच सकते हैं, लेकिन लक्ष्य से न भटकें। प्रतियोगी परीक्षार्थियों का अगस्त में पढ़ाई से फोकस हटेगा। आप नए क्षेत्रों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। लेकिन गहन विचार के बाद ही फैसला करें।

प्रेम जीवन इस महीने संतुलित रहेगा। हालांकि कुछ मौकों पर आप पार्टनर से निराश रह सकते हैं लेकिन यह निराशा ज्यादा समय तक नही रहेगी। विवाह की प्रतीक्षा कर रहे लोग अगस्त में कुछ लोगों के प्रति आकर्षित हो सकते हैं। जिन्हें कोई गंभीर बीमारी या समस्या हैं उनकी सेहत अगस्त में बिगड़ सकती है। अगस्त के तीसरे सप्ताह में खांसी की समस्या हो सकती है। थोड़ी निराशा हो सकती है।
ये भी पढ़ेंः सावन शुक्रवार ऐसे करें मां लक्ष्मी प्रसन्न, खास स्त्रोत से होगी देवी मां की विशेष कृपा

कुंभ राशिफल अगस्त 2023
कुंभ राशि 2023 अगस्त के अनुसार साल के आठवें महीने अगस्त में कुंभ राशि के लोगों का स्वभाव थोड़ा उग्र रह सकता है। इसके प्रभाव से परिवार के सदस्यों में लड़ाई-झगड़ा हो सकता है। परिवार में किसी सदस्य के साथ नोकझोंक भी हो सकती हैं। अगस्त के पहले ही सप्ताह में ही माता की खराब सेहत बेचैन कर सकती है। हालांकि व्यापार में लाभ भी मिल सकता है। अधूरे पड़े काम पूरे होंगे और लाभ के अवसर मिलेंगे। अगस्त में कुंभ राशि वाले व्यापार के लिए नई योजना बनाएंगे। जो लोग सरकारी सेवा में हैं, वे अगस्त महीने में दुविधा में रहेंगे। उच्च अधिकारीयों से भी उन्हें चुनौती मिलेगी। ऐसे समय में बुद्धि से काम लें और गलत निर्णय से बचें। निजी क्षेत्र के कर्मचारी काम से संतुष्ट रहेंगे, उन्हें कुलीग का सहयोग भी मिलेगा।

उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे स्टूडेंट्स का मन पढ़ाई में कम लगेगा और वे अपना समय व्यर्थ के कामों में लगाएंगे। आगे इसका रिजल्ट पर असर पड़ सकता है। जो स्टूडेंट प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, अगस्त में उनके लिए अच्छा महीना है। उनके जीवन में किसी ऐसे व्यक्ति का आगमन हो सकता हैं जो उन्हें उचित मार्गदर्शन देगा। साथी के प्रति निराशा का भाव रहेगा, जिससे संबंध कमजोर हो सकते हैं। यदि आप अपने साथी से दूर हैं तो उनसे मोहभंग भी हो सकता है। विवाह की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को अगस्त में निराशा हाथ लगेगी। वहीं सेहत अच्छी रहेगी।

मीन राशिफल अगस्त 2023
मीन अगस्त राशिफल 2023 के अनुसार मीन राशि वालों के परिवार में अगस्त में सब ठीक रहेगा। हालांकि माता-पिता में से किसी एक की सेहत खराब हो सकती है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और भोजन का उचित ध्यान रखें। भाई-बहनों से संबंध और मजबूत होगा। यदि आपकी बहन शादी के लायक हो गई है तो अगस्त में उसके रिश्ते की बात चल सकती है, रिश्ता भी पक्का हो सकता है।

अगस्त महीना मीन राशि के लोगों के लिए खर्चीला होने वाला हैं। अनावश्यक खर्च बढ़ेंगे। इससे वित्तीय नुकसान हो सकता है। आपकी बचत भी खत्म हो सकती है। इसलिये सही जगह निवेश करें और बड़ा खर्चा करने से पहले ठीक से विचार विमर्श करें। सरकारी अधिकारी अगस्त में काम को लेकर असंतुष्ट रहेंगे और तनाव का भी सामना कर सकते हैं। निजी क्षेत्र के मीन राशि के लोगों की सरकारी क्षेत्र में काम करने की इच्छा होगी। कॉलेज में पढ़ रही छात्राओं का मन अगस्त में घर के कामों में ज्यादा लगेगा और वो अपना समय खुद के सुधार में लगाएंगी। जबकि लड़कों का पिता से विवाद हो सकता है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्रा किसी नए विषय को चुनेंगे और मन लगाकर तैयारी करेंगे।
यदि आपका विवाह हो चुका है तो आप अपने रिश्तों को लेकर संजीदा रहेंगे। आपका अपने साथी के प्रति विश्वास और बढ़ेगा। इस दौरान आपका अपने साथी से वाद-विवाद भी हो सकता है। यदि आप विवाह की प्रतीक्षा में हैं तो अगस्त माह में आपको कुछ अच्छे प्रस्ताव मिलेंगे। लेकिन आपकी किसी में रुचि नही होगी। कैंसर इत्यादि बिमारी से पीड़ित व्यक्ति अगस्त में अधिक सावधानी बरतें।
ये भी पढ़ेंः August 2023 festivals: जानें अगस्त के व्रत, पर्व व त्योहार

Hindi News / Astrology and Spirituality / Horoscope / august rashifal 2023: मेष पर भारी रहेगा मंगल, परिवार में अशांति पर व्यापार में लाभ, जानिए बाकी राशियों का हाल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.