हाथरस

हाथरस हादसा: पहले गई नौकरी, अब गैर जमानती वारंट जारी, मुख्य आयोजक पर एक लाख का इनाम घोषित

हाथरस में भगदड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रकाश मधुकर की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।

हाथरसJul 05, 2024 / 11:14 am

Anand Shukla

हाथरस भगदड़ के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को उत्तर प्रदेश के एटा जिले के शीतलपुर ब्लॉक में तकनीकी सहायक के पद से हटा दिया गया है। वह 2010 से अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) पर 20 पंचायतों में मनरेगा कार्यों की देखरेख कर रहे थे। घटना के बाद से फरार होने के कारण देव प्रकाश मधुकर के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया है।
शीतलपुर के ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर दिनेश शर्मा ने बताया कि एफआईआर में मधुकर का नाम मुख्य आरोपी के रूप में दर्ज है। हाथरस पुलिस ने उस पर एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया है। इसके बाद उसे पद से हटाने और उसकी संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

हादसे के बाद से ही फरार है मुख्य आरोपी

अलीगढ़ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक शलभ माथुर ने गुरुवार को हाथरस पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सत्संग के प्रभारी देव प्रकाश मधुकर (इंजीनियर) के नाम पर सत्संग के लिए अनुमति मांगी गई थी। वह एफआईआर में नामजद होने के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है और गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।
मधुकर को शीतलपुर ब्लॉक में मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों के निरीक्षण के बाद बिल और वाउचर तैयार करने का काम सौंपा गया था। उनकी पत्नी पंचायत सहायक हैं और दोनों हाथरस के सिकंदराराऊ कस्बे में रहते हैं।
यह भी पढ़ें

हाथरस हादसे में बड़ा एक्शन, 20 सेवादार गिरफ्तार, मुख्य सेवादार फरार

Hindi News / Hathras / हाथरस हादसा: पहले गई नौकरी, अब गैर जमानती वारंट जारी, मुख्य आयोजक पर एक लाख का इनाम घोषित

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.