
किसान प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन पर उठाए सवाल
-पारदर्शिता की कमी, बीमा कंपनियां व अफसर आंकड़ें छिपाकर कर रहे कमाई, किसानों के हाथ खाली
-किसान प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन पर उठाए सवाल
हनुमानगढ़. राजस्थान पत्रिका की ओर से रविवार को जिला मुख्यालय पर टॉक शो का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की खामियां गिनाई। सबका कहना था कि इस योजना में पारदर्शिता की कमी है। अफसर आंकड़े व तथ्य छिपाते हैं। स्थिति यह है कि केसीसी वाले किसानों के खातों से प्रीमियम स्वत: ही काट लिया जाता है। इसकी लिखित सूचना या इससे संबंधित दस्तावेज किसानों के घर नहीं पहुंचाया जाता। फसल खराबा होने पर दो से तीन बरसों से किसानों को क्लेम के नाम पर घुमाया जा रहा है। बीमा कंपनियों की मनमानी से किसान लगातार परेशान हो रहे हैं। फार्मर आईडी सरकार बनवा रही है। इसमें सारे रिकॉर्ड दर्ज हैं तो फिर फसल बीमा जारी करने में इतना लंबा वक्त क्यों लगा रही है। किसानों के हालात तो ऐसे हैं कि बीते 31 मार्च को हजारों किसानों का खेत का बिजली कनेक्शन इसलिए काट दिया गया, क्योंकि उनका बिल बकाया था। दूसरी तरफ सरकार फसल बीमा क्लेम दो से तीन बरसों से किसानों को नहीं दे रही है। सरकार बीमा कंपनियों पर लगाम नहीं लगा रही है। आंकड़े छिपाकर सरकार व बीमा कंपनियां किसानों को गुमराह कर रही है। टॉक शो में मौजूद सभी लोगों ने फसल बीमा जारी करने संबंधी व्यवस्थाओं में बदलाव की जरूरत बताई। ताकि फसल खराब होने की स्थिति में त्वरित लाभ किसानों को मिल सके। डिजिटल जमाने में भी दो से तीन बरसों का क्लेम अटकने पर वक्ताओं ने कहा कि यह सरकारी तंत्र के लिए शर्मनाक स्थिति है।
यह रहे मौजूद
राजस्थान पत्रिका की ओर से रविवार को जंक्शन के व्यापार मंडल धर्मशाला में टॉक शो का आयोजन किया गया। इसमें भादरा के पूर्व विधायक बलवान पूनियां, किसान नेता मंगेज चौधरी, रघुवीर वर्मा, रणवीर सिहाग, मनीष मक्कासर, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष तरुण विजय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. भारतभूषण शर्मा, व्यापार मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन के अध्यक्ष कुलवीर सिंह, कृषि विभाग के सेवानिवृत्त उप निदेशक बलवीर खाती, असंगठित किसान-कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश सचिव रायपाल प्रजापति, रामस्वरूप भाटी आदि टॉक शो में मौजूद रहे।
टॉक शो में उक्त विचार आए सामने
-फसल बीमा का प्रीमियम काटने के बाद किसान के पास इससे संबंधित दस्तावेज की कॉपी भेजनी चाहिए। फसल खराब होने के तत्काल बाद किसान के खाते में जब राशि जमा करवाई जाए, इसकी जानकारी मय दस्तावेज किसान के पास जानी चाहिए। जिससे उसे पता चलता रहे कि उसका प्रीमियम कितना कटा था, उसे कितना क्लेम मिला।
-योजना का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। सम्पूर्ण आधारभूत सूचना सार्वजनिक डोमेन पर प्रकाशित हो। सम्बन्धित आंकड़ों को राज्य, जिला तथा ब्लॉक स्तर पर क्रियान्वयन एजेंसी को उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
-फार्मर आइईडी के साथ लिंक खाता बंद होने पर जनाधार खाते के साथ लिंक खाते को वैकल्पिक खाता माना जाना जाए।
हित नहीं सोच रही कंपनियां
फसल बीमा कंपनियां केवल अपने मुनाफे की सोचकर काम कर रही है। सेटेलाइट से फसल कटाई प्रयोग रोकना चाहिए। फसल बीमा के सभी आंकड़े किसान हित में जारी करने की जरूरत है। परंतु सरकार बीमा कंपनियों को ऐसा करने के लिए बाध्य नहीं कर रही है। इससे किसान परेशान हो रहे हैं। हम अपने संघर्ष के बूते किसानों को राहत दिलाने के प्रयास में निरंतर जुटे हुए हैं।
-बलवान पूनियां, पूर्व विधायक, भादरा
किसानों का बढ़ा रहे दर्द
विपरीत मौसम में किसानों के दर्द पर मरहम लगाने की सोच के साथ शुरू की गई उक्त योजना का समुचित लाभ किसानों को नहीं मिल रहा है। डिजिटल जमाने में किसानों के खेत में फसल खराब होने की स्थिति में तत्काल इसका मूल्यांकन करके सरकार को चाहिए कि किसानों के खाते में बीमा क्लेम की राशि जमा करवाए। तभी किसानों को राहत मिल सकेगी।
-तरुण विजय, जिला उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़
अधिकारियों की सोच ठीक नहीं
जिले मेें खरीफ 2023 का काफी क्लेम बकाया चल रहा है। रबी सीजन का भी पूरा क्लेम किसानों को नहीं मिला है। खरीफ 2024 के क्लेम का तो अब तक बीमा कंपनी ने सेटलमेंट भी नहीं किया है। प्रीमियम पेटे किसानों से मोटी राशि वसूलने के बावजूद भी क्लेम के नाम पर किसानों को कुछ नहीं दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों की सोच भी ज्यादा किसान हितैषी नहीं कह सकते । इस वजह से बीमा कंपनियां किसान हितों से खिलवाड़ कर रही हैं।
राज्य सरकार करे संचालन
जिले के अरडक़ी क्षेत्र में कई किसानों का चने की फसल का फसल बीमा वर्ष 2018-19 से बकाया चल रहा है। चार करोड़ से अधिक का क्लेम पेडिंग है। सेटेलाइट से फसल कटाई प्रयोग करने से किसानों को नुकसान है। बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिहाज से सारे काम किए जा रहे हैं। खरीफ 2024 की फसलों का अब तक बीमा कपंनियों ने सेटलमेंट भी नहीं किया है। इससे बड़ी विडम्बना क्या हो सकती है। किसान हित में शुरू की गई उक्त योजना को राज्य सरकार अपने हाथ में लेकर पश्चिम बंगाल की तर्ज पर संचालित करे। इससे किसानों को लाभ मिलेगा।
-बलवीर खाती, सेवानिवृत्त उप निदेशक, कृषि विभाग हनुमानगढ़
Published on:
13 Apr 2025 08:10 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
