उत्तरी हवा चलने से कश्मीर से ठंडक आना शुरू हो जाएगी, जिससे रात का तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच आएगा। गुलाबी ठंड की दस्तक होगी। दीपावली तक रात में ठंड की शुरुआत हो जाएगी। दिन में भी राहत मिलेगी।
दरअसल 2 अक्टूबर को मानसून विदा हो गया था। इसके विदा होने से बंगाल की खाडी़ से नमी आना बंद हो गई। आसमान साफ होने से दिन में तापमान 36 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा है। इससे दिन में गर्मी की बढ़ गई है। तेज धूप की वजह से लोग बेहाल है। हालांकि हवा में नमी नहीं होने से उमस से राहत है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.5 व न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इस हवा की वजह से गर्मी है बरकरार
मानसून के विदा होने के बाद दक्षिण पूर्व हवा बंद हो गई। उत्तर पश्चिम हवा चल रही है। पश्चिमी हवा अपने साथ राजस्थान से गर्मी लेकर आ रही है। आसमान साफ होने से सूरज की किरणें भी सीधी पड़ रही हैं। जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आने पर बर्फबारी होगी। जब तक कश्मीर में बर्फबारी नहीं होती है, तब तक तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक नहीं आएगा। रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर आने पर ठंड की शुरुआत होगी।