16 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मप्र विधानसभा चुनाव सपा भी लड़ेगी, कितनी सीट पर अभी तय नहीं: अखिलेश

- हमारे अच्छे नेताओं को भाजपा-कांग्रेस अपनी पार्टी में ले लेती हैं  

2 min read
Google source verification
samajwadi_party_in_mp.png

ग्वालियर। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ेगी, लेकिन अभी यह तय नहीं है, कितनी सीटों पर लड़ेगी। सपा के प्रत्याशी यहां कभी-कभी दूसरे नंबर पर भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो हमारे अच्छे नेता हैं, उन्हें भाजपा या कांग्रेस अपनी पार्टी में ले लेती है।

उन्होनें कहा कि विपक्ष का हर बार प्रयास रहता है मिलकर चुनाव लड़ें, जो मैसेज बिहार से गया है, वही मैसेज मध्य प्रदेश से विपक्ष को देना चाहिए। जन्माष्टमी पर आयोजित चल समारोह में शामिल होने आए पूर्व मुख्यमंत्री यादव यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग किसी के साथ भी मिल लें और तैयारी कर लें, लेकिन इस बार जनता उनके खिलाफ खड़ी है।

अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए आए पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, नेताजी भी ग्वालियर आते थे, मुझे भी ग्वालियर आने का मौका मिला है।

फसल के दाम नहीं देती सरकार
उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, फिर भी किसानों को फसल के दाम नहीं मिलते हैं। किसानों को यह बात याद रखनी चाहिए। यही हाल उत्तरप्रदेश में है।

सरकार तय नहीं कर पा रही कितनों को बनाएगी अग्निवीर
उन्होंने कहा, अग्निवीर परीक्षा में 12 जिलों की भर्ती में एक लाख 13 हजार नौजवानों ने फॉर्म भरें हैं। सरकार यह नहीं बता रही है कि कितनों को अग्निवीर बनाया जाएगा। सरकार ने हर वर्ग के लोगों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा, जब से भाजपा सरकार बनी है कुछ लोगों और कुछ उद्योगपतियों को बड़ा बना दिया है।

मप्र में यादव समाज को तय करना है किसके साथ जाना है :
पूर्व सीएम ने कहा, उप्र में कौन किसके साथ जाएगा, ये वक्त बताएगा। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस, बीएसपी से भी गठबंधन किया था। उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश में यादव समाज की बहुत आबादी है, उन्हें तय करना है कि उन्हें किसके साथ जाना है।