scriptछोले-भटूरे बेच कर जोड़े थे रुपए, एक धोखे ने कर दिया सब तबाह | Rs 12 lakh house fraud in Gwalior FIR registered in Gola Mandir police station | Patrika News
ग्वालियर

छोले-भटूरे बेच कर जोड़े थे रुपए, एक धोखे ने कर दिया सब तबाह

Gwalior Fraud : ग्वालियर में सामने आया धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला, छोले-भटूरे बेचकर जोड़ी थी पाई-पाई, फिर खरीदा था सपनों का आशियाना, लेकिन अब खुशियां मनाने के बजाय पुलिस के काटने पड़ रहे चक्कर…पढ़ें पूरी खबर…

ग्वालियरOct 13, 2024 / 11:34 am

Avantika Pandey

gwalior fraud
Gwalior Fraud : मध्य प्रदेश के ग्वालियर से धोखाधड़ी की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक मध्यमवर्गीय परिवार की खून-पसीने की कमाई पर भी जालसाजों ने हाथ साफ कर लिया। छोले-भटूरे बेचने वाले परिवार ने पाई-पाई जोड़कर अपने सपनों का आशियाना खरीदा और जिंदगी भर की खुशियां पा लीं। लेकिन उनकी ये खुशियां कुछ दिन भी नहीं रहीं। दरअसल ये परिवार घर खरीदने की खुशियां मना ही रहा था कि कुछ दिन में ही पता चला कि वे फर्जीवाड़े का शिकार हो गए हैं। शनिवार को पीड़ित परिवार ने गोले का मंदिर थाने में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

8 साल की मेहनत पर फिर पानी

बता दें कि ये पूरा मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर का है। जहां गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के जडेरुआ इलाके में रहने वाली एक महिला के साथ 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी(Gwalior Fraud) हुई है। घटना आज से करीब 15 दिन पहले की बताई जा रही है। भिंड की रहने वाली संगीता अपने पति सरोज राजपूत के साथ पिछले 8 सालों से छोले-भटूरे बेचने का काम कर रही है।
पीड़ित परिवार ने अपनी कमाई से भविष्य के लिए एक-एक पैसा जोड़कर रखा था। लेकिन दो ठगों ने ग्वालियर में सस्ता मकान दिलाने के नाम पर महिला को 12 लाख रुपए की चपत लगा दी।

गांव के ही ठग ने की ठगी

इस पूरी वारदात को पीड़ित परिवार के गांव में रहने वाले एक शख्स ने ही अंजाम दिया है। दरअसल कुछ समय पहले भिंड के ही मलखान सिंह ने महिला और उसके परिवार से संपर्क किया। मलखान ने ग्वालियर में सस्ता मकान दिलाने की बात कही। कुछ दिन बाद मलखान ने राम विहार कॉलोनी में रहने वाले रूप सिंह से परिवार को मिलवाया। इनकी बातों में आकर संगीता और उसके पति ने 12 लाख देकर घर का कॉन्ट्रैक्ट करा लिया।
कॉन्ट्रैक्ट होने के बाद संगीता अपने परिवार के साथ ग्वालियर के नए घर में रहने लगी। कुछ दिन बाद उसके घर में सरोज नाम की एक महिला आई और एक बड़ा खुलासा किया। महिला ने एक अनुबंध पत्र दिखाया जिसमे ये घर उसका होना बताया गया था।

थाने में दर्ज हुई एफआईआर

पीड़ित महिला ने ग्वालियर के गोला मंदिर थाने में शनिवार 12 अक्टूबर को मलखान सिंह और रूप सिंह के खिलाफ शिकायत की है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Hindi News / Gwalior / छोले-भटूरे बेच कर जोड़े थे रुपए, एक धोखे ने कर दिया सब तबाह

ट्रेंडिंग वीडियो