दीनदयाल नगर (महाराजपुरा) में नीलेश जाट की तीन वर्षीय बेटी दृष्टि के लिए हवा का तेज झोंका मौत बन गया। नीलेश मूलत: फूफ (भिंड) के रहने वाले हैं। बच्चों को पढ़ाने के मकसद से एक साल पहले परिवार सहित यहां आए हैं और इ रिक्शा चलाकर गुजर करते हैं।
यहां जानें पूरा मामला
पुलिस ने बताया दीनदयाल नगर में नीलेश का परिवार तीन मंजिला मकान में रहता है। इस घर में और भी किराएदार हैं। मकान की छत पर जाने वाला दरवाजा आमतौर पर बंद रहता है। दो दिन पहले मकान में रहने वाला कोई सदस्य छत पर कपड़े डालने गया होगा तब दरवाजा खुला रह गया। दृष्टि बड़े भाई और हम उम्र बच्चों के साथ खेलने छत पर चली गई।
ये भी पढ़ें: MP News: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस भट्ट का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस
छज्जे पर नहीं थी ग्रिल
बच्चे छत पर खेल रहे थे उस दौरान हवा का तेज झोंका आया। दृष्टि दरवाजे के पास खेल रही थी। हवा के दवाब से दरवाजा तेजी से बंद हुआ दृष्टि उसका धक्का सहन नहीं कर पाई। छज्जे पर ग्रिल नही लगी है तो तीसरी मंजिल से नीचे गिरी।
दो महीने पहले मनाया था जन्मदिन
दो महीने पहले 20 अप्रैल को परिवार ने दृष्टि का जन्मदिन मनाया था। उसमें हमउम्र दोस्तों के साथ दृष्टि ने जमकर मौज की थी। अब परिजन उसे स्कूल भेजने की तैयारी में थे। लेकिन दर्दनाक हादसे ने मासूम की जान ले ली।
इनका कहना है
बच्ची हमउम्र बच्चों के साथ छत पर खेल रही थी। हवा का तेज झोंका सहन नहीं कर पाई। तीसरी मंजिल ने नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है।