गोरखपुर

SC, OBC का आरक्षण मुस्लिमों में बांटने की चल रही है तैयारी : मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और दोनों के कार्यकाल और साथ को कटघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश का नाम और मान दुनिया में बढ़ाने वाली मोदी सरकार है तो दूसरी तरफ कांग्रेस और सपा का अनर्थकारी गठबंधन। इन दोनों के बीच जब भी गठबंधन हुआ तो अनर्थ ही हुआ है।

गोरखपुरMay 24, 2024 / 10:40 pm

anoop shukla

शुक्रवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ताबड़तोड़ सभाएं हुई। जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत से आतंकवाद और भ्रष्टचार समाप्त हो गया है। जबकि, कांग्रेस और सपा के शासन में सुबह की शुरूआत घोटाले से होती थी और शाम होते-होते कहीं न कहीं आतंकी विस्फोट हो जाता था। आज तो पटाखा भी कहीं फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देते फिरता है कि इसमें मेरा हाथ नहीं है। यह नया भारत है जो किसी को छेड़ता नहीं है। लेकिन किसी ने छेड़ा तो उसे छोड़ता भी नहीं है।
सीएम योगी शुक्रवार शाम पिपराइच में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और भाजपा प्रत्याशी रविकिशन शुक्ल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और दोनों के कार्यकाल और साथ को कटघरे में खड़ा किया।
इन दोनों के बीच जब भी गठबंधन हुआ तो अनर्थ ही हुआ है। याद करिए जब केंद्र में कांग्रेस और यूपी में सपा की सरकार थी तो अयोध्या में आतंकी हमला हुआ, वाराणसी में आतंकी हमला हुआ। इनके शासन में रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं। हर तरफ अराजकता का तांडव था।
सीएम ने कांग्रेस और सपा के चुनावी घोषणा पत्रों पर भी करारा हमला बोला। कहा कि अब यह अनर्थकारी गठबंधन अपने घोषणा पत्र में कह रहा है कि अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग का आरक्षण मुसलमानों में बांट देंगे। यह गठबंधन भारत में पर्सनल रूल यानी तालीबानी शासन लागू करने की फिराक में है। तालीबानी शासन यानी महिलाएं घरों से नहीं निकल सकतीं, बेटियां स्कूल नहीं जा सकतीं। पर, भाजपा किसी भी दशा में देश में तालीबानी शासन नहीं आने देगी।
यह देश शरीयत से नहीं संविधान से चलेगा
भाजपा का स्पष्ट कहना है कि यह देश शरीयत से नहीं संविधान से चलेगा। कांग्रेस और सपा की मंशा गोकशी की छूट देने की है। हिन्दू गाय को माता मानता है और कांग्रेस-सपा की मंशा कभी पूरी नहीं होने दी जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के लोगों को सबक सिखाने की आवश्यकता है।
सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के लोग पाकिस्तान का राग आलापते हैं। ऐसे लोगों को भारत पर बोझ बनने की बजाय पाकिस्तान में ही चले जाना चाहिए। एक तरफ पाकिस्तान है जहां के लोग भूखों मर रहे हैं तो दूसरी तरफ मोदी जी के नेतृत्व वाला भारत है जो अस्सी करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रहा है। पाकिस्तान का राग आलापने वालों को वहां भीख भी नहीं मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि जब सही मत पड़ता है तो विकास, सुरक्षा, सम्मान और गरीब कल्याण की गारंटी होती है। जैसा कि जनता ने सही मत देकर मोदी सरकार बनाई तो आज देश में अस्सी करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।
60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक के इलाज के लिए आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है। अब तो तीसरी बार मोदी सरकार में 70 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक बुजुर्ग को आयुष्मान का लाभ मिलने जा रहा है। मोदी सरकार में किसान को सम्मान निधि मिल रही है। जबकि, सपा की सरकार में किसान आत्महत्या करता था। सपा के शासन में गरीब के हक पर डकैती पड़ती थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से राम मंदिर के आंदोलन की शुरूआत होने का उल्लेख करते हुए कहा कि पांच सौ वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। रामलला विराजमान हो गए हैं। अब तो हर जगह जनता यही कह रही है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे।
सीएम योगी ने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या कांग्रेस और सपा से अयोध्या में मंदिर बनवाने की उम्मीद की जा सकती थी? समवेत आवाज गूंजी-नहीं। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे, राम हुए ही नहीं। सपा रामभक्तों पर गोली चलाती थी। आज भी सपा के नेता कहते हैं कि राम मंदिर बेकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेकार तो राम के विरोधी हैं। राम तो जगत नियंत हैं, परमपिता परमेश्वर हैं। सदियों से हिन्दू कहता रहा कि रामलला आएंगे और आज रामलला आ भी गए।
इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रविकिशन शुक्ल, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी, लोकसभा प्रभारी जनार्दन, संयोजक निरंकार त्रिपाठी, पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह, सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ल, टाउन एरिया चेयरमैन संजय मद्देशिया, राधेश्याम सिंह, महंथ सिंह, विरेंद्र पाठक, संघर्षमणि उपाध्याय आनंद शाही आदि भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Hindi News / Gorakhpur / SC, OBC का आरक्षण मुस्लिमों में बांटने की चल रही है तैयारी : मुख्यमंत्री योगी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.