गोरखपुर

Gorakhpur News : शहर में 45 लाख की चोरी से हड़कंप, रात्रि गश्त की खुली पोल

मंगलवार को शहर के व्यस्ततम दुर्गाबाड़ी क्षेत्र में चोरी की बड़ी घटना ने पुलिस और शहरवासियों की नींद उड़ा दी है। इससे पुलिस के रात्रि गश्त की भी पोल खुल गई। पुलिस अधिकारियों ने चोरी के जल्द खुलासे की बात कही है।

गोरखपुरOct 22, 2024 / 06:40 pm

anoop shukla

शहर के अति व्यस्त दुर्गाबाड़ी क्षेत्र में मंगलवार भोर में चोरी की एक बड़ी घटना से हड़कंप मच गया। श्याम खाटू इंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान को निशाना बनाते हुए चार अज्ञात चोरों ने तकरीबन 45.40 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के सिक्कों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना भोर करीब तीन बजे की है।एजेंसी के मालिक पवन टेबरीवाल ने बताया कि उन्हें सुबह कर्मचारियों से सूचना मिली कि दुकान का शटर टूटा हुआ है।

प्रतिष्ठान से 45 लाख की नगदी, सोने और चांदी के सिक्के गायब

पवन ने बताया कि अंदर-बाहर के सभी ताले टूटे हुए थे और लॉकर से 45.40 लाख रुपये का कैश गायब था। यह कैश तीन दिनों की बिक्री का था। इसके अलावा व्यापारियों को त्योहार पर बांटने के लिए रखा सोने और चांदी का सिक्का भी चोर अपने साथ ले गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम के साथ जांच शुरू की। एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीओ कोतवाली और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खुलासा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

SP सिटी, गोरखपुर

SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा। फिलहाल, इस बड़े चोरी कांड ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और लोग इस मामले का जल्द खुलासा होने का इंतजार कर रहे हैं।

Hindi News / Gorakhpur / Gorakhpur News : शहर में 45 लाख की चोरी से हड़कंप, रात्रि गश्त की खुली पोल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.