scriptGonda News: बहराइच के बाद गोंडा में जंगली जानवरों का आतंक,मां के साथ सो रही मासूम रहस्यमय तरीके से लापता | Patrika News
गोंडा

Gonda News: बहराइच के बाद गोंडा में जंगली जानवरों का आतंक,मां के साथ सो रही मासूम रहस्यमय तरीके से लापता

Gonda News:  बहराइच के बाद अब गोंडा में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मां के साथ छत पर सो रही मासूम रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। मां की नींद खुली तो उसके होश उड़ गए। पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है।

गोंडाSep 30, 2024 / 08:23 am

Mahendra Tiwari

Gonda News

मासूम बच्ची रहस्यमय तरीके से लापता

Gonda News: बहराइच के बाद अब गोंडा में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अब तक जंगली जानवर जहां कई लोगों को घायल कर चुका है। वहीं कई पशुओं को अपना निवाला बना लिया है। जिले के एक गांव में अपनी मां के साथ सो रही 9 माह की मासूम बच्ची रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य संकलन किया। वहीं वन विभाग की जांच में तेंदुए के पदचिन्ह पाए गए हैं।
Gonda News: गोंडा जिले के परसपुर थाना के गांव मेहरबानपुरवा के रहने वाले सीताराम गौतम के अनुसार शनिवार की रात परिवार के लोग घर पर सो रहे थे। बहू अपनी नौ महीने की बेटी सगुन के साथ छत पर सो रही थी। रात में सगुन रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। कुछ देर बाद बहू की नींद टूटी तो बेटी को लापता देखकर उसके होश उड़ गए। उसके शोर मचाने पर परिवार व गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज डॉक्टर उमेश्वर प्रभात सिंह, थानाध्यक्ष दिनेश सिंह, वन दारोगा डीएन सिंह व वन सुरक्षा प्रहरी राजेन्द्र मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। लापता बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की डॉग स्क्वायड व फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और वन विभाग की टीम साक्ष्य जुटाने में जुट गई। ग्रामीणों ने तेंदुए द्वारा बच्ची को उठा से जाने की आशंका जताई है‌। वन विभाग की टीम को भी जांच में तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने तेंदुए के पदचिन्ह मिलने की पुष्टि की है। वहीं तेंदुए की आहट से गांव में हड़कम्प मच गया है। पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है‌।

Hindi News / Gonda / Gonda News: बहराइच के बाद गोंडा में जंगली जानवरों का आतंक,मां के साथ सो रही मासूम रहस्यमय तरीके से लापता

ट्रेंडिंग वीडियो