गाज़ियाबाद

दो बच्चों के पिता ने नाबालिग लड़की को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार, 6 महीने के प्रेम का दर्दनाक अंत

गाजियाबाद में शादीशुदा और 2 बच्चों के पिता ने एक नाबालिग लड़की को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गाज़ियाबादJul 04, 2024 / 01:39 pm

Anand Shukla

गाजियाबाद में बुधवार देर रात सिरफिरे आशिक ने नाबालिग लड़की के सिर में गोली मार दी। लड़की को गंभीर हालत में दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दो बच्चों का पिता है। पुलिस ने आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि 24 वर्षीय आरोपी का 17 साल की एक नाबालिग लड़की से पिछले 6 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को गोली लगने से घायल लड़की मिली। इसके बाद पुलिस ने लड़की को फौरन इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी रवि और नाबालिक लड़की के बीच चल रहा था प्रेम- प्रसंग

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के डूंडाहेड़ा इलाके में देर रात आरोपी रवि ने नाबालिग लड़की को गोली मार दी। आरोपी रवि नाबालिग लड़की से प्यार करता था। रवि की शादी हो चुकी है, उसके दो बच्चे भी हैं। जब लड़की को इसके बारे में पता चला तो उसने उससे बातचीत करना बंद कर दिया। इससे रवि नाराज हो गया और लड़की के घर जाकर उसे गोली मार दी। पुलिस आगे की कार्रवाई करने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था आरोपी रवि

डीसीपी विवेक चंद्र ने बताया कि करीब 6 महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की दोस्ती हुई थी। उसके बाद से रवि लगातार लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था। लड़की को जब पता चला कि रवि पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, तो उसने किनारा कर लिया। इसके बाद रवि नाराज हो गया और उसने बीती रात इस घटना को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बस ने ट्रैक्टर ट्राली को मारी टक्कर, 13 यात्री घायल

Hindi News / Ghaziabad / दो बच्चों के पिता ने नाबालिग लड़की को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार, 6 महीने के प्रेम का दर्दनाक अंत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.