bell-icon-header
फुटबॉल

मैच के बीच अचानक कप्तान को पड़ा दिल का दौरा, हालत देख रोने लगे साथी खिलाड़ी और दर्शक

इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल मैच के दौरान ल्यूटन के कप्तान टॉम लॉकयर को बीच मैदान फिर से दिल का दौरा पड़ने का मामला सामने आया है। वह मैदान पर ही गिर पड़े। उनकी हालत देख साथी खिलाड़ी और कुछ दर्शक रोने लगे। इसके बाद उन्‍हें तुरंत अस्‍पताल ले जाया गया।

Dec 18, 2023 / 08:06 am

lokesh verma

ल्यूटन टाउन के कप्तान टॉम लॉकयर इस साल दूसरी बार दिल का दौरा पड़ने की वजह से मैदान पर गिरने का मामला सामने आया है। ऐसे में बोर्नमाउथ में खेला जा रहा इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल का मैच रद्द करना पड़ा। ल्यूटन टीम प्रबंधन ने बताया कि लॉकयर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। उनका परिवार उनके साथ है। वेल्स का यह डिफेंडर मैच के 59वें मिनट मैदान पर गिर पड़ा था। दोनों टीमों के खिलाड़ी तुरंत ही उनके पास पहुंचे। ल्यूटन के कोच रॉब एडवर्ड्स भी तुरंत मैदान में चले गए। वह काफी परेशान दिख रहे थे। इस 29 वर्षीय खिलाड़ी को मैदान पर ही उपचार दिया गया और बाद में उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया।

रोने लगे साथी खिलाड़ी व प्रशंसक

ल्यूटन के बेहोश होने के समय मैच 1-1 से बराबरी पर था और उस घटना के बाद रेफरी साइमन हूपर ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। मैच रद्द किए जाने के बाद भी दर्शक स्टेडियम में डटे रहे। वे लॉकयर के समर्थन में नारे लगा रहे थे। लॉकयर के साथी खिलाड़ी और कई प्रशंसक रोने लगे। ल्यूटन ने एक बयान में कहा, प्रशंसकों के प्रति हमें खेद है, लेकिन अपने साथी और मित्र के इस तरह से मैदान छोड़ने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी खेल आगे जारी रखने की स्थिति में नहीं थे।

मई में हार्ट सर्जरी करा चुके हैं टॉम

लॉकयर इससे पहले मई में वेम्बले स्टेडियम में खेले जा रहे एक मैच के दौरान नीचे गिर पड़े थे। इसके बाद उन्हें हार्ट की सर्जरी से गुजरना पड़ा था। हालांकि स्वस्थ होने के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें फुटबॉल खेलना जारी रखने की अनुमति दे दी थी। नए सीजन की शुुरुआत के बाद से लॉकयर का यह 15वां मैच था।

डेनमार्क के स्टीव एरिक्सन भी हो गए थे बेहोश

फुटबॉल में इससे पहले जून, 2021 में यूरो कप मैच के दौरान डेनमार्क के स्टीव एरिक्सन भी दिल का दौरा पड़ने के बाद बीच मैदान बेहोश हो गए थे। फिनलैंड और डेनमार्क के बीच यह मुकाबला कोपेनहेगन में खेला गया था। पहले हाफ में यह हादसा होने के बाद मुकाबला रद्द कर दिया गया था। एरिक्सन ने भी फिट होने के बाद मैदान पर वापसी कर ली थी।

Hindi News / Sports / Football News / मैच के बीच अचानक कप्तान को पड़ा दिल का दौरा, हालत देख रोने लगे साथी खिलाड़ी और दर्शक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.