फिरोजाबाद

नूतन राठौर को भाजपा ने मेयर का टिकट देकर खेला बड़ा दांव

भाजपा ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नामों पर लगाई मुहर

फिरोजाबादNov 08, 2017 / 02:19 pm

अभिषेक सक्सेना

nutan rathore

फिरोजाबाद। भाजपा ने नामांकन की समय सीमा समाप्त होने से दो दिन पहले फिरोजाबाद में मेयर पद के लिए महिला प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी। भाजपा ने राठौर समाज की महिला नूतन राठौर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी के नाम की घोषणा होते ही भाजपाई तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं टिकट मांग रहे दूसरे पक्ष के लोग पार्टी प्रत्याशी के विरोध में खड़े हो गए हैं। हालांकि विरोधी खुलकर विरोध नहीं कर रहे हैं। प्रत्याशी द्वारा आज पर्चा खरीदा जाएगा। संभवतः गुरुवार को प्रत्याशी द्वारा नामांकन किया जाएगा।
इन सीटों पर पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है भाजपा
भाजपा ने शिकोहाबाद नगर पालिका से मनोरमा गुप्ता पत्नी दयाशंकर गुप्ता, टूण्डला नगर पालिका से रामबहादुर चक को पालिकाध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। जसराना नगर पंचायत से से अवनीश गुप्ता, एका से माया देवी सागर, फरिहा से प्रभन्जन जैन को नगर पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपाइयों का मानना है कि शहर में राठौर समाज बहुतायत संख्या में निवास करता है। ऐसे में इस समाज की प्रत्याशी विरोधी सपा के राजनारायण गुप्ता मुन्ना की पत्नी सावित्री देवी को चुनाव में टक्कर दे सकती हैं।
टूंडला में भी शुरू हुआ विरोध
कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के निर्देश पर टूंडला नगर पालिका सीट से रामबहादुर चक को प्रत्याशी घोषित किया गया है। प्रत्याशी को लेकर पार्टी में ही असंतोष है। पार्टी पदाधिकारियों ने ही प्रत्याशी का विरोध करना शुरू कर दिया है। टिकट न मिलने से नाराज चल रही भाजपा नेत्री नीलम दिवाकर ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। माना जा रहा है कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतर रहीं भाजपा नेत्री को पार्टी कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग मिलेगा। टिकट को लेकर भाजपाइयोें में केबिनेट मंत्री के प्रति भी असंतोष होने लगा है।
भाजपा के लिए कठिन होगी राह चुनाव की
निकाय चुनाव जीतना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा। इस बार भाजपा को विरोधियों के साथ-साथ अपनों से ही सामना करना पड़ेगा। पार्टी द्वारा घोषित किए गए प्रत्याशियों को हराने के लिए पार्टी के पदाधिकारी ही एडी चोटी का जोर लगाएंगें। अब देखना यह होगा कि मतदान से पहले क्या भाजपा हाईकमान रूठे हुए पदाधिकारियों को मनाने में कामयाब हो सकेगी। फिलहाल जिले भर में असंतोष की स्थिति है।

Hindi News / Firozabad / नूतन राठौर को भाजपा ने मेयर का टिकट देकर खेला बड़ा दांव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.