धमतरी

Dhan Kharidi: इस साल धान खरीदी का लक्ष्य नहीं हुआ पूरा, बैंकों में टंगी डिफॉल्टर किसानों की सूची…

Dhan Kharidi: इस साल समर्थन मूल्य में धान खरीदी का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। बता दें कि समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए 1 लाख 27 हजार 596 किसानों ने पंजीयन कराया है।

धमतरीJan 31, 2025 / 06:59 pm

Laxmi Vishwakarma

Dhan Kharidi: इस साल धान खरीदी का लक्ष्य नहीं हुआ पूरा, बैंकों में टंगी डिफॉल्टर किसानों की सूची...
Dhan Kharidi: खरीफ सीजन-2024 में धमतरी जिले के 65 हजार 160 किसानों ने धान की खेती के लिए 260 करोड़ 47 लाख 58 हजार रूपए का ऋण लिया है। समर्थन मूल्य में धान बेचने वाले 63 हजार 617 किसानों से अब तक 254 करोड़ 35 लाख 37 हजार की लिकिंग से ऋण वसूली हो गई है। अनेक किसानों ने कर्ज पटाने के डर से पंजीयन नहीं कराया है या पंजीयन कराने के बाद वसूली के डर से धान बेचने नहीं पहुंचे।

Dhan Kharidi: 1 लाख से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन

यही वजह है कि इस साल समर्थन मूल्य में धान खरीदी का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। बता दें कि समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए 1 लाख 27 हजार 596 किसानों ने पंजीयन कराया है। जबकि धान खरीदी के लिए 67 लाख 4 हजार 312 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। धान खरीदी 31 जनवरी तक की जाएगी। 30 जनवरी तक की स्थिति में 1 लाख 23 हजार 747 किसानों से 61 लाख 90 हजार 379.60 क्विंटल धान खरीदा गया है। अब तक 4597 पंजीकृत किसान धान बेचने ही नहीं पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें

CG Dhan Kharidi: भ्रम फैलाने वालों पर सरकार करेगी कार्रवाई, CM ने कहा- 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से हो रही खरीदी

रबी के लिए भी बांटे ऋण

Dhan Kharidi: सहकारिता विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रबी सीजन-2024-25 में 10 हजार 340 किसानों ने खेती-किसानी के लिए कुल 37 करोड़ 37 लाख 55 हजार रुपए का ऋण लिया हैै। इसमें 32 करोड़ 36 लाख 20 हजार रुपए नगद और 5 करोड़ 1 लाख 35 हजार रुपए सामाग्री के रूप में शामिल हैं।
पिछले 5 सालों में जिले में 2 हजार 345 किसान डिफॉल्टर हुए हैं। इनसे सहकारी बैंक को 5 करोड़ 92 लाख 61 हजार रुपए की वसूली करनी है। इन किसानों को ऋण जमा कराने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन ये ध्यान नहीं दे रहे। इन्हें डिफॉल्टरों की सूची में शामिल कर दिया गया है।
सहकारी बैंकों के अलावा जिले के राष्ट्रीयकृत बैंकों से भी बड़ी संख्या में किसानों ने किसानी कार्य के लिए अनुमानित करीब 50 करोड़ से अधिक का ऋण लिया है। अनेक किसान ऐसे हैं, जिन्होंने ऋण जमा नहीं कराया है। डिफॉल्टर किसानों की सूची बैंक परिसर में चस्पा की गई है।

Hindi News / Dhamtari / Dhan Kharidi: इस साल धान खरीदी का लक्ष्य नहीं हुआ पूरा, बैंकों में टंगी डिफॉल्टर किसानों की सूची…

Copyright © 2025 Patrika Group. All Rights Reserved.