21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

देवास

video news: शव दफनाने को लेकर दो पक्षों में रार

2 घंटे तक बना रहा तनाव, भारी पुलिस बल रहा तैनात

Google source verification

देवास. करीब छह माह के अंतराल के बाद स्टेशन रोड स्थित कब्रिस्तान का विवाद शनिवार को फिर से उपजा। मुस्लिम समाज के एक व्यक्ति की मौत के बाद कब्र खोदने की जानकारी मिलने पर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आपत्ति ली। इसी दौरान जनाजा पहुंचा तो विरोध के चलते जनाजा अंदर नहीं जाने दिया गया। करीब चार घंटे दोनों पक्ष आमने-सामने रहे। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। मौके पर भारी पुलिसबल तैनात रहा। वरिष्ठ अफसरों ने काफी देर समझाइश दी। इसके बाद जैसे-तैसे सहमति बनी और जनाजा कर्मचारी कॉलोनी कब्रिस्तान ले जाया गया। देर शाम प्रशासन ने मुख्य गेट को सील कर दिया गया।

जानकारी मिलते ही पहुंचे लोग

स्टेशन रोड पर कब्रिस्तान को लेकर लंबे समय से विवाद चला रहा आ रहा है। इसे लेकर पिछले साल अगस्त में भी विवाद के हालात बने थे। उस समय दोनों पक्षों को समझाइश देकर निराकरण की बात कही गई थी लेकिन निराकरण नहीं हो सका। शनिवार को भौंसले कॉलोनी निवासी जाकिर मंसूरी का बीमारी के चलते निधन हो गया। इसके लिए कब्रिस्तान में कब्र खोदी गई थी। इसकी जानकारी मिलते ही दोपहर करीब 12 बजे हिन्दू संगठनों के पदाधिकारी-कार्यकर्ता व वाल्मिकी समाजजन मौके पर पहुंचे और आपत्ति ली। सभी ने गेट पर खड़े होकर नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के प्रयास किए। इसी दौरान जनाजा भी पहुंच गया।

दोनों-पक्षों ने की नारेबाजी

उधर विरोध के चलते जनाजा अंदर नहीं जाने दिया गया। सूचना पर एएसपी जयवीरसिंह भदौरिया, एसडीएम बिहारीसिंह, सीएसपी दिशेष अग्रवाल, तहसीलदार सपना शर्मा सहित सभी थानों के टीआई भी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने काफी देर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। अफसरों ने कई बार दोनों पक्षों से बात की लेकिन नतीजा नहीं निकला। वहीं वरिष्ठ अफसरों को भी जानकारी दी गई। उधर विवाद के चलते करीब 3 घंटे जनाजा रोड पर ही रखा रहा।

अंदर जाकर किया निरीक्षण

इसी बीच एएसपी व अन्य अधिकारियों ने विवादित स्थल का निरीक्षण भी किया। अफसरों ने समझाइश के प्रयास किए तो दोनों पक्षों के लोगों ने मामला कोर्ट में होने की बात कही। वहीं एक पक्ष की ओर से कुछ कागजात भी दिखाए गए। दोनों पक्षों से अफसरों ने अलग-अलग चर्चा की। इस दौरान 22 जनवरी के बाद नपती कराने की बाद पर सहमति बनी। इसके बाद जनाजा कर्मचारी कॉलोनी के कब्रिस्तान ले जाया गया। देर शाम तहसीलदार व अफसरों की मौजूदगी में कब्रिस्तान के गेट को सील कर दिया गया।

एक रास्ता का किया आवागमन बंद

उधर विवाद के चलते स्टेशन रोड के एक हिस्से में आवागमन बंद हो गया था। हालात देख यातायात पुलिस ने स्टेशन रोड चौराहे पर गजरा गियर्स की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेड्स रखकर बंद कर दिया। वहीं वाहनों को भोपाल चौराहा की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

लंबे समय से है दोनों पक्षों विवाद

उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में इसाई, मुस्लिम, नाथ समाज का कब्रिस्तान व वाल्मिकी समाज का मरघट था। हिन्दू समाजजनों का कहना है कि हमारे हिस्से पर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जा किया जा रहा है। वहीं मुस्लिम समाज का कहना है कि वे वर्षों से यहां शव दफना रहे हैं। शनिवार को वाल्मिकी समाज व हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों का कहना था कि पिछली बार निराकरण की बात कही थी लेकिन नहीं हो सका। प्रशासन को निराकरण करना चाहिए। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि नजूल में बरसों से यह जमीन हमारे नाम दर्ज है।

दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुलह का रास्ता निकालकर स्थायी समाधान किया जाएगा।

-बिहारी सिंह, एसडीएम