दौसा

वो गोमांस खाकर संसद में भगवान शंकर का चित्र लेकर आते हैं, राहुल गांधी पर राजस्थान के BJP नेता की टिप्पणी

Rajasthan Politics: राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कोई हिंदू को आतंकी और हिंसक कहेगा तो हम चुप नहीं बैठे रहेंगे। वो गोमांस खाकर संसद में भगवान शंकर का चित्र लेकर आते हैं। हिन्दू समाज इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता।

दौसाJul 18, 2024 / 01:04 pm

Santosh Trivedi

Rajasthan Politics: दौसा। भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक बुधवार को गायत्री पैलेस में आयोजित की गई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने विधानसभा के उप चुनाव में जीत का मंत्र दिया। साथ ही एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि टिकट किसी को मिले, सभी को कमल के फूल को जिताना है। जोशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने संविधान बदलने व आरक्षण खत्म करने को लेकर भ्रमित करने का प्रयास किया। अब जनता झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी उपचुनाव में प्रदेश में पांचों सीटों पर भाजपा की जीत होगी।

Rajasthan Bjp- वंदे मातरम बोलने पर कांग्रेस के पेट में दर्द होता है: सीपी जोशी


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कोई हिंदू को आतंकी और हिंसक कहेगा तो हम चुप नहीं बैठे रहेंगे। वो गोमांस खाकर संसद में भगवान शंकर का चित्र लेकर आते हैं। हिन्दू समाज इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा वंदे मातरम बोलने पर कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे नारों का कांग्रेस समर्थन करती है। कांग्रेस ने देश को जाति, धर्म व पंथ के नाम पर बांटने का काम किया। भाजपा हमेशा जनता के बीच सेवा का काम करती है, जबकि कांग्रेस सिर्फ चुनाव में सक्रिय होती है।

किरोड़ी के इस्तीफे के सवाल क्या बोले Rajasthan Bjp Chief Cp joshi


प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में समर्पित होकर काम करने वालों को तरजीह मिलेगी। पार्टी को मां कहे और अपमानित भी करें, ऐसा नहीं चलेगा। जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर जोशी ने कहा कि इस पर जनमानस के विचार आ रहे हैं, उसके अनुसार आगे बढ़ा जाएगा। किरोड़ी के इस्तीफे के सवाल को जोशी ने टालते हुए कहा कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं।

हर मतदाता तक पहुंचना है: किरोड़ीलाल मीना


डॉ. किरोड़ीलाल मीना ने कहा कि गत लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि संविधान बदलने व आरक्षण से छेड़छाड़ के भ्रम से नुकसान हुआ, उसे अब बदलना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रहते आरक्षण व संविधान के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। यह मतदाता तक पहुंचकर समझाना है।
भजनलाल सरकार के बजट की खूबियां भी बतानी है। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर नीलकंठ महादेव मंदिर पर रोप-वे तथा दौसा के विकास की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि दौसा के विकास कार्यों में कमी नहीं आने दी जाएगी। उल्लेखनीय है किरोड़ीलाल बैठक के पहले सत्र की समाप्ति के बाद पहुंचे। इससे पूर्व उनके नहीं आने को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

कमी दूर कर लेंगे: प्रेमचंद बैरवा


उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि दौसा सीट जीतना कोई चुनौती नहीं है। इस बार कमी दूर कर जीत हासिल की जाएगी। कार्यकर्ताओं में जोश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता झूठ बोलकर आगे बढ़ते हैं जबकि भाजपा के कार्यकर्ता सच्चाई के साथ काम करते हैं। केंद्र व राज्य सरकार बाबा साहब अंबेडकर के सपनों को पूरा करने के लिए पूरे मानोयोग से काम कर रही है। राज्य बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए घोषणा की गई हैं।

कांग्रेस ने सरकारी मशीनरी का किया राजनीतिकरण: राजेंद्र राठौड़

भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में सरकारी मशीनरी का राजनीतिकरण किया। बीएलओ से लेकर कर्मचारियों की एक छोटी खेप ने कांग्रेस के कार्यकर्ता के रूप में प्रचार किया। ये जानकारी यहां मिली है। इस प्रकार के कर्मचारियों को हिदायत दे रहे हैं, नहीं माने तो कार्रवाई करेंगे। उपचुनाव को लेकर कहा कि आरक्षण का नेरेटिव टूट रहा है, निश्चित रूप से जीतेंगे। किरोड़ीलाल मीना की भीष्म प्रतिज्ञा है तो चुनाव जीतेंगे।

पहले कार्यसमिति, फिर उपचुनाव पर मंथन

बुधवार को पहले जिला कार्यसमिति का आयोजन हुआ। इसमें पूरे जिले से पदाधिकारियों ने भाग लिया। इसके बाद दूसरी बैठक में दौसा विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी व प्रदेश नेता शामिल हुए तथा उपचुनाव को लेकर मंथन किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री कन्हैयालाल सैनी, लालसोट विधायक रामबिलास मीना, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, महुवा विधायक राजेन्द्र मीना, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, पूर्व विधायक शंकरलाल शर्मा, नंदलाल बंशीवाल, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाना, कन्हैयालाल मीना, जिलाध्यक्ष डॉ. प्रभुदयाल शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, नगर अध्यक्ष राजेश एडवोकेट सहित जिलेभर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता थे।

दावेदारों ने स्वागत में दिखाया दमखम


दौसा जिला सीमा से बैठक स्थल तक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री का रास्ते में कई जगह स्वागत किया गया। आगामी उपचुनाव को लेकर टिकट के दावेदारों ने आतिशबाज, ढोल-नगाड़े व पुष्प वर्षा के साथ स्वागत-सत्कार के बहाने दमखम दिखाकर शक्ति प्रदर्शन किया।

संबंधित विषय:

Hindi News / Dausa / वो गोमांस खाकर संसद में भगवान शंकर का चित्र लेकर आते हैं, राहुल गांधी पर राजस्थान के BJP नेता की टिप्पणी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.