क्राइम

सैलून की आड़ में चल रहे स्पा सेंटर पर ताला मिला तो रातभर पुलिस ने की पहरेदारी, सुबह संचालक को पकड़ा

सैलून की आड़ में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस टीम ने दबिश दी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही संचालक ताले लगा भाग गया। इसके बाद पुलिस ने रातभर सैलून के बाहर पहेरदारी के बाद सुबह संचालक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया।

बाड़मेरJun 02, 2024 / 08:04 pm

Mahendra Trivedi

संचालक को गिरफ्तार किया

बालोतरा शहर के नया बस स्टेंड के पास एक सैलून की आड़ में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस टीम ने दबिश दी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही संचालक ताले लगा भाग गया। इसके बाद पुलिस ने रातभर सैलून के बाहर पहेरदारी के बाद सुबह संचालक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया।

संचालक ताले लगा भाग गया

नया बस स्टेंड के पास संचालित क्लासिक सैलून पर शनिवार देर रात करीब 11 बजे बालोतरा डीएसपी मनीषा बाई गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी, लेकिन पुलिस के सैलून पहुंचने से कुछ ही समय पहले सैलून संचालक ताले लगा मौके से भाग गया। इसके बाद पुलिस ने सैलून के बाहर पहेरदारी की।

दो साल पहले दबिश देकर कुछ युवतियां व युवकों को गिरफ्तार किया था

रविवार सुबह हैड कांस्टेबल मोटाराम समेत पुलिस जाप्ते ने सैलून संचालक को दस्तयाब कर सैलून के ताले खुलवाए, लेकिन सैलून में कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने सैलून संचालक साहिल कुमार पुत्र रवि सैन निवासी बालोतरा को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सैलून की आड़ में यहां पर काफी समय से अनैतिक गतिविधियां हो रही थी। इसी जगह पर पुलिस ने करीब दो साल पहले दबिश देकर कुछ युवतियां व युवकों को गिरफ्तार किया था।
अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना थी

– सैलून पर अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना थी। इस पर टीम के साथ दबिश दी, लेकिन संचालक ताले लगा भाग गया। इसके बाद पुलिस ने संचालक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। – मनीषा बाई गुर्जर, वृत्ताधिकारी बालोेतरा

Hindi News / Crime / सैलून की आड़ में चल रहे स्पा सेंटर पर ताला मिला तो रातभर पुलिस ने की पहरेदारी, सुबह संचालक को पकड़ा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.