पहले दिन का खेल बारिश के चलते नहीं हो पाया। जिसके बाद बुधवार को मैच तय समय से 15 मिनट पहले शुरू हुआ। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और ओवरकास्ट कंडीशन में पहले बल्लेबाजी करने का उनका यह फैसला बेहद गलत साबित हुआ। टीम ने मात्र 10 रन के स्कोर पर तीन विकेट गवां दिये। कीवी तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। कप्तान रोहित शर्मा, पूर्व कप्तान विरत कोहली और सरफराज खान सस्ते में पवेलियन लौट गए।
इसके बाद यशस्वी जायसवाल और पंत ने पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन भारत को 31 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। विलियम ओरुर्के ने यशस्वी जायसवाल को एजाज पटेल के हाथों कैच कराया। वह 13 रन बना सके। 33 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। विलियम ने पांचवें विकेट के रूप में राहुल को पवेलियन भेजा।
मैट हेनरी ने कहर बरपाते हुए लंच की आखिरी और लंच के बाद पहली ही गेंद पर टीम इंडिया को झटका दिया है। जडेजा के विकेट के साथ लंच हुआ था। लंच से वापस आते ही पहली ही गेंद पर उन्होंने अश्विन को पवेलियन भेजा। जडेजा के बाद अश्विन भी खाता नहीं खोल सके। इसके बाद 39 के स्कोर पर भारत को बड़ा झटका लगा। पंत 20 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
40 रन के स्कोर पर भारत को नौ विकेट गिरा। जसप्रीत बुमराह एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आखिरी विकेट कुलदीप यादव के रूप में गिरा। कुलदीप मात्र 2 रन का योगदान दे पाये। कीवी टीम के लिए मैट हेनरी ने पांच और विलियम ओरुर्के ने चार विकेट झटके। वहीं टिम साउथी ने एक विकेट झटका।