छिंदवाड़ा

अमृत 2.0 : शहर में 180 किमी का वितरण सिस्टम, बदलेगी कन्हरगांव डैम की मेन पाइप लाइन

अमृत 2.0 योजना से कन्हरगांव डैम से लेकर भरतादेव प्लांट तक क्षतिग्रस्त पाइपलाइन बदली जाएगी।

छिंदवाड़ाOct 24, 2024 / 12:18 pm

manohar soni

छिंदवाड़ा.राज्य शासन ने शहरी पेयजल सुविधा विस्तार आधारित 74 करोड़ रुपए अमृत 2.0 योजना को मंजूरी दी है। इस योजना का ठेका दिल्ली की जियो मिलर कंपनी को मिला है। इसके वर्क आर्डर नगर निगम ने जारी कर दिए हैं। इससे शहर समेत आसपास के इलाकों में 180 किमी का पेयजल वितरण सिस्टम विकसित होगा वहीं कन्हरगांव डैम से भरतादेव तक क्षतिग्रस्त मेन पाइप लाइन बदलेगी।
पिछले साल 2023 में इस योजना में पहले 110 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट बनाया गया था। जिस पर केन्द्र सरकार ने केवल 64 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी। इसके बाद यह मामला राज्य सरकार के पास गया। काफी मशक्कत के बाद सरकारी बजट केवल 74 करोड़ रुपए तक आया। इसके बाद इस राशि के अनुरूप प्रोजेक्ट को राज्य तकनीकी समिति के समक्ष रखा गया। जिस पर दो माह पहले ही उसे मंजूर किया गया। फिर एजेंसियों के टेंडर में जियो मिलर दिल्ली को इसका ठेका मिला। जिसके वर्क आर्डर निगम की ओर से जारी किए गए हैं। अब यह एजेंसी इस योजना को गति देगी।
….
तीन फैक्टर, तालाब,ड्रिस्टीब्यूशन और वितरण सिस्टम
इस योजना में तीन फैक्टर पर काम होगा। इनमें पहला खजरी तालाब को पुर्नजीवित करने इसका उन्नयन होगा। जिसमें पाथ वे का निर्माण भी होगा। दूसरा फैक्टर अमृत 1.0 में शेष रह गए गांवों और शहरी इलाकों में पानी टंकी और पाइप लाइन विस्तार का 180 किमी का वितरण सिस्टम तैयार होगा। साथ ही पाठाढाना, बजरंग नगर, शक्कर मिल टेकरी, आदर्श नगर और जेल के पास पानी टंकी बनेगी। तीसरा फैक्टर भरतादेव 11 एमएलडी प्लांट का संधारण तथा भरतादेव प्लांट से लेकर कन्हरगांव डैम तक क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को बदला जाएगा।
……
57 पेयजल टंकी से 37 हजार नल कनेक्शन
निगम की जानकारी के अनुसार इस योजना में पहले नगर निगम के रिकार्ड के अनुसार 48 वार्ड की 2.76 लाख आबादी को पेयजल आपूर्ति करने घरेलू और सार्वजनिक रूप से 37678 नल कनेक्शन दिए गए हैं। कन्हरगांव और माचागोरा डैम का पानी 57 पेयजल टंकी तथा 100 बोर के माध्यम से घर-घर पहुंचता है। प्रति व्यक्ति पानी की राष्ट्रीय औसत खपत 135 लीटर है।
……
इनका कहना है…
अमृत 2.0 योजना को मंजूरी मिलने के बाद इसकी निर्माण एजेंसी तय हो गई है। इसका वर्क आर्डर निगम की ओर से कर दिया गया है। इस योजना को दो साल में पूरा किया जाएगा।
-ईश्वर सिंह चंदेली, कार्यपालन यंत्री नगर निगम।

संबंधित विषय:

Hindi News / Chhindwara / अमृत 2.0 : शहर में 180 किमी का वितरण सिस्टम, बदलेगी कन्हरगांव डैम की मेन पाइप लाइन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.