छतरपुर. महिला रेल यात्रियों की सुरक्षा झांसी मंडल की प्राथमिकता रही है। इस संबंध में,लंबी दूरी की रेलगाडिय़ों में विशेष रूप से अकेले यात्रा करने वाली या अपराध की चपेट में आने वाली महिला यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा “मेरी सहेली” अभियान चलाया जा रहा है। झांसी मंडल, रेलवे सुरक्षा बल द्वारा “मेरी सहेली” अभियान के अंतर्गत अप्रेल 2023 से मार्च 2024 तक यात्रा के दौरान 64210 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में 25 मई -2024 तक 3948 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गई है।
मेरी सहेली
रेलवे प्रशासन इन दिनों ट्रेनों में अकेली यात्रा कर रही महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षित उनको गंतव्य तक पहुंचने के लिए “मेरी सहेली” योजना चलाई जा रही है। इस योजना को लंबी दूरी की ट्रेनों में फिलहाल लागू किया गया है। मेरी सहेली योजना के तहत अकेली महिला यात्रियों की यात्रा की पूरी जानकारी गाडी के प्रारंभ स्टेशन से ही अगले नामित स्टेशनों में रेलवे सुरक्षा बल की महिला सुरक्षा बल को दी जाती है। जिससे स्टेशन में ट्रेन के आगमन होते ही मेरी सहेली की टीम ट्रेनों में जाकर महिला यात्रियों से संपर्क कर बात करती है,साथ ही उनको होने वाली परेशानियों को दूर करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में इन दिनों अकेली यात्रा कर रही महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है। इसमें महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई है, जो झांसी मण्डल से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की जांच कर महिला यात्रियों को सुरक्षा प्रदान कर रही है।फैक्ट फाइल
रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139
सिक्योरिटी मदद- 182
शिकायत टोल फ्री नंबर- 1800111321
इनका कहना है
लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रा कर रही महिलाओं को सुरक्षा का अहसास कराने के लिए मेरी सहेली योजना चलाई गई है। महिला सुरक्षा बल पूरी यात्रा में महिला यात्री के संपर्क में रहकर उनकी मदद करती हैं।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, झांसी रेलवे