scriptजिला अस्पताल के वार्डो में पंखे के सहारे 44 डिग्री गर्मी का मुकाबला, वाटर कूलर में पानी नहीं, टंकी दे रही गर्म पानी | district hospital | Patrika News
छतरपुर

जिला अस्पताल के वार्डो में पंखे के सहारे 44 डिग्री गर्मी का मुकाबला, वाटर कूलर में पानी नहीं, टंकी दे रही गर्म पानी

अस्पताल में इलाज तो मिल रहा है, लेकिन गर्मी और पीने के पानी का संकट मरीजों व परिजनों को हलाकान किए है। अस्पताल में भर्ती मरीजों व परिजनों के लिए पीने का ठंडा पानी उपलब्ध नहीं है। सेंट्रल एसी काम नहीं कर रहा, जिससे मजबूरन मरीजों को घर से कूलर लाना पड़ रहा है।

छतरपुरMay 24, 2024 / 11:10 am

Dharmendra Singh

district hospital ward

प्रसूता वार्ड में पंखे के सहारे मरीज

छतरपुर. गर्मी के कारण लोग अस्वस्थ हो रहे हैं। ऐसे में इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल में इलाज तो मिल रहा है, लेकिन गर्मी और पीने के पानी का संकट मरीजों व परिजनों को हलाकान किए है। अस्पताल में भर्ती मरीजों व परिजनों के लिए पीने का ठंडा पानी उपलब्ध नहीं है। सेंट्रल एसी काम नहीं कर रहा, जिससे मजबूरन मरीजों को घर से कूलर लाना पड़ रहा है। पीने का पानी लेने के लिए तीसरी-चौथी मंजिल से उतरकर उतरकर नीचे आना पड रहा है। तब भी गर्म पानी ही मिल पा रहा है।

लाइव 01


समय- दोपहर 1.30 बजे
प्रसूता वार्ड में क्षमता से अधिक महिलाएं भर्ती हैं। वार्ड के पलंग से लेकर फर्श तक पर मरीजों व परिजन बैठे हुए हैं। वार्ड में पंखे लगे हैं। लेकिन गर्मी में ये पंखे भी मरीजों को कोई राहत नहीं दे पा रहे हैं। ऊपर से पीने के पानी का कोई इंतजाम नहीं है। वार्ड में भर्ती मरीज के परिजन उदयभान ने बताया कि वार्ड में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। अस्पताल के बाहर लगे हैंडपंप से पानी लेकर आए हैं।

लाइव 02


समय- दोपहर 1.36 बजे
वार्ड नंबर दो में सिजेरियन डिलेवरी वाली महिलाएं भर्ती हैं। इसी वार्ड में बच्चे भी भर्ती है। यहां भी क्षमता से अधिक मरीज भर्ती है। वार्ड में भर्ती राजकुमारी की तीमारदारी के लिए मौजूद सास विमला ने बताया कि वार्ड में पीने का पानी नहीं है। अस्पताल परिसर में बनी पानी की टंकी से पानी भरकर लाए हैं।

लाइव 03-


समय- दोपहर 1.42 बजे
तीसरी मंजिल पर सर्जिकल वार्ड और वर्न वार्ड है। वार्ड के बाहर वाटर कूलर रखा है। लेकिन उसमें पानी नहीं है। परिजनों को अस्पताल के नीचे जाकर टंकी से पानी लाना पड़ रहा है। बेटी बाई अहिरवार के परिजन सर्जिकल वार्ड में भर्ती है। उनका कहना है कि वार्ड में पानी की समस्या है। नीचे जाकर पानी लाना पड़ता है। वर्न वार्ड में भर्ती जसोदा अनुरानी ने बताया कि वार्ड का एसी खराब है। इसलिए घर से कूलर लेकर आए हैं।

लाइव 04-


समय -दोपहर 1.50 बजे
मेडिकल वार्ड के सामने पानी की व्यवस्था है। जहां आरो का पीने का पानी लिखा है, लेकिन पानी नहीं है। मजबूरन मरीज के परिजन जिला अस्पताल कैंपस में बनी पानी की टंकी से पानी ले जा रहे हैं। टंकी का पानी गर्म है। लेकिन मजबूरी में परिजन व मरीज इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं या खरीद कर ठंडा पानी पी रहे हैं।

Hindi News/ Chhatarpur / जिला अस्पताल के वार्डो में पंखे के सहारे 44 डिग्री गर्मी का मुकाबला, वाटर कूलर में पानी नहीं, टंकी दे रही गर्म पानी

ट्रेंडिंग वीडियो