बूंदी

दो जनों ने मिलकर गोदा चाकू से, दोनों गिरफ्तार

शहर के चारभुजा मंदिर के निकट पुरोहित गली में युवक की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बूंदीAug 10, 2021 / 06:48 pm

पंकज जोशी

दो जनों ने मिलकर गोदा चाकू से, दोनों गिरफ्तार

दो जनों ने मिलकर गोदा चाकू से, दोनों गिरफ्तार
शहर की पुरोहित गली में हुई थी वारदात
आरोपी न्यायालय में पेश, दो दिन रिमांड पर सौंपे, हत्या के काम लिया चाकू बरामद, स्कूटर की तलाश में जुटी पुलिस
बूंदी. शहर के चारभुजा मंदिर के निकट पुरोहित गली में युवक की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रथम दृष्टया मामले में पकड़े गए दोनों आरोपी ने ही मृतक पर चाकू से वार किया बताया। पुलिस ने हत्या के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। विवाद पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था। पुलिस ने वारदात में काम लिया चाकू बरामद कर दिया, अब स्कूटर बरामद करने में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के चारभुजा मंदिर के निकट पुरोहित गली में रविवार को एक हजार रुपये के लेनदेन को लेकर आरोपी बंटी सुमन व 35 वर्षीय महावती पाड़ा निवासी रिजवान के बीच विवाद हो गया था। दोनों में लड़ाई झगड़ा हुआ। मामला बढ़ता देख देवपुरा निवासी आरोपी बंटी व ब्रह्मपुरी निवासी आमिन ने रिजवान पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना स्थल पर ही रिजवान का काफी खून बह गया। साथी ब्रह्मपुरी निवासी 38 वर्षीय आबिद उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान रिजवान की मौत हो गई। वारदात में आबिद भी घायल हुआ। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। दोनों आरोपियों को देर शाम हिरासत में ले लिया था। जिन्हें सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना प्रभारी सहदेव मीणा ने बताया कि आरोपी को बायपास रोड एक शराब के ठेके से डिटेन किया। मंगलवार को दोनों को फिर से न्यायालय में पेश किया जाएगा।
…तो इसलिए कर दिए चाकू से ताबड़तोड़ वार
आरोपी बंटी ने पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले मृतक रिजवान ने उसकी जेब से 17 हजार रुपये निकाल लिए थे। फिर पैसे वापिस नहीं दे रहा था। कई बार मांगने पर टाल रहा था। उस समय भी दोनों के बीच हाथापाई हुई थी। रविवार सुबह पैसे मांगने वहां गया तो फिर से विवाद हो गया। उसने तेश में आकर चाकू से वार कर दिए।
स्मैक बन रही वारदातों का अहम कारण
शहर में खुलेआम बिकती स्मैक अब वारदात का कारण बनने लगी। रिजवान की हत्या का मुख्य कारण भी स्मैक ही बताई। आरोपी बंटी सुमन भी स्मैक का आदी बताया। यहां शहर के लोगों ने खुलेआम होते स्मैक के कारोबार को झगड़े और चोरियों का प्रमुख कारण माना। पुलिस के इस काले कारोबार के खिलाफ मौन रहने पर शहर के बाशिंदों ने आक्रोश व्यक्त किया।
परिक्रमा मार्ग में जा छिपा
बंटी सुमन पहले चारभुजा मंदिर के पीछे द्वारिकाधीश मंदिर में छिप गया। बाहर से ताला लगा था। यह भीतर परिक्रमा मार्ग में छिपा रह गया। जहां से विशेष शाखा के हेड कांस्टेबल भारत सिंह और कांस्टेबल संत कुमार ने दबोचा। मुख्य आरोपी को पकडऩे में दोनों जवानों की सूझबूझ काम आई।
पहले मंदिर में छिपे
जानकारी के अनुसार मृतक व उसका साथी और विनोद तीनों विनोद के घर पर बैठे हुए थे। तीनों ही स्मैक के आदी बताए। कुछ देर बाद बंटी और आमिन विनोद के घर पहुंचे। जहां पैसे के लेनदेन को लेकर बंटी और रिजवान में विवाद हुआ। इस पर विनोद ने टोका भी। बाद में दोनों झगड़ते हुए बाहर आ गए। फिर बंटी ने स्कूटर से चाकू निकालकर रिजवान के पेट और पीठ पर घोंप दिया। साथ आए आमिन ने भी चाकू से रिजवान पर वार किया। वह मंदिर में जा छिपे।

Hindi News / Bundi / दो जनों ने मिलकर गोदा चाकू से, दोनों गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.