राजधानी में जोरशोर से वैक्सीनेशन का महाभियान शुरू हुआ। प्रदेश में दो दिन में 30 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेशभर में करीब 9 हजार सेंटर तैयार किए गए है। भोपाल के जवाहर चौक स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। लोगों को शपथ दिलवाई।
देखें Updates 9:00 pm मध्य प्रदेश में एक दिन में रिकॉर्ड टीकाकरण दर्ज किया गया है। 25 अगस्त यानी वैक्सीनेशन के महाअभियान के पहले दिन रात 9 बजे तक मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड 22 लाख 98 हज़ार 392 नागरिकों का टीकाकरण हुआ है।
1.45 pm
उज्जैन से खबर है कि वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। सांसद अनिल फिरोजिया भी लोगों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। यहां के कई सेंटरों पर लोगों का स्वागत फूल देकर किया गया।
1.35 pm
इंदौर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी काफी उत्साह देखा गया। कई सेंटर्स पर लोग कतारों में खड़े देखे गए। जिले में चलाए गए जागरूकता अभियान के कारण यहां लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। यहां पर पहला और दूसरा डोज दोनों ही लगाए जा रहे हैं।
1.30 pm
मुरैना से खबर है कि जिले में 40 हजार का लक्ष्य रखा गया है। यहां के सेंटर पर भीड़ उमड़ी है, हालांकि यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारी लोगों को गाइडलाइन का पालन करने की बात बार-बार समझाते रहे।
1.oo pm
चौहान ने कहा कि यह टीका सुरक्षित, असरकारी एवं हानि रहित है। आएं, हम सभी मिलकर कोविड-19 टीकाकरण अभियान सफल बनाएं। उन्होंने सभी को शपथ भी दिलवाई। चौहान ने काटजू अस्पताल के नए भवन का अवलोकन भी किया।
12.30 pm
शिवराज बोले ये जिंदगी का डोज है
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संबोधन शुरू। चौहान ने कहा कि यह दोबारा महाभियान की जरूरत क्यों पड़ी। क्योंकि धीरे-धीरे लोग निश्चिंत होने लगे थे। कई लोग वैक्सीन लगवाने नहीं आ रहे। चार करोड़ से अधिक लोगों को पहला डोज लग गया। उसके बाद भी दूसरा डोज भी जरूरी है। इसलिए मैंने देखा कि कई लोग दूसरा डोज लगवाने ही भूल गए। पहले डोज के बाद यदि दूसरा डोज नहीं लगा है तो पहला डोज बेकार हो जाएगा। मन में चिंता हुई, कोरोना अभी गया नहीं है। रोज पाजीटिव केस आ रहे हैं, नियंत्रण में है यह अलग बात है। एमपी में कोरोना से नियंत्रण पाया है। यह बहुमुखी बीमारी है, कब किसी रास्ते से पहुंच जाए, इसका ठिकाना नहीं है। केरल में आज भी काफी केस आ रहे हैं। अमेरिका में रोज डेढ़ लाख से ज्यादा पाजिटिव केस आ रहे है। अस्पताल भरने लगे हैं। इसलिए सभी से आग्रह है कि हमने कई अपनों को खोया है, जवान बच्चे चले गए, अस्पतालों में जगह नहीं बची थी , आक्सीजन की हालत कैसे थी, इसलिए वैक्सीनेशन के मामले में लापरवाह नहीं होना है। यह साधारण वैक्सीन नहीं है, जिंदगी का डोज है।
12.25 pm
चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश में कोरोना की शुरुआत तो कमलनाथ सरकार के वक्त हो गई थी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नहीं प्रधानसेवक हूं। यह कहते हुए शिवराजजी सीधे कोरोना से लोगों को बचाने में जुट गए। पहले पीपीई किट नहीं होते थे, मास्क नहीं होते थे। इसकी व्यवस्था कराई। सामाजिक समरसता को लेकर मध्यप्रदेश को बचाया। इसकी तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने भी की।
12.15 pm
स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्रीजी ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह कर वैक्सीन की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री की मेहनत का परिणाम है कि आज लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी 12 बजे तक 4 लाख 62 हजार लोगों को प्रदेशभर में टीका लग चुका है।
12.05 PM
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल स्थित जवाहर चौक पहुंचे। यहां वैक्सीनेशन सेंटर को कर रहे हैं संबोधित। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता भी मौजूद हैं।
11.30 pm
राजधानी भोपाल में 1 लाख 10 हजार का लक्ष्य
राजधानी भोपाल में भी कई सेंटर्स पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। पहले दिन 704 सेंटरों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले दिन 1,10000 लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट है। 700 से ज्यादा वैक्सीनेटर की ड्यूटी लगाई गई है।
एमपी में कोरोना समाप्ति की ओर
इससे पहले गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने बुधवार को सुबह कहा कि वैक्सीनेशन महाअभियान 2.0 प्रदेश को कोरोना मुक्त करने के लिए संजीवनी का काम करेगा। सभी प्रदेशवासियों से मेरा विनम्र आग्रह है कि स्वयं को और अपने परिवार को कोरोना महामारी से बचाने के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएं और प्रदेश को कोरोना मुक्त बनाने में अपना अहम योगदान दें। मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में कोरोना समाप्ति की स्थिति में पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के सिर्फ 5 नए केस आए और 14 लोग स्वस्थ होकर अपने घर गए। प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट 98.60% और कुल एक्टिव केस 90 हैं। कल प्रदेश भर में कोरोना के कुल 66,745 टेस्ट किए गए हैं।
कटनी में उत्साह कम
कटनी से खबर है कि यहां के कचहरी चौराहा स्थित सेंटर पर वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा जायजा लेने पहुंचे। यहां अपेक्षाकृ कम लोग ही मिले। ज्यादातर कुर्सियां खाली पड़ी थी। इसके बाद प्रभारी मंत्री को ऑडिटोरियम जाना था लेकिन वह वहां का प्रोग्राम चेंज करते हुए सीधे तिलक कॉलेज पहुंच गए बताया जा रहा है कि उस समय वहां की तैयारियां पूरी नहीं थी। नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी उहापोह की स्थिति में नजर आए। इस दौरान तेल दिया बाती के इंतजाम में ही जुटे रहे जब तक मंत्री कॉलेज पहुंच गए इसके बाद यहां से बड़वारा के लिए रवाना हो। यहां 70 हजार लोगों को वैक्सीन लगेगी।
मुरैना में उमड़ी भीड़
मुरैना से खबर है कि यहां टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ तो उमड़ रही है, लेकिन सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं हो रहा है। कई लोग बगैर मास्क के ही लाइन में खड़े हो गए हैं। बुधवार को जिले भर में 40,000 लोगों को कोरोना टीका लगाए जाने का लक्ष्य रखा है। फाटक बाहर पीजी कॉलेज के पुराने भवन में बनाए गए टीकाकरण केंद्र पर महिलाओं और पुरुषों की भीड़ टीका लगवाने के लिए उत्साहित नजर आई। महा अभियान के अंतर्गत जिले भर में 2 दिन के भीतर 59000 लोगों को कोरोना का टीका लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। 100 से ज्यादा टीमें कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिए लगाए जा रहे टीके के लिए काम कर रही हैं। नगर निगम क्षेत्र में सभी 47 वार्डों में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।