भोपाल

शिवराज कैबिनेट में शामिल हुए तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत, सिंधिया समर्थक हैं दोनों नेता

उपचुनाव के परिणाम 10 नवंबर को आए थे। इसके बाद से शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार किया जा रहा था।

भोपालJan 03, 2021 / 01:22 pm

Pawan Tiwari

,,

भोपाल. शिवराज सिंह चौहान ने अपनी कैबिनेट का विस्तार किया। शनिवार को हुए कैबिनेट विस्तार में दो लोगों को शामिल किया गया। राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत मंत्री पद की शपथ दिलाई। दोनों मंत्रियों के शपथ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
उपचुनाव के परिणाम 10 नवंबर को आए थे। इसके बाद से शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार किया जा रहा था। इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की तीन दौर की बैठकें हुई।
सिलावट को जल संसाधन और राजपूत को परिवहन-राजस्व विभाग मिलेगा
तुलसी सिलावट को जल संसाधन और गोविंद सिंह राजपूत को परिवहन व राजस्व विभाग मिल सकता है। शिवराज सरकार सत्ता में आने के बाद सिलावट और राजपूत को यही विभाग सौंपे गए थे।
सांवेर से विधायक हैं सिलावट
तुसली सिलावट इंदौर जिले की सांवेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद उपचुनाव में उन्होंने कांग्रेस के प्रेमचंद गुड्डू को चुनाव हराया था। वहीं, गोविंद सिंह राजपूत सागर जिले की सुरखी से उपचुनाव में जीत कर आए हैं। दोनों ही नेताओं को सिंधिया का करीबी माना जाता है।
शिवराज कैबिनेट में अभी भी 4 पद खाली
तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद अभी भी शिवराज कैबिनेट में चार मंत्रियों के पद खाली हैं।

Hindi News / Bhopal / शिवराज कैबिनेट में शामिल हुए तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत, सिंधिया समर्थक हैं दोनों नेता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.