bell-icon-header
भोपाल

अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण, बीजेपी MLA ने दी थी अपनी सरकार को चेतावनी

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि पर भोपाल के व्यापमं चौराहे पर होने वाला है प्रतिमा का अनावरण…।

भोपालMar 04, 2023 / 11:09 am

Manish Gite

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा को लेकर हर साल राजनीति गर्म हो जाती है। इस बार भी बीजेपी विधायक (bjp mla) ने भी राजनीति गर्मा दी है। उन्होंने ऐलान किया था कि यदि अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण भाजपा सरकार नहीं करती है तो यह विंध्य का अपमान है। भाजपा नेता ने अपनी ही सरकार को चेतावनी भी दी थी। इधर, अर्जुन सिंह की पुण्य तिथि पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने अर्जुन सिंह (arjun singh) को अपना राजनीतिक गुरु बताया है।

 

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम स्वर्गीय अर्जुन सिंह की चार मार्च को पुण्यतिथि है। कई कांग्रेस नेता उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। शनिवार को व्यापमं चौराहे पर अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया जा रहा है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह (digvijay singh) ने अपने राजनीतिक गुरु अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री पूर्व राज्यपाल व मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.श्री अर्जुन सिंह जी की पुण्यतिथि पर शत् शत् नमन। वे मेरे राजनीतिक गुरू थे और मेरी राजनीतिक सफलता में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्हें सादर श्रद्धांजलि।

 

 

 

https://twitter.com/hashtag/ShriArjunSinghji?src=hash&ref_src=twsrc%5Etfw

प्रतिमा पर यह था विवाद

इससे पहले नानके पेट्रोल पंप के सामने उनकी प्रतिमा लगाई गई थी, लेकिन विवादों के कारण उसका अनावरण नहीं हो पाया। इसके बाद दो साल तक उनकी प्रतिमा बगैर अनावरण के ही लगी रही। विवाद का कारण यह भी था कि यहां पहले स्वतत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा लगी थी, जिसे नगर निगम ने हटा दिया था और कमलाथ सरकार के कार्यकाल में अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाया जाना तय हुआ था। 11 नवंबर 2019 को प्रतिमा का अनावरण होना तय था, इसका विरोध हुआ और मामला विवादों में आ गया था। यह मामला तब से ठंडे बस्ते में चले गया था।

 

गौरतलब है कि मामला उस समय प्रकाश में आया था जब शहर के प्रमुख चौक-चारोहों को छोटा करने के लिए महापुरुषों की प्रतिमा को सड़क किनारे स्थापित किए जा रहा था। तभी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को हटाकर किनारे किया जा रहा था, तभी उसी स्थान पर अर्जुन सिंह की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी।

अब व्यापमं चौराहे पर लगी प्रतिमा

सियासत गर्माई और कांग्रेस नेताओं ने स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा को 6 नंबर बस स्टॉप के पास स्थित व्यापमं चौराहे पर लगा दिया गया। अब इस स्थान पर प्रतिमा अनावरण का इंतजार कर रही है।

 

 

मैहर से भाजपा विधायक ने उठाई थी मांग

कुछ दिनों पहले विंध्य क्षेत्र के मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने व्यामपं चौराहे पर लगी अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण की मांग अपनी ही सरकार से उठाई थी।

भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी अपनी ही पार्टी को कई बार घेर चुके हैं और कई बार कांग्रेस के साथ भी मेल-मुलाकात कर चुके हैं। हाल ही में त्रिपाठी अर्जुन सिंह की प्रतिमा के पास पहुंचे और उन्हें पुष्प माला पहनाकर श्रद्धाजलि दी। त्रिपाठी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह किसी पार्टी से बंधे हुए नहीं हैं, वे एक राष्ट्रीय लीडर रहे हैं। विन्ध्य की धरोहर हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार उनकी पुण्य तिथि 4 मार्च से पहले उनकी प्रतिमा का सम्मान के साथ अनावरण करें। हमारी मांग है कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह (राहुल भैया) उनकी प्रतिमा का अनावरण कराएं। यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो विन्ध्य के लोग 4 मार्च को अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण धूमधाम से करेंगे। त्रिपाठी ने कहा कि इस मामले में कई बार पत्र लिखा गया है, लेकिन सरकार इस मांग की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। यह विंध्य क्षेत्र के लोगों का अपमान है।

 

मुख्यमंत्री विंध्य क्षेत्र के दौरे पर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (shivraj singh chauhan) शनिवार को विंध्य क्षेत्र के ही दौरे पर हैं। वे रीवा जिले के मउगंज में संबल योजना के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। नारायण त्रिपाठी कहते हैं कि विंध्य क्षेत्र के लिए हवाई सुविधा जरूरी है, लेकिन पढ़ाई, दवाई, युवाओं की नौकरी, रोजगार की व्यवस्था, बच्चों की खेलकूद की व्यवस्था नहीं है।

त्रिपाठी ने कहा कि आज भी हमारे विंध्य के बच्चों को पढ़ाई के लिए इंदौर जाना पढ़े, दवाई के लिए नागपुर जाना पड़े, बच्चों को खेलकूद की व्यवस्था न मिले। इसको हम विकास का नारा देंगे?

Hindi News / Bhopal / अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण, बीजेपी MLA ने दी थी अपनी सरकार को चेतावनी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.