भोपाल

Ratan Tata Passes Away : रतन टाटा के निधन पर CM मोहन यादव समेत कई दिग्गजों ने जताया दुख, एमपी में भी शोक की लहर

Ratan Tata Passes Away : जाने-माने उद्योगपति और समाज सेवक रतन टाटा के निधन से पूरा देश स्तब्ध है। देश-दुनिया की हस्तियां उनके निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रही हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में भी रतन टाटा के निधन पर शोक की लहर है।

भोपालOct 10, 2024 / 09:35 am

Faiz

Ratan Tata Passes Away : भारत के जाने-माने उद्योगपति और समाज सेवक रतन टाटा के निधन हो गया है। कुछ दिनों से उनकी मामूली तबियत के उतार चढ़ाव से जुड़ी खबरें सामने आ रही थीं। वहीं, बुधवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। रतन टाटा के निधन की खबर सुनकर पूरा देश स्तब्ध है। देश-दुनिया की हस्तियां उनके निधन की सूचना पाकर सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रही हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में भी रतन टाटा के निधन पर शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत राज्य के कई दिग्गज नेताओं ने रतन जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

यह भी पढ़ें- पैगंबर मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, महंत यति के खिलाफ कोर्ट पहुंचे कांग्रेस विधायक

CM मोहन यादव ने व्यक्त किया दुख

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुप्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- देश के सुप्रसिद्ध उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा जी का निधन उद्योग जगत ही नहीं, अपितु समस्त भारतवासियों के लिए अपूरणीय क्षति है। आज देश ने एक महान उद्योगपति के साथ ही बेहद संवेदनशील, राष्ट्रसेवा एवं मानवता के प्रति सदैव समर्पित शख्सियत को खोया है। उनके जाने से भारत ही नहीं, बल्कि विश्व उद्योग जगत में एक रिक्तता सदैव रहेगी। देश के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने परमधाम में स्थान देंवे, साथ ही शोकाकुल हर व्यक्ति को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।

VD शर्मा ने व्यक्त किया दुख

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, प्रसिद्ध उद्योगपति,महान देशभक्त व पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा जी का दुःखद निधन उद्योग जगत के लिये अपूरणीय क्षति है। विभिन्न सामाजिक कार्यों और उद्योग जगत को नई दिशा देने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। ईश्वर दिव्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति।

जीतू पटवारी ने व्यक्त किया दुख

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- महान उद्योगपति और भारत के विकास में अभूतपूर्व योगदान देने वाले रतन टाटा जी के निधन से पूरा देश शोकाकुल है। रतन जी ने अनगिनत लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा। ईश्वर इस महान आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

कमलनाथ ने व्यक्त किया दुख

रतन टाटा के निधन पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी गहरा शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति और समाजसेवी पद्म विभूषण रतन टाटा के निधन पर मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूं। अपनी औद्योगिक दक्षता से उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया। उनके निधन से देश ने एक प्रतिबद्ध औद्योगिक नेतृत्व खो दिया है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति।
यह भी पढ़ें- MP के CRPF जवान की हरियाणा में मौत, विधानसभा चुनाव की ड्यूटी पर गया था, तिरंगे में लिपटकर लौटा पार्थिव शरीर

कुछ दिन पहले की थी अफवाह न फैलाने की अपील

आपको बता दें कि उद्योगपति रतन टाटा की सोमवार को तबीयत खराब होने की खबर सामने आई थी। रतन टाटा ने खुद ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अफवाह ना फैलाने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि वह रुटीन चेकअप के लिए आए हैं। हालांकि बुधवार देर शाम उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। देर रात उनका निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे।

Hindi News / Bhopal / Ratan Tata Passes Away : रतन टाटा के निधन पर CM मोहन यादव समेत कई दिग्गजों ने जताया दुख, एमपी में भी शोक की लहर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.