
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल में हैं। वे भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने आए हैं। मोदी अपने संबोधन में प्रदेश भर से आए लाखों कार्यकर्ताओं को आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देने आए हैं। भाजपा ने इस कार्यक्रम को मेगा शो के रूप में प्लान किया है। प्रदेशभर से इस आयोजन में 10 लाख कार्यकर्ताओं के आने का दावा किया गया है। पीएम मोदी पिछले छह माह में 7वीं पार मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं।
राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह आयोजन हो रहा है। इस दौरान पीएम मोदी करीब आधा किलोमीटर का रोड शो भी हो रहा है। इसके लिए हेलीपैड से सभास्थल तक आधा किलोमीटर लंबी विशेष रोड बनाई गई है। यहां से पीएम मोदी रोड शो करते हुए मंच पर पहुंचे। पीएम मोदी का हार फूलों से महिलाओं ने स्वागत किया।
देखें LIVE UPDATES
12.04 pm
त्योहारों में वोकल फॉर लोकल का रखें ध्यान
पीएम मोदी ने कहा कि आज हम जो फैसले लेंगे, वो आने वाले हजार साल के सफर को तय करने वाले हैं। विकसित भारत के लिए मध्यप्रदेश का विकसित होना बहुत आवश्यक है। ऐसा विकसित हो जैसा हमने विदेशों में देखा है। हमें मध्यप्रदेश को नए अवसरों की धरती बनाना है। इसलिए यहां आने वाले पांच वर्षों में पूर्ण बहुमत की सरकार बनें। भाजपा के पास रोडमैप भी है और उसे जमीन पर उतारने की इच्छा शक्ति भी है। हमें विधानसभा ही नहीं हमें हर बूथ जीतना है लोगों का दिल जीतना है। बूथ का हर कार्यकर्ता हमारा उम्मीदवार है। हर कार्यकर्ता को जी जान से जुटना है। मोदी ने सभी से आग्रह किया कि आने वाले 2 अक्टूबर को बापू की जन्म जयंती है, एक अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ा बहुत बड़ा कार्यक्रम होने वाला है। सभी से आग्रह है कि इसमें जुड़े। त्योहारों पर भी ध्यान रखना है, वोकल फॉर लोकल पर ध्यान रखना है।
13.03 pm
मोदी ने कहा कि कांग्रेस को अब नेता नहीं चला रहे हैं। वो एक कंपनी बन गई है। कई काम आउट सोर्स कर रही है। कांग्रेस का ठेका अब कुछ अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस में अब अर्बन नक्सलियों की ही चल रही है। कांग्रेस का कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर भी यह महसूस कर रहा है। कांग्रेस जमीन पर भी खोखली हो रही है। भारत अब महत्वपूर्ण कालखंड में प्रवेश कर चुका है। पूरा विश्व कह रहा है कि यह भारत का कालखंड है, हर निवेशक भारत में अवसर देख रहा है। हमारे चंद्रयान का गौरवगान पूरा विश्व कर रहा है।
12.54 pm
मोदी का मिजाज भी अलग है और मिशन भी अलग है। मेरे लिए देश से बड़ा, देशवासियों से बड़ा कुछ भी नहीं है। गरीबों की चिंता मुक्त करने का अवसर कांग्रेस के पास भी था। लेकिन, उनकी इच्छा शक्ति नहीं थी। मोदी ने कहा कि गरीब से गरीब का गुणवत्ता का जीवन मिले, आज देश में इसके लिए काम किया जा रहा है। कुछ दिन पहले पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू हुई। देश के कोने-कोने में फैले विश्वकर्मा हर जगह है। कांग्रेस ने उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया था। आपने एक वोट देकर इस सेवक को आपका सेवा करने का अवसर दिया। आज हमारे कुंभार, लोहार, सुनार, सुतार, जूते बनाने वाले, राजमिस्त्री, दर्जी ऐसे दर्जनों लोगों के लिए योजना बनी। लाखों रुपयों के लोन की व्यवस्था हुई है। विश्वकर्मा साथियों के लिए कम ब्याज पर लोन की व्यवस्था की है, उसकी गारंटी मोदी ने ली है। हमने रेहड़ी, पटरियों पर काम करने वाले साथियों के लिए बैंकों के दरवाजे खोले हैं। इनकी बैंक गारंटी भी मोदी ने ली है। गांव-कस्बे में रहने वाले लोग ढाबा, गेस्ट हाउस आदि कर सके, इसके लिए मोदी ने ऐसे साथियों की गारंटी भी ली। मुद्रा योजना के तहत लाखों का बिना गारंटी का पैसा, उन्हें मिल रहा है। इस योजना की सबसे बड़ी लाभार्थी बहनें, दलित, पिछड़े परिवार, आदिवासी साथी हैं। हमारे छोटे किसानों, पशुपालकों औ मछुवारों की तो कांग्रेस सरकारों में पूछ ही बहुत कम होती थी। लोन लेना असंभव था। वो तो छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बाजार से महंगे ब्याज पर पैसा लेते थे। इसलिए पीएम किसान योजना पर हमने छोटे किसानों की भी गारंटी ली। लेकिन, कुछ लोगों ने भ्रम फैलाया कि मोदी पैसा वापस ले लेगा। लेकिन यह योजना पांच साल से चल रही है।
मोदी ने कहा कि अभी तक ढाई लाख करोड़ का पैसा किसानों को मिल चुका है। हर एक किसान के खाते में 30 हजार रुपए तक पहुंचे हैं। भाजपा सरकार ने छोटे किसानों, मछुआरों को भी किसान क्रेडिट कार्ड दिए हैं। देवी अहिल्या बाई और रानी दुर्गावती सहित अनेक पुर्वजों ने भारत को समृद्ध करने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन घमंडिया गठबंधन से सभी को सावधान रहना होगा।
12.52 pm
मोदी ने कहा कि कांग्रेस आज भी उसी पुराने ढर्रे, पुरानी मानसिकता पर चल रही है। चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए, इनके नेताओं के लिए गरीब का जीवन मायने नहीं रखता है। कांग्रेस नेताओं के लिए गरीब का जीवन एक एडवेंचर टूरिज्म है। कांग्रेस के नेताओं के लिए गरीब की बस्ती पिकनित मनाने का वीडियो शूटिंग कराने की लोकेशन बन गई है। कांग्रेस के लिए गरीब किसान का खेत फोटो सेशन का मैदान बन गया है। इन्होंने अतीत में भी यही काम किया। देश विदेश के अपने दोस्तों में भारत की गरीबी का माखौल उड़ाया और आज भी यही कर रहे हैं। जब कि भाजपा की सरकार भारत को भव्य भी बना रही है और यही भव्य तस्वीर दुनिया के सामने सीना तानकर दिखा भी रही है।
12.47 pm
यह वही लोग है जिन्होंने देश की पहली महिला आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को रोकने का भरसक प्रयास किया, यह लोग उन्हें अपमानित करने का प्रयास करते हैं। इनको नहीं दिखता था कि सबकुछ पुरुष के नाम पर है, महिलाओं के नाम पर कुछ नहीं है। इनकी नीयत में खोट थी। टायलेट तक मुझे बनवाना पड़ा। इनकी नीयत ठीक होती तो महिलाओं को धुएं में जीने को मजबूर नहीं होना पड़ता। करोड़ों लोगों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम मोदी को क्यों करना पड़ा। मोदी को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज करना पड़ा। मोदी ने कहा कि इन लोगों ने तो महिलाओं को बैंकों से भी दूर रखा। महिलाओं के जन धन खाते इस सेवक को खुलवाने पड़े। हमारी कोशिश यही थी कि बहनों की समृद्धि का रास्ता खुले, बेटियां अपने पैरों पर खड़े हो सके, इसलिए में सभी से कहूंगा कि कोई कितनी भी कोशिश कर लें, आपको भ्रमित नहीं होना है। हमने कठिन रास्ता पार किया है। यह महिलाओं की भागीदारी के विस्तार की शुरुआत है।
12.42 pm
मोदी ने कहा कि आज बड़ी संख्या में बहने और बेटियां भी आई हुई हैं। मैं एमपी की बहनों को याद दिलाने आया है कि मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी वो भी पूरी हो गई है। कुछ दिन पहले ही लोकसभा और राज्यसभा में माता, बहनों और बेटियों के लिए 33 प्रतिशत सीटें पारित करने का कानून पारित हुआ। नारी शक्ति वंदन अधिनियम ने देश में नया इतिहास रच दिया है। दशकों से देश की माताएं बहनें, इसका इंतजार कर रही थी। बल्कि यह तक कहा जाने लगा कि शायद यह कभी नहीं हो पाएगा। मोदी है तो हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है। लेकिन आज मध्यप्रदेश सहित पूरे देश की बहनों को सावधान करना चाहता हूं कि देश में बने नए-नए घमंडिया गठबंधन ने इस बिल का समर्थन बहुत खट्टे मन से किया है, बहुत बेमन से किया है। यह खट्टा पन उनके बहानों में दिखाई देता है। और आप देखिए इनके गठबंधन में वोही लोग हैं जिन्होंने इस कानून को 30 सालों तक पारित नहीं होने दिया। बिल फाड़ दिए, स्पीकर पर हमले बोल दिए। जब मजबूरी में उंगली उठानी पड़ी है। वे जान गए हैं कि माता बहनें उनके चरित्र को जान गई हैं, इसलिए उनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन मजबूरी में इसलिए करना पडा़ क्योंकि मताएं बहनें जाग गई हैं। उन्होंने शक्ति का परिचय करवा दिया है। इसलिए ये माताओं और बहनों से डरे हुए हैं। बीते 9 वर्षों में भारत की महिलाएं सशक्त हुई हैं। इन लोगों ने दशकों तक भारी बहुमत तक सरकारें चलाई हैं, लेकिन पहले उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया। क्योंकि इनकी नीयत में खोट है। इसलिए मौका मिलते ही यह घमंडिया गठबंधन के लोग माताओं और बहनों को धोखा देने का तय करके बैठे हैं। कांग्रेस के घमंडिया साथी वही है, जिन्होंने इस कानून को रोकने की हर मर्यादा तोड़ी हैं। इनकी सोच आज भी नहीं बदली है। मोदी ने कहा कि यह लोग बहुत बोखलाए हुए हैं। अब नया खेल खेलेंगे, पक्का मानिए। यह नारी शक्ति को बांटने की पूरी कोशिश करेंगे। नारी शक्ति एक न हो, इसलिए भांति-भांति की अफवाहें फैलाएंगे, इसलिए देश की महिलाओं को सावधान रहना होगा। सतर्क रहना होगा और एक जुट रहना ही होगा।
12.36 pm
साढ़े 13 करोड़ पिछले पांच साल में गरीबी से बाहर आए
मोदी ने लोगों से एक बात पूछी, मोदी ने कहा कि आपको पता है कि कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया था। क्या कांग्रेस ने अपना वायदा पूरा किया। अब मैं आपको एक और आंकड़ा बताना चाहता हूं। यह आंकड़ा है साढ़े 13 करोड़। यह मध्यप्रदेश की कुल आबादी से भी ज्यादा है। भाजपा सरकार के 5 साल में ही देश में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यह सुनकर आपको आनंद होता है या नहीं। आपका उत्साह बढ़ता है या नहीं। गरीबों का कल्याण कर रहे हैं या नहीं कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि एमपी की कुल आबादी से भी लोग भाजपा सरकार ने देश में गरीबी से बाहर निकाले हैं। यह मोदी की गारंटी का नतीजा है। और जब मोदी गारंटी देता है, जब भाजपा गारंटी देती है तो वो जमीन पर उतरती है, घर-घर पहुंचती है। मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी।
12.32 pm
कांग्रेस ने आपको जानबूझकर गरीब रखा
मोदी ने कहा कि कांग्रेस एक ही परिवार का गौरवगान करने का काम करती रही। कांग्रेस की राजनीति अभाव में फलती फूलती है, गरीबी और मुश्किलों में फलती फूलती है। इन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाई कि गरीब को हमेशा हाथ फैलाना पड़े, हर चीज पर निर्भर रहना पड़े। गरीब को तरसा कर कांग्रेस को यह जताने का अवसर मिल जाता था कि उन्होंने गरीब को कुछ दिया है। यह अपनी योजनाओं का लाभ भी उन लोगों को देते थे, जिनसे उन्हें वोट मिलते थे। इसलिए कांग्रेस ने जानबूझकर देश को गरीब रखा। देश के लोगों को अभाव में जीने को मजबूर किया। रोटी कपड़ा और मकान में ही उलझाए रखा। जो मुश्किलें आपके माता-पिता और पहले की पीढ़ियों ने झेली, वो आपको और आपके बच्चों को न झेलनी पड़ी, इसलिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। आज हमारे प्रेरणा पुंज पंडित दीन दायल उपाध्याय का जन्म दिवस भी है। पंडित जी ने सुशासन को अंत्योदय से जोड़कर देखा, समाज के अंतिम व्यक्ति को प्राथमिकता दी। अंत्योदय की यही प्रेरणा है कि सबका साथ सबका विकास...। हमने बीते वर्षों में हमने जो भी योजना बनाई उनके मूल में यही भावना है।
12.31 pm
कांग्रेस हर बात में भारत में हो रहे विकास का विरोध करती है। भाजपा बुलेट ट्रेन पर काम कर रही है। कांग्रेस इसकी भी आलोचना करती है। भाजपा सरकार ने नया संसद भवन बनाया। आने वाली सदियों तक देश की सेवा करें। पूरा देश इसकी प्रशंसा कर रहा है। लेकिन कांग्रेस ने पहले ही दिन से विरोध करना शुरू कर दिया। अब भी नकारात्मक फैला रहे हैं कांग्रेस वाले। भारत कुछ भी नया करें। भारत कोई भी उपलब्धि हासिल करें। कांग्रेस को बिल्कुल भी पसंद नहीं आता है। मैं मध्यप्रदेश के लोगों से पूछ रहा हैं। देश का नाम होता है तो आपको खुशी होती है या नहीं, देश का नाम बढ़े आपको गर्व होता है, लेकिन कांग्रेस को नहीं होता है। क्योंकि कांग्रेस न खुद बदलना चाहती है न ही देश को बदलने देना चाहती है। देश समृद्धि की तरफ बढ़ने की तरफ घोर परिश्रम कर रहाहै, लेकिन कांग्रेस देश को बीसवी शताब्दी में ले जाना चाहती है। मैं मध्यप्रदेश के युवा साथियों को, फर्स्ट टाइम वोटर्स को एक बात जरूर बताना चाहता हूं।
12.24 pm
पीएम मोदी ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस गई है वहां-वहां बर्बाद कर दिया। क्या आपको लगता है कि यह मध्यप्रदेश को भी बर्बाद कर देंगे। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। क्या आप एमपी को फिर से बीमारू बनाना चाहते हैं क्या? क्या आप एमपी के यूवाओं के भविष्य को तबाह करना चाहते हैं? क्या आप चाहते हैं कि एमपी के विकास का पैसा कांग्रेस नेता लूट लें? मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ वो लोहा है, जो बारिश में रखे-रखे खत्म हो जाता है। अब कांग्रेस में न देखने का सामर्थ्य बचा है, न देख हित को समझने का।
12.23 pm
मोदी ने कहा कि हम अपने आसपास देख रहे हैं कि राजस्थान में कांग्रेस कैसी बर्बादी लाई। हमने महाराष्ट्र में देखा है कि कांग्रेस ने कैसे गठबंधन में सामिल होकर लूट को ही अपना काम बना दिया। अब आने वाले साल बहुत महत्वपूर्ण है। भारत में निवेश आ रहा है। अलग-अलग राज्यों में आ रहा है। मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने का है।
12.22 pm
मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। देश के दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जन संघ से भाजपा के जमाने तक एमपी के लोगों ने भरपूर आशीर्वाद दिया है। अटलजी , कुशाभाऊ ठाकरे, कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, वीरेंद्र सखलेचा, मध्यप्रदेश से निकले ऐसे अनेक महान व्यक्तित्वों ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है।
12.18 pm
मंच पर मौजूद सभी नेता एवं विशाल जन समुदाय में आए कार्यकर्ताों को परिवार जनों कहकर संबोधित किया। मोदी ने कहा कि यह जन सैलाब, यह उमंग, ये उत्साह कार्यकर्ता का महाकुंभ, महासंकल्प बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है। यह ऊर्जा से भरी हुई भाजपा, यह दिखाता है कि भाजपा का हर कार्यकर्ता बुलंद हौंसला।
12.17 pm
पीएम मोदी का संबोधन शुरू। सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय उपाध्याय अमर रहे के नारे लगवाए।
12.15 pm
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद पीएम मोदी जी को अगले लोकसभा चुनाव में 29 की 29 सीटें जीत कर देंगे। उनके गले में 29 कमल की माला पहनाएंगे।
12.13 pm
दो तिहाई बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फिर से भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेने की अपील सभी कार्यकर्ताओं से की। चौहान ने कहा कि भाजपा दो तिहाई बहुमत से फिर से सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस ने बीमारू राज्य का टैग दिया, लेकिन 19 माह की सरकार कांग्रेस की आई थी, लेकिन उन्होंने पाप किया। गरीबों के मकान नहीं बनने दिए। केंद्र ने जो मकान बनने को भेजे, वो कमलनाथ ने लौटा दिया। कमलनाथ ने जल जीवन मिशन भी शुरू नहीं किया। महिलाओं को पानी के लिए तरसा दिया। हमने 68 लाख घरों में पानी पहुंचाने का काम किया है।
12.06 pm
चौहान ने कहा कि हम ऐसे नेता के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। हम आने वाले दिनों में भारत को महाशक्ति बनते हुए देखेंगे। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज बना दिया था। कांग्रेस राजा, नवाब और अंग्रेजों ने साढ़े साठ हजार हेक्टेयर में सिंचाई की व्यवस्था की थी, हमने कई गुना ज्यादा सिंचाई की व्यवस्था कर दी। चौहान ने कहा कि एक नई अनेकों उपलब्धियां हमारी हैं, हम गर्व से कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार ने मध्यप्रदेश को तेजी से आगे बढ़ाया है। एक करोड़ 36 लाख लोग गरीबी रेखा के ऊपर आए हैं, यह चमत्कार मोदीजी के नेतृत्व में हुआ है।
12.04 pm
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संबोधन। गणेश चतुर्थी के दिन नई संसद का शुभारंभ पीएम मोदी ने किया, उसी दिन महिलाओं के लिए आरक्षण दे दिया। चौहान ने कहा कि जी20 का सम्मेलन हुआ। इससे पूरे हिन्दुस्तान का मनोबल बढ़ा।
12.02 pm
महिलाओं को आरक्षण दिए जाने के बाद महिलाओं में खुशी का माहौल है। महिला कार्यकर्ताओं ने मिलकर पीएम मोदी का हार-फूलों से स्वागत किया।
12.01 PM
मंच पर शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर, वीरेंद्र कुमार खटीक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आदि नेता मंच पर मौजूद हैं।
12.00 PM
कार्यकर्ता महाकुंभ के मंच पर पहुंचे पीएम मोदी। भारत माता और महापुरुषों के पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
11.53 AM
थोड़ी देर में मंच पर पहुंचेंगे पीएम नरेंद्र मोदी।
11.52 AM
रोड शो करते हुए मंच पर पहुंचेंगे पीएम मोदी। कार्यकर्ता महाकुंभ में 10 लाख कार्यकर्ताों के आने का किया गया है दावा।
11:50 AM
जंबूरी मैदान पर बने हेलिपैड पर पहुंचे पीएम मोदी। पीएम मोदी का स्वागत किया गया। इसके बाद आधा किलोमीटर का रोड शो करते हुए मंच पर पहुंचेंगे पीएम मोदी।
11.20 AM
कार्यकर्ता महाकुंभ में सांसद राकेश सिंह कर रहे हैं संबोधित।
11.18 AM
जंबूरी मैदान में पीएम मोदी के आने का इंतजार..।
11.00 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल पहुंचे। विशेष विमान से दिल्ली से आए। भोपाल के स्टेट हैंगर से हेलीकाप्टर से जंबूरी मैदान के लिए रवाना हो गए।
10.50 AM
थोड़ी देर में पीएम मोदी एयरपोर्ट पर लैंड होंगे। सीएम शिवराज सिंह सहित कई दिग्गज स्वागत के लिए मौजूद।
10.35 AM
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा है कि अत्यंत हर्ष व प्रसन्नता का विषय है कि आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री राजा भोज की नगरी भोपाल की पुण्य धरा पर पधार रहे हैं। मैं समस्त मध्यप्रदेशवासियों की ओर से आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल मार्गदर्शन में निश्चित ही भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को विजय के संकल्प की सिद्धि हेतु नई ऊर्जा व दिशा मिलेगी।
10.30 AM
भोपाल में प्रदेशभर से आए लाखों कार्यकर्ताओं के कारण राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित। कई स्थानों पर जाम के हालात।
पीएम का 7वां दौरा
बीते 6 माह में 7 बार एमपी आए मोदी
1 अप्रैल को भोपाल: पीएम ने भोपाल-दिल्ली वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई।
25 अप्रैल को रीवा: पंचायती राज सम्मेलन में शामिल हुए।
27 जून को भोपाल: भोपाल से जबलपुर और भोपाल से इंदौर वंदेभारत ट्रेन का शुभारंभ।
1 जुलाई को शहडोल: राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 लॉन्च किया।
12 अगस्त को सागर: संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला रखी।
14 सितंबर को सागर: बीना रिफाइनरी में आधारशिला रखने आए।
25 सितंबर (भोपाल): कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल।
यह है कार्यक्रम
09:30 AM: दिल्ली से एयरफोर्स के विमान से रवाना।
10.55 AM: भोपाल एयरपोर्ट आगमन।
11:00 AM: हेलिकॉप्टर से एयरपोर्ट से जंबूरी मैदान रवाना होंगे।
11:20 AM: जंबूरी मैदान पर आगमन।
11:30 AM: कार्यक्रमस्थल पर आगमन।
11:30 AM: से 12.30 PM तक पब्लिक मीटिंग।
12:35 PM: कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान।
12:40 PM: जंबूरी मैदान के हेलीपैड पर आगमन।
12:45 PM: हेलिकॉप्टर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
13:05 PM: भोपाल एयरपोर्ट पर आगमन।
13:10 PM: वायुसेना के विमान से जयपुर रवाना होंगे।
Updated on:
25 Sept 2023 04:43 pm
Published on:
25 Sept 2023 11:21 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
