scriptसितमगर सितंबर, ज्येष्ठ सी गर्मी, जाते-जाते राहत देगा मानसून, जानें कैसे लेता है विदाई? | MP Weather Update September tormenting heat like Jyeshtha month monsoon will give relief before leaving know how it bids departure | Patrika News
भोपाल

सितमगर सितंबर, ज्येष्ठ सी गर्मी, जाते-जाते राहत देगा मानसून, जानें कैसे लेता है विदाई?

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में सितंबर का महीना सितमगर बन गया है। उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में बारिश के आसार हैं, ऐसे में मानसून की विदाई से पहले लोगों को कुछ राहत मिल जाएगी…

भोपालSep 24, 2024 / 11:05 am

Sanjana Kumar

mp weather update

मध्य प्रदेश में सितंबरके महीने में गर्मी और उमस से बेहाल हो रहे लोग।

MP Weather Update: राजस्थान गुजरात के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई की शुरुआत हो गई है, लेकिन शहर से अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही विदाई की संभावना जताई जा रही है।

पिछले तीन चार दिन से बारिश का दौर थमने के साथ ही गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। इसका कारण यह है कि इस समय नमी भी है और तीखी धूप भी खिल रही है। इसके साथ ही हवा का रुख भी दक्षिण पश्चिमी बना हुआ है।

34 डिग्री के पार तापमान

बारिश का दौर थमने के बाद पिछले चार दिनों से शहर में तीखी धूप और उमस लोगों के पसीने छुड़ा रही है। हालत यह है कि गर्मी और उमस के चलते कई लोगों को अपने घरों के कूलर फिर से चालू करने पड़े हैं। तापमान लगातार 34 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

4 साल बाद पड़ी ऐसी गर्मी

शहर में चार साल बाद सितंबर में ऐसी गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। इसके पहले 2020 में भी पहले हफ्ते में तापमान 34 और 35 डिग्री के आसपास थे। सोमवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम 25.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो रविवार के मुकाबले आधा डिग्री अधिक रहा।

आगे बौछारों की संभावना

मौसम विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि इस समय कोई बड़ा सिस्टम नहीं है, साथ ही धूप खिल रही है और नमी भी मौजूद है, इसलिए उमस की स्थिति बन रही है। आगामी 24 घंटों में बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर बनने की संभावना है।

एक्सपर्ट व्यू: अजय शुक्ला, मौसम विशेषज्ञ

मानसून की विदाई अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने की उम्मीद है। अभी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून विदा होने के संकेत हैं। खासकर राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में मानसून का प्रभाव लगभग खत्म हो गया है, इसलिए वहां से मानसून की विदाई शुरू हो सकती है, जबकि मध्य प्रदेश में अभी मानसून का प्रभाव पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है।
आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी में जो सिस्टम बनने की संभावना है, उसका मूवमेंट भी मध्य प्रदेश की ओर दिखाई दे रहा है। इसके कारण आने वाले दो तीन दिन बारिश, बौछारें पड़ सकती हैं।

Hindi News / Bhopal / सितमगर सितंबर, ज्येष्ठ सी गर्मी, जाते-जाते राहत देगा मानसून, जानें कैसे लेता है विदाई?

ट्रेंडिंग वीडियो