भोपाल

सीधी पड़ने से कहर बरपा रहीं सूरज की किरणें, चार दिन तक चलेगी लू

बढ़ गई तपिश, कई शहरों में लू की चेतावनी, तीन-चार दिन तक तापमान में बढ़ोतरी का चलता रहेगा सिलसिला

भोपालMay 13, 2023 / 11:51 am

deepak deewan

भोपाल। एमपी में मौसम के मिजाज बेहद सख्त बने हुए हैं। सूरज मानो आग उगल रहा है। अभी ऐसा कोई मौसम सिस्टम सक्रिय नहीं है जोकि प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सके, इसलिए यहां तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला अभी जारी रहेगा। मौसत विज्ञानियों के अनुसार सूरज की किरणें अभी बिल्कुल सीधी पड़ रही हैं जिसके कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अफगानिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है जोकि बेहद कमजोर है। इधर चक्रवाती तूफान मोका प्रदेश पर ज्यादा प्रभावी नहीं हो सका है। यही कारण है कि प्रदेश में वातावरण पूर्णत: शुष्क है। इससे तापमान बढ़ रहा है।

आगे क्या होगा
बंगाल की खाड़ी में मोका अब तीव्र चक्रवाती तूफान बन गया है। और शक्तिशाली होकर यह शुक्रवार शाम को म्यांमार की और बढ़ने लगेगा। रविवार को बांग्लादेश और म्यांमार तट पर इसके टकराने के बाद मौसम बदलने की संभावना है।

इसलिए बढ़ गई तपिश
1. बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान मोका प्रदेश में ज्यादा असरकारी नहीं हुआ। इसकी वजह से मौसम शुष्क बना है।
2. सबसे अहम बात यह है कि अभी सूर्य की किरणें बिल्कुल सीधी पड़ रहीं हैं. इसके कारण तापमान तेज गति से बढ़ रहा है।
3. प्रदेश के आसपास के राज्यों में भी गर्मी तेज है, तपिश बढ़ गई है।

कहां चलेगी लू
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश शहरों में शुक्रवार को भी तापमान बढ़ेगा। मंदसौर, रतलाम, धार, खजुराहो आदि जगहों पर लू चलने की संभावना है। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसा मौसम अगले चार दिन तक बना रह सकता है।

Hindi News / Bhopal / सीधी पड़ने से कहर बरपा रहीं सूरज की किरणें, चार दिन तक चलेगी लू

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.