scriptसुषमा के संसदीय क्षेत्र में कमलनाथ ने किया फोकस | Kamal Nath focuses on Sushma parliamentary constituency | Patrika News
भोपाल

सुषमा के संसदीय क्षेत्र में कमलनाथ ने किया फोकस

बैठकें शुरू, 2 सितम्बर को करेंगे चुनावी सभा

भोपालAug 26, 2018 / 09:14 am

Krishna singh

State President Kamal Nath said

State President Kamal Nath said

भोपाल. केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के संसदीय क्षेत्र विदिशा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने फोकस किया है। यह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संसदीय क्षेत्र भी रहा है। नाथ यहां 2 सितम्बर को चुनावी सभा करने वाले हैं। इसके लिए कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। बैठकें शुरू हो गई हैं। मौजूदा समय में विदिशा जिले की पांचों विधानसभा सीटों में से तीन भाजपा और दो कांग्रेस के पास हैं।
कमलनाथ यहां की गंजबासौदा में बड़ी सभा करने वाले हैं। यहां से कांग्रेस के निशंक जैन विधायक हैं। कांग्रेस की यहां की विदिशा, कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद सीट पर भी नजर है। विदिशा से कल्याण सिंह ठाकुर, कुरवाई से वीर सिंह पवार और शमशाबाद से सूर्य प्रकाश मीना विधायक हैं। ये तीनों सीटें भाजपा के कब्जे में हैं। सूर्य प्रकाश मीना राज्य सरकार में मंत्री हैं। कांग्रेस के खाते में सिर्फ दो सीटें गंजबासौदा और सिरोंज हैं। सिरोज से कांग्रेस के गोवर्धन उपाध्याय विधायक हैं।
सिंधिया कर चुके सभा
चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष ज्योतिरादित्य हाल ही में यहां बड़ी सभा कर चुके हैं। जिले की लटेरी में हुई सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कमलनाथ की सभा में एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस यहां कार्यकर्ताओं में जान फूंकने लगातार बैठकें कर रही है। घर बैठ चुके कांग्रेसियों को मनाने के साथ ही पीले चावल देकर आमंत्रित किया जा रहा है।
मलैया के गृह जिले में भी करेंगे सम्मेलन
विदिशा जिले के गंजबासौदा के बाद कमलनाथ 2 सितम्बर को वित्तमंत्री जयंत मलैया के गृह जिला दमोह में भी सभा करेंगे। दमोह मलैया का विधानसभा क्षेत्र भी है। कांग्रेस ने यहां भी तैयारी तेज कर दी है।
कांग्रेस का प्रदेश भर में महिला शक्ति सम्मेलन
महिला वोट बैंक पर नजर गड़ाए कांगे्रस ने महिलाओं को एकजुट करने महिला शक्ति सम्मेलन का फैसला लिया है। प्रदेश भर में ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन होंगे। इससे कांग्रेस पार्टी से दूर होते महिला वोट बैंक को लुभाने की कोशिश करेगी। इसकी जिम्मेदारी महिला कांग्रेस को दी है। इसके लिए जिला और विधानसभा स्तर पर प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।

Hindi News / Bhopal / सुषमा के संसदीय क्षेत्र में कमलनाथ ने किया फोकस

ट्रेंडिंग वीडियो