भोपाल

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, डीए आदेश भी जारी

ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे से चर्चा के बाद उन्होंने हड़ताल वापस ली

भोपालNov 03, 2021 / 12:57 am

दीपेश अवस्थी

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, डीए आदेश भी जारी

भोपाल। दीपावली के पहले हड़ताल पर गए बिजली कर्मचारी आखिरकार काम पर वापस आ गए। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे से चर्चा के बाद उन्होंने हड़ताल वापस ली। चर्चा के बाद विद्युत कर्मियों को राज्य शासन के समान डीए और विगत वर्ष की वेतन-वृद्धि देने का निर्णय लिया गया है। संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के संबंध में भी सकारात्मक सहमति बनी है।
8 प्रतिशत महँगाई भत्ते के आदेश जारी

एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी द्वारा कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को सातवें वेतनमान में 8 प्रतिशत एवं छठे वेतनमान के वेतन बैंड एवं ग्रेड-पे के योग पर 17 प्रतिशत महँगाई भत्ता देने के आदेश जारी कर दिए हैं। कार्मिकों को देय वार्षिक वेतन वृद्धि के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। महँगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर की राशि का भुगतान दीपावली के पूर्व किया जाएगा। जारी आदेश के अनुसार सातवें वेतनमान में कार्मिकों को वर्तमान में मूल वेतन पर माह अक्टूबर 2021 से 8 प्रतिशत अतिरिक्त महँगाई भत्ता देय होगा। उन्हें कुल 20 प्रतिशत महँगाई भत्ता मिलेगा। इसी प्रकार छठे वेतनमान में वेतन बैंड में वेतन एवं ग्रेड-पे के योग पर कार्मिकों को माह अक्टूबर 2021 से 17 प्रतिशत अतिरिक्त महँगाई भत्ता देय होगा। उन्हें कुल 171 प्रतिशत महँगाई भत्ता मिलेगा।
पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्मिकों को वार्षिक वेतन वृद्धि एरियर्स की देय राशि का भुगतान नवम्बर 2021 के वेतन के साथ प्रारंभ करते हुए 6 समान किश्त में किया जाएगा। एक मार्च 2022 के पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके अथवा होने जा रहे कार्मिकों को एरियर्स की देय राशि का भुगतान एकमुश्त किया जाएगा।

Hindi News / Bhopal / बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, डीए आदेश भी जारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.