भोपाल

लोगों से भर गए ईदगाह, नहीं बची जगह, सड़क पर खड़े होकर अदा की ईद की नमाज

बादल छाए रहने से कई जगहों पर चांद नजर नहीं आया, रुहते हिलाल कमेटी की बैठक के बाद शहर काजी ने की घोषणा, आज मनाई जा रही ईद, सुबह 7 बजे ईदगाह में नमाज, ईद मुबारक कहते हुए गले मिले लोग

भोपालApr 22, 2023 / 08:41 am

deepak deewan

ईद मुबारक कहते हुए गले मिले लोग

भोपाल. मध्यप्रदेश में शनिवार को ईद उल फितर का त्योहार परंपरागत उल्लास से मनाया जा रहा है। शुक्रवार को चांद के दीदार के साथ ही शहर काजी ने ईद की घोषणा कर दी थी। चांद नजर आने के साथ ही रमजान का महीना खत्म हो गया। ईदगाह में सुबह सात बजे ईद की नमाज अदा कराई गई। इसके बाद शहर की बाकी मस्जिदों में भी नमाज हुई। कई जगहों पर बादल छाए रहने से चांद नजर नहीं आया, शहर की मस्जिदों से आतिशबाजी के साथ इसकी सूचना लोगों को दी गई।

शनिवार को सबसे पहले ईदगाह में नमाज-ए-ईदुल फितर अदा की। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी तकरीर हुई। इसके बाद जामा मस्जिद में, ताजुल मसाजिद और मोती मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई। ईद से पहले फितरा अता करने की अपील की गई। शहर काजी ने कहा यह जरूरतमंदों का हक है। जल्द से जल्द उन तक इसे पहुंचाए। पचास रुपए प्रति व्यक्ति फितरा तय हुआ है।

शुक्रवार को रमजान माह के आखिरी जुमा यानि जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद, ताजुल मस्जिद, मोती मस्जिद सहित शहर की सभी बड़ी मस्जिदों में हजारों लोगों ने नमाज अदा रमजान माह का शुक्र अदा किया। दुआएं मांगी। लोगों की तादाद इतनी ज्यादा थी कि कहीं दरख्त के साए में तो कहीं गलियों में नमाज अदा की गई। दाउदी बोहरा समाज ने शुक्रवार को ईद का त्योहार मनाया। अलीगंज स्थित हैदरी मस्जिद में समाज के प्रमुख शेख आमिल साहब ने नमाज अदा कराई।

इधर भिण्ड में ईदगाह परिसर में ईद की नमाज अदा की गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाह में सुबह 7:50 बजे नमाज पढ़ी। ईदगाह परिसर में जगह नहीं बची तो सदर बाजार की सड़क पर ईद की नमाज अदा की गई।

Hindi News / Bhopal / लोगों से भर गए ईदगाह, नहीं बची जगह, सड़क पर खड़े होकर अदा की ईद की नमाज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.