भोपाल

दंतेवाड़ा नक्सली हमला : एमपी – छत्तीसगढ़ के मंत्रियों में छिड़ी जुबानी जंग

दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के बाद अब इस मामले में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मंत्रियों के बीच राजनीति शुरु हो गई है।

भोपालApr 27, 2023 / 04:52 pm

Faiz

दंतेवाड़ा नक्सली हमला : एमपी – छत्तीसगढ़ के मंत्रियों में छिड़ी जुबानी जंग

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा में बुधवार को बारूदी सुरंग विस्फोट में सुरक्षाबल के 10 जवान शहीद हुए हैं, साथ ही वाहन चालक की मौत हुई है। अब इस मामले में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मंत्रियों के बीच राजनीति शुरु हो गई है। हमले के बाद मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तो वहीं, छत्तसीगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने भी इसपर पलटवार करते हुए हर चीज पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।


नरोत्तम मिश्रा का छत्तीसगढ़ सरकार पर बड़ा हमला

छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमले के बहाने गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि, दो प्रदेश की सरकारें आमने सामने हैं। दो दिन, तीन दिन पहले का मध्य प्रदेश है और कल का छत्तीसगढ़ है। दो सरकार हैं एक मध्य प्रदेश की और एक छत्तीसगढ़ की। दो पार्टियां एक कांग्रेस एक भाजपा।

https://www.dailymotion.com/embed/video/x8kgmtt

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है तो वहां नक्सली हमला कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार है तो यहां पुलिस हमला कर रही है और नक्सली मारे जा रहे हैं। डेढ़ करोड़ के इनामी आठ बड़े नक्सली मध्य प्रदेश में ढेर किए गए हैं। पुलिस और हॉक फ़ोर्स ने मार गिराए। पुलिस और हॉक फ़ोर्स को बधाई। एमपी में कानून का राज है, शिवराज सिंह की सरकार है। कोई भी ऐसा व्यक्ति जो असंवैधानिक गतिविधि करता है उसमें लिप्त रहता है, माफिया राज स्थापित करता है, नक्सली राज स्थापित करता है। वे मध्यप्रदेश में पनप नहीं सकता है, उसे जड़ से उखाड़ दिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें- दंतेवाड़ा नक्सली हमले के बाद मध्य प्रदेश अलर्ट, गृहमंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार को बताया जिम्मेदार


टीएस सिंहदेव क पलटवार

वहीं, दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की ओर से नरोतत्म मिश्रा के जुबानी हमले पर पलटवार किया है। सिंहदेव ने कहा कि, ये नरोत्तम मिश्रा की मानसिकता है। वे भूल गए की ये केंद्र और राज्य सरकार का ज्वाइंट मूवमेंट है। हम लोग यह नहीं कहते कि, अमित शाह यह नहीं कर रहे हैं। केंद्र सरकार यह नहीं कर रही है इसलिए ऐसा हो गया। यह हर चीज में राजनीतिक रोटी सेंकने का काम करते है।


नक्सली हमले में 10 जवान शहीद, 1 चालक की मौत

बता दें कि, बुधवार को छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सली हमले में 10 जवान शहीद हुए हैं और 1 वाहन चालक की मौत हुई है। जिनका गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया है। बता दें कि, नक्सलियों ने घात लगाकर जवानों के वाहन को बम से उड़ा दिया। इस वारदात के बाद प्रदेश में फिर से नक्सलियों की घातक गतिविधियां सामने आई हैं।

Hindi News / Bhopal / दंतेवाड़ा नक्सली हमला : एमपी – छत्तीसगढ़ के मंत्रियों में छिड़ी जुबानी जंग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.