bell-icon-header
भोपाल

एमपी में अवैध निर्माण और कॉलोनियों पर चलने लगा बुलडोजर, सरकार की सख्ती से मचा हड़कंप

illegal constructions and colonies in mp अवैध निर्माण और कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया जाने लगा है जिससे हड़कंप मच गया।

भोपालSep 28, 2024 / 08:32 pm

deepak deewan

Bulldozers were run on illegal constructions and colonies in the capital

Action on Illegal Colonies in MP मध्यप्रदेश में अवैध मकान दुकान निर्माण और अवैध कॉलोनियों पर सरकार ने सख्ती दिखाई है। प्रदेश में न केवल अवैध कॉलोनी बनाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है बल्कि इसकी अनदेखी करने वाले अफसरों के खिलाफ भी अब राज्य सरकार कड़ा कदम उठाएगी। अवैध कॉलोनी बनानेवाले बिल्डर और अनदेखी करनेवाले अधिकारियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने नया ड्राफ्ट बनाया है। इसमें नगर निगम कमिश्नर से लेकर कलेक्टर तक पर कार्रवाई का प्रावधान है। ड्राफ्ट को जल्द ही मंजूरी के लिए कैबिनेट के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इस बीच राजधानी में अवैध निर्माण और कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया जाने लगा है जिससे हड़कंप मच गया।
प्रदेश में हजारों अवैध कॉलोनियां हैं। इन कॉलोनियों में न तो सही ड्रेनेज सिस्टम है और न ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था है। ऐसी अधिकांश कॉलोनियों में महज तीन से चार फीट की गली नुमा सड़क हैं। राजधानी भोपाल में ही ऐसी अनेक अवैध कॉलोनियां बसी हैं।
यह भी पढ़ें : एमपी में बनेगा नया महानगर, चार जिलों के 8 हजार वर्ग किमी में आकार लेगा मेट्रोपोलिटन रीजन

अब राज्य सरकार ने अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त रूख अपनाया है। इसके लिए नया ड्रॉफ्ट बनाया गया है जिसमें अवैध कॉलोनी बनानेवाले बिल्डर के साथ संबंधित नगर निगम कमिश्नर और कलेक्टर पर भी शिकंजा कसा जाएगा। अवैध कॉलोनी की शिकायत की जांच या कार्रवाई न करने वाले कलेक्टर अथवा नगर निगम कमिश्नर को जुर्माना भरना पड़ेगा। इतना ही नहीं, ऐसे अधिकारी जेल तक जा सकते हैं। अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग नहीं करने के दोषी पुलिस अधिकारियों को भी सज़ा भुगतना होगा।
अवैध कॉलोनियों को लेकर राज्य के सांसद, वरिष्ठ मंत्रियों से लेकर सीएम मोहन यादव तक ने सख्त तेवर दिखाए हैं। तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों का कहना है कि अवैध कॉलोनी को लेकर अब सख्त नियम बना रहे हैं। इनकी अनदेखी करनेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों के अनुसार नए ड्रॉफ्ट को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद लागू कर दिया जाएगा।
इस बीच राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई चालू की गई है।
भोपाल की हुजूर तहसील के रोलुखेड़ी में एक अवैध कॉलोनी पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। यहां गोकुल ग्रीन नाम से एक अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। शिकायत के बाद शुक्रवार को हुजूर के एसडीएम विनोद सोनकिया अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंच गए। जेसीबी से अवैध कॉलोनी का गेट तोड़ दिया गया। अंदर बनाई गई रोड भी उखाड़ दी। बिल्डर पर प्रकरण कायम कर लिया गया है।
बता दें कि प्रदेश में अभी अवैध कॉलोनी बनाने वालों को न्यूनतम 7 साल की सजा और 50 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश में कुल 7981 अवैध कॉलोनियां हैं। इनमें 3155 अवैध कॉलोनियां नगर निगमों में हैं जबकि 4826 अवैध कॉलोनियां नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में हैं।

Hindi News / Bhopal / एमपी में अवैध निर्माण और कॉलोनियों पर चलने लगा बुलडोजर, सरकार की सख्ती से मचा हड़कंप

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.