भाजपा के समर्थन से निवाड़ी जिला पंचायत सदस्य चुनी गई रोशनी यादव ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। वे अब कांग्रेस ज्वाइन करने वाली हैं। रोशनी यादव ने निवाड़ी के भाजपा जिला अध्यक्ष को पत्र लिखकर कई मुद्दों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। रोशनी यादव ने कहा है कि भाजपा की रीति, नीति एवं नेतृत्व से वे काफी समय से नाखुश है। भाजपा सिर्फ महिलाओं को ठगने का काम करती है। जनता में प्रदेश और केंद्र की नेतृत्व दोनों से नाराजगी है, जिस दल से जनता खुश नहीं है उससे जुड़कर भला सेवा का कार्य कैसे हो सकता है।
रोशनी यादव ने कहा है कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ता दोनों का आपार समर्थन और स्नेह मेरे साथ है। हजारों कार्यकर्ताओं के साथ मैं दिनांक 24/08/2023 को कांग्रेस ज्वाइन करूंगी। बहुत दुखी मन से आहत होकर मैं भाजपा की सदस्यता त्याग रही हूं। मेरे राजनीतिक सफर में कई अनुभव मुझे भाजपा में रहते मिला जिसके लिए मैं आजीवन आभारी रहूंगी, लेकिन गत कुछ महीनों से शीर्ष नेतृत्व का कार्यकर्ताओं के प्रति निराशा, नीति और नेतृत्व में उदासीनता, महिलाओं के प्रति दिखावटी योजना एवं उनके प्रति बढ़ते अत्याचार को देखकर मैं आहत हूं, भाजपा की सदस्य होकर रोजाना जनता से उठ रहे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई के सवालों का उत्तर देने में असमर्थ हूं। कार्यकर्ता केंद्रित दल अब नेता केन्द्रित है।
गौरतलब है कि रोशनी यादव का पूरा परिवार कांग्रेसी रहा है। रोशनी कांग्रेस के दिग्गज नेता यूपी के पूर्व सीएम और मध्यप्रदेश के राज्यपाल रहे रामनरेश यादव की पुत्र वधु है। इसलिए रोशनी की इसे घर वापसी की तरह देखा जा रहा है।

और क्या लिखा त्याग पत्र में
रोशनी यादव ने अपने त्यागपत्र में यह भी लिखा है कि कुछ वर्षों से महिलाओं के प्रति दिखावटी योजना एवं उनके प्रति बढ़ते अत्याचार को देखकर मैं आहत हूं, भाजपा की सदस्य होकर रोजाना जनता से उठ रहे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई के सवालों का उत्तर देने में असमर्थ हूं। कार्यकर्ता केंद्रित दल अब नेता केंद्रित है। जनता का ना प्रदेश में विश्वास है न केंद्र सरकार पर। रोशनी यादव ने अपने पत्र में लिखा है कि भाजपा सरकार में भाजपा संगठन के ही कार्यकर्ताओं की अनदेखी और उनके साथ द्वैत व्यवहार के कारण प्रदेश में भाजपा की लगातार छवि खराब हो रही है।
बीजेपी कार्यकर्ता जब भी संगठन के उच्च अधिकारियों से या सरकार से मंत्रियों और नेताओं से अपनी समस्या साझा करते हैं तो मंत्री और नेता तथा पदाधिकारी निराकरण तो दूर उनकी बात तक नहीं सुनते। निवाड़ी जिले की जनता लगातार भाजपा शासन में स्वयं को पीड़ित महसूस कर रही है। जनता की पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा है। इसलिए मैं भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और जिला उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे रही हूं।
पहले भी उठाए सवाल
रोशनी यादव ने जून माह में भी अपनी ही पार्टी पर सवाल खड़े कर दिए थे। रोशनी यादव ने कहा था कि निवाड़ी जिले में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। दरअसल, भाजपा नेत्री ने 29 जून को ओरछा आआ रहे बागेश्वर पीठ के संत धीरेंद्र शास्त्री के आगमन को लेकर प्रेस वार्ता में भारी भ्रष्टाचार की बात कही थी।

जून में थी कांग्रेस में जाने की चर्चा
इससे पहले जून माह में भी रोशनी यादव का एक फोटो कमलनाथ के साथ वायरल हो रहा था। दावा किया जा रहा था कि रोशनी यादव जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो जाएंगी। तस्वीरें वायरल होने के बाद रोशनी यादव भी खुद कह चुकी थी कि यदि जनता के हितों और उनकी सेवा के लिए उन्हें निर्दलीय भी चुनाव लड़ना पड़ा तो वे लड़ेंगी। तस्वीरें वायरल होने के बाद रोशनी यादव ने तब अटकलों को विराद देने के लिए यह कह दिया था कि राजनीति में अटकलें लगती रहती हैं। मैं निवाड़ी विधानसभा की बेटी और बहन हूं। पार्टी टिकट नहीं देगी तो मैं निर्दलीय चुनाव लड़ूंगी। कमलनाथ के साथ फोटो वायरल होने पर रोशनी यादव ने कहा था कि कमलनाथ र शिवराज सिंह मेरे पिता तुल्य हैं। दोनों से हमारा पारिवारिक संबंध है।