scriptफव्वारों से बिखरी सतरंगी छटाओं को किया मोबाइलों में कैद | Deeg Mahotsav begins with procession | Patrika News
भरतपुर

फव्वारों से बिखरी सतरंगी छटाओं को किया मोबाइलों में कैद

रंगीन जलधाराओं को देख गदगद लोग, शोभायात्रा के साथ डीग महोत्सव का आगाज, पंजाब- हरियाणा, राजस्थानी लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति

भरतपुरOct 10, 2023 / 11:55 pm

Gyan Prakash Sharma

फव्वारों से बिखरी सतरंगी छटाओं को किया मोबाइलों में कैद

फव्वारों से बिखरी सतरंगी छटाओं को किया मोबाइलों में कैद

डीग. डीग के जलमहलों की वास्तुकला का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से हवेलियों की ओर से किया जाता है जिन्हें भवन कहा जाता है। जलमहलों की नगरी में डीग महोत्सव के आयोजन के समय फव्वारों की रंगीन छटाओं ने लोगों का मन मोह लिया। मंगलवार शाम को विश्व प्रसिद्ध जलमहलों में फव्वारों से निकली रंगीन जलधाराओं ने इंद्रधनुषी छटा बिखेर दी। सैकड़ों फव्वारों से बिखरी सतरंगी छटाओं ने दूरदराज क्षेत्रों से आए दर्शकों को उत्साहित कर दिया।
जैसे ही शाम करीब साढे 4 बजे अलग अलग फव्वारों से जल की रंगीन धाराओं ने अठखेलियां की तो लोग खुशी से झूम उठे। जिसे बड़ी संख्या में दर्शकों ने अपने मोबाइलों में कैद कर सेल्फी ली। कई उत्साही युवक रंगीन फव्वारों की इन्द्रधनुषी छटा के बीच पानी में उतरकर नाचते व पोज बनाकर फोटो खिचवातें देखे गए। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने रंगीन फव्वारों का लुफ्त उठाया।
लोककलाओं ने किया मंत्रमुग्ध

जलमहलों में रंगीन फव्वारों की अठखेलियां और उनसे निकली रंगीन जलधाराओं को देख लोग गद्गद हो उठे। रंगीन फव्वारों के बीच राजस्थानी लोक कलाकारों ने तेरहताली नृत्य, सहरिया नृत्य, कच्छी घोड़ी नृत्य, भपंग वादन, चकरी नृत्य, बहरूपिया, तराजू नृत्य, रिम भवई नृत्य, मयूर नृत्य सहित हरियाणा एवं पंजाब की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रवि कुमार गोयल, पुलिस उप अद्यीक्षक आशीष कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी नीलकमल गुर्जर, तहसीलदार भगवत शरण त्यागी, थाना प्रभारी सुरेश कुमार सोनी, वरिष्ठ संरक्षण सहायक महेन्द्र चौधरी, मोहन ला भगोरा, चरनसिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे।
भव्य शोभायात्रा निकली

दो दिवसीय डीग महोत्सव के आगाज पर मंगलवार को निकली भव्य शोभायात्रा में लोक लहरियों की गूंज एवं उत्सवी रंगरसों के साथ डीग संस्कृति की विलक्षणता और परंपराओं से लोगों को रूबरू कराया। रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर इस भव्य शोभायात्रा को उपनिदेशक पर्यटन विभाग संजय जौहरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा डीग जलमहलों से मुख्य बाजार होते हुए निकली। इसमें मंगल कलश लिए महिलाएं, स्कूली विद्यार्थी, बैंड, बग्गी, राजस्थान एवं अन्य राज्यों के लोक कलाकारों ने भाग लिया। सांय को जग-मग डीग कार्यक्रम के तहत महलों के सरोवर पर हजारों दीपकों से दीपदान किया गया। रात्रि जलमहलों में सांस्कृतिक संध्या श्री राम भारतीय कला केन्द्र नई दिल्ली के कलाकारों ने श्री कृष्ण पर आधारित नृत्य नाटिका का मंचन किया।मूंछ प्रतियोगिता में पुष्पेंद्र सिंह प्रथम
महोत्सव में मंगलवार को विभिन्न प्रतियोगिताएं की गई। कबड्डी प्रतियोगिता में एमजेएफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रथम रहा। वहीं श्रीराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल अऊ ने दूसरा स्थान अर्जित किया। मूंछ प्रतियोगिता में कौंरेर के पुष्पेंद्र सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। राधा कृष्ण पोशाक प्रतियोगिता में किरन कन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की गुंजन गुप्ता और मीमांसा प्रथम स्थान पर रहीं।

Hindi News / Bharatpur / फव्वारों से बिखरी सतरंगी छटाओं को किया मोबाइलों में कैद

ट्रेंडिंग वीडियो