भरतपुर

वेतन उठा रहे सफाई कार्य का और कर रहे बाबूगिरी

-एक बार फिर नया आदेश: अब सफाई छोड़कर किया दूसरा काम तो नहीं मिलेगा वेतन-नगर निगम के काफी सफाई कर्मचारी कर रहे अफसरों के घर चाकरी, गैर वाल्मीकि निगम में ही जमे

भरतपुरAug 10, 2021 / 01:14 pm

Meghshyam Parashar

वेतन उठा रहे सफाई कार्य का और कर रहे बाबूगिरी

भरतपुर. नगर निगम में पिछले लंबे समय से काफी संख्या में ऐसे सफाई कर्मचारी हैं, जो कि वेतन सफाई कार्य का उठा रहे हैं और काम संभाल रहे बाबूगिरी का। इससे जहां सफाई कर्मचारियों की कमी बनी हुई है तो कहीं काम बाधित होता है। अब एक बार फिर नया आदेश आया है कि सफाई कर्मचारियों को अपने मूल पद अनुसार सफाई कार्य ही करना होगा। सफाई के बजाय अन्य कार्यालय कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन रोका जा सकता है। इस संबंध में डीएलबी निदेशक ने आदेश जारी किए हैं। निगम में बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी हैं जो अपने मूल पद का कार्य नहीं कर अन्य कार्य कर रहे हैं। लंबे समय से डीएलबी स्तर पर ऐसे कर्मचारियों की शिकायतें पहुंच रही है। डीएलबी ने अब ऐसे कर्मचारियों का मासिक वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं।
नगर निगम में कार्यरत कई सफाई कर्मचारी अपने मूल पद के कार्य से इतर सहायक कर्मचारी से प्रभारी तक का कार्य कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि निगम के विभिन्न अनुभागों में सहायक कर्मचारी के रूप में सफाई कर्मचारियों को लगा रखा है। वहीं कई कर्मचारी लिपिकीय कार्य में सहयोग कर रहे हैं। घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था के तहत डंपिंग यार्ड में कचरा देखरेख में कई सफाई कर्मचारियों को लगा रखा है। बागवान, खलासी के पदों पर भी सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं। कई कार्यों में प्रभारी की जिम्मेदारी भी सफाई कर्मचारियों को दे रखी है।
हर बार आदेश, लेकिन पालना आज तक नहीं हुई

सफाई कर्मचारियों से उनके मूल पद पर अनुसार सफाई कार्य करवाने को लेकर डीएलबी इससे पहले कई बार आदेश जारी कर चुका है। हर बार डीएलबी के आदेश महज फाइल ही हुए हैं, उन पर निगम स्तर पर पालना सुनिश्चित नहीं की जा रही है। कर्मचारी संगठन भी कई बार निगम स्तर से लेकर डीएलबी तक यह मांग उठा चुके हैं। नगर निगम के अधिकारी आदेश को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। डीएलबी निदेशक दीपक नंदी की ओर से जारी किए गए आदेश में यह बात कही गई है कि निकाय सफाई कर्मचारियों से उनके मूल पद अनुसार कार्य करवाने के आदेशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
सफाई कर्मियों के संगठन उठा चुके हैं मुद्दा

सफाई कर्मचारियों से उनके मूल पद के अनुसार कार्य लिए जाने की मांग लगातार कर रहे हैं। निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। राजस्थान सफाई मजदूर कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष घई के अनुसार कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। डीएलबी को भी इस संबंध में सूचित किया गया है। निगम अधिकारी डीएलबी के आदेशों की पूर्ण पालना नहीं करा रहे हैं।

Hindi News / Bharatpur / वेतन उठा रहे सफाई कार्य का और कर रहे बाबूगिरी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.