बहोरन लाल मौर्य 2022 में भोजीपुरा सीट से समाजवादी पार्टी के शहजिल इस्लाम से चुनाव हार गए थे। इससे पहले वह दो बार भोजीपुरा से विधायक रह चुके हैं। अब उनके एमएलसी बनने के बाद भोजीपुरा विधानसभा सीट पर भाजपा का नया दावेदार होगा। अब देखना है कि भाजपा भोजीपुरा से मौर्य प्रत्याशी को ही मैदान में उतारेगी या कुर्मी नेताओं को भोजीपुरा विधानसभा से मौका दिया जाएगा। भोजीपुरा विधानसभा से ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल, प्रशांत पटेल समेत कई दावेदार रहे हैं।
मौर्य वोटो को साधने के लिए भाजपा ने ब्रज के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य को बदायूं से चुनाव लड़ाया था। लेकिन वह चुनाव जीत नहीं पाए। स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफा के बाद भाजपा मौर्य नेताओं को मजबूत करने की तैयारी में है। इसी दौरान आंवला से सपा ने नीरज मौर्य को प्रत्याशी बनाकर भाजपा से सीट झटक ली थी। इसके बाद से भाजपा किसी मौर्य चेहरे को आगे बढ़ाने की तैयारी में थी। इसी को ध्यान में रखते हुए 1996 और 2017 में भाजपा के टिकट पर विधायक बने बहोरन लाल मौर्य को एमएलसी बनाया जा रहा है। उनका निर्विरोध एमएलसी बनना तय है। इसके बाद उन्हें मंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है। स्वामी प्रसाद मौर्य और जितिन प्रसाद दोनों उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री थे। उनके इस्तीफे के बाद अब बरेली से किसी मौर्य नेता को मंत्री बनाने की भी तैयारी शुरू हो गई है।