बरेली

धनतेरस, दीपावली के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था: 46 पटाखा दुकानों को लाइसेंस जारी, मिलेगी निर्बाध बिजली

धनतेरस और दीपावली पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए डीएम रविन्द्र कुमार ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की।

बरेलीOct 26, 2024 / 05:51 pm

Avanish Pandey

बरेली। धनतेरस और दीपावली पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए डीएम रविन्द्र कुमार ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, और अग्निशमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने दिया निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश

डीएम ने विद्युत विभाग को दीपावली के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आग जैसी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहने को कहा। नगर निगम को सभी इलाकों में विशेष सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, और गांवों में भी दीपावली के मद्देनजर सफाई अभियान चलाने को कहा गया है। साथ ही, गोवर्धन पूजा पर गौशालाओं में साफ-सफाई और ठंड से बचाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

पटाखों की दुकानों के लिए कड़े नियम

दीपावली के बाद मीरगंज और शेरगढ़ में आयोजित मेले और शोभायात्राओं के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को क्षेत्रों का निरीक्षण करने को कहा गया है। रॉकेट आदि चलाते समय यह ध्यान रखने के लिए भी निर्देश दिए गए कि इससे किसी के घर को नुकसान न पहुंचे। अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि जिले में 46 स्थायी और अस्थायी पटाखा दुकानों को लाइसेंस जारी किया गया है। पटाखों की बिक्री के लिए सभी मानकों का सख्ती से पालन होगा और पटाखों की दुकानों को विशेष रूप से चिन्हित स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात व्यवस्था

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जिले में 43 एम्बुलेंस (108 सेवा) उपलब्ध रहेंगी, जो किसी भी आपात स्थिति में काम करेंगी। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयों और डॉक्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक यातायात ने जानकारी दी कि धनतेरस से दीपावली तक ट्रैफिक रूट निर्धारित किए जाएंगे, और खास मार्गों पर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजीव कुमार शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, एसपी ट्रैफिक, एसीएम, और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Hindi News / Bareilly / धनतेरस, दीपावली के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था: 46 पटाखा दुकानों को लाइसेंस जारी, मिलेगी निर्बाध बिजली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.