बरेली

दीपावली पर मेयर ने दी जनता को चौपुला-अटल पुल की सौगात, आगरा, मथुरा और बदायूं का सफर हुआ आसान

दीपावली पर शहर के लोगों को मेयर डा. उमेश गौतम ने बड़ी सौगात दी है। जाम से जूझ रहे लोगों को चौपला पुल को अटल सेतु से जोड़ने वाली कनेक्टिंग लेन का मेयर ने शुक्रवार शाम को उदघाटन किया।

बरेलीOct 25, 2024 / 07:04 pm

Avanish Pandey

बरेली। दीपावली पर शहर के लोगों को मेयर डा. उमेश गौतम ने बड़ी सौगात दी है। जाम से जूझ रहे लोगों को चौपला पुल को अटल सेतु से जोड़ने वाली कनेक्टिंग लेन का मेयर ने शुक्रवार शाम को उदघाटन किया। जेसीबी के जरिये पत्थरों को हटवाकर पुल जनता के आवागमन के लिये समर्पित कर दिया गया। उदघाटन होने के बाद अब आगरा, मथुरा और बदायूं जाने वाले लोगों को चौपुला पुल के नीचे लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। चौपला पुल से बदायूं रोड पर रहने वाले लोगों और आने जाने वालों के लिये वरदान साबित होगा।

शाम को पुल पर दौड़ने लगे वाहन, मेयर का किया धन्यवाद

पुल के शुरू होने से रामपुर, शाहजहांपुर और पीलीभीत सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले हर दिन करीब 5,000 से अधिक वाहन अब अटल सेतु के जरिये चौपुला पुल के रास्ते सीधे बदायूं रोड जा सकेंगे। शुक्रवार को पार्टी समर्थकों के साथ मेयर डा. उमेश गौतम चौपला पुल पर पहुंचे। वहां पहले से जेसीबी खड़ी हुई थी। जेसीबी से पत्थरों को हटाया गया। इसके बाद लोग नये पुल पर फर्राटा भरने लगे। गाड़ियां पुल पर रफ्तार भरने लगीं। इस दौरान पार्टी समर्थकों ने मेयर उमेश गौतम जिंदाबाद के नारे लगाये। दीपावली पर पुल की सौगात देने के लिये लोगों ने मेयर का आभार जताया।

74 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है पुल

2018 में स्वीकृत 1,056 मीटर लंबे चौपुला पुल के लिए सरकार ने अतिरिक्त 15 करोड़ के बजट का प्रस्ताव भी 2022 में भेजा था। 74 करोड़ के रिवाइज्ड एस्टीमेट के तहत मंजूर किया गया। गुरुवार को सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो गया। सेतु निगम के अधिकारियों ने ट्रायल के लिए वाहनों को पुल पर चलने की अनुमति दी। शुक्रवार को मेयर ने पुल का उद्घाटन कर उसे जनता को समर्पित कर दिया। अब इस पर नियमित आवागमन शुरू हो गया है। बदायूं रोड की ओर जाने वाले लोगों में इस पुल के खुलने से खुशी की लहर देखी गई। 2018-19 में जाम की समस्या हल करने के लिए 760 मीटर तीन लेन और 296 मीटर दो लेन पुल निर्माण की योजना बनाई गई थी। अब शहर के यातायात में सुधार लाने के इस प्रयास से लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी।

उदघाटन के साक्षी बने पार्षद और शहर के तमाम लोग

शुक्रवार को अटल सेतु को चौपला बदायूं रोड से जोड़ने का कार्य महापौर डॉक्टर उमेश गौतम ने किया। उनके साथ में उपसभापति सर्वेश रस्तोगी, व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र मौर्य, पूर्व पार्षद राजू मिश्रा, नीरज रस्तोगी, संजू गुप्ता, पार्षद नरेंद्र सिंह, पूर्व पार्षद अजय चौहान, मुनेंद्र यादव, अजीत शर्मा समेत भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

संबंधित विषय:

Hindi News / Bareilly / दीपावली पर मेयर ने दी जनता को चौपुला-अटल पुल की सौगात, आगरा, मथुरा और बदायूं का सफर हुआ आसान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.