बरेली

बरेली में दो महिलाओं की चेन लूटी, बदमाशों ने बाइक पर की वारदात

सुरेश शर्मा नगर और प्रेमनगर में बाइक सवार बदमाशों ने दो वृद्ध महिलाओं की चेन लूटकर फरार हो गए।

बरेलीOct 24, 2024 / 10:37 pm

Avanish Pandey

बरेली। सुरेश शर्मा नगर और प्रेमनगर में बाइक सवार बदमाशों ने दो वृद्ध महिलाओं की चेन लूटकर फरार हो गए। एक घटना में बदमाशों ने तमंचे के बल पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।

पल्सर सवार बदमाशों ने की लूट

पहली घटना सुरेश शर्मा नगर की है, जहां अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार सिंह की मां ऊषा सिंह बुधवार सुबह करीब सवा सात बजे अपने घर के दरवाजे पर कड़ी पत्ता तोड़ रही थीं। तभी काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने ऊषा सिंह पर तमंचा तानकर उनकी चेन लूट ली। उनकी चीख सुनकर शैलेंद्र ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी तमंचा तान दिया और कॉलोनी के गेट की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शैलेंद्र की शिकायत पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।

प्रेमनगर में हुई चेन लूट की वारदात

दूसरी घटना प्रेमनगर की है, जहां नेहरू पार्क कॉलोनी निवासी रोहित अग्रवाल की मां साजना अग्रवाल के साथ लूट की वारदात हुई। रोहित ने बताया कि बुधवार शाम करीब पौने सात बजे उनकी मां सब्जी खरीदने के लिए ठेले पर गई थीं। वहां से लौटते समय बाइक पर सवार दो बदमाश उनकी चेन छीनकर फरार हो गए। इस घटना की शिकायत प्रेमनगर थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस इन दोनों घटनाओं में शामिल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Hindi News / Bareilly / बरेली में दो महिलाओं की चेन लूटी, बदमाशों ने बाइक पर की वारदात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.